दीपावली पर जयपुर जाने से पहले जान लें ट्रैफिक प्लान: 6 से 9 नवंबर तक कई रास्ते बंद!
दीपावली पर जयपुर के बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने 6 से 9 नवंबर तक विशेष यातायात प्लान लागू किया है. शाम 6 बजे बाद परकोटे में कई रास्तों पर वाहनों की एंट्री बंद रहेगी, जबकि कुछ बाजारों को नो व्हीकल जोन बनाया जाएगा. ई-रिक्शा, ऑटो और बसों के संचालन पर भी प्रतिबंध रहेगा. साथ ही ट्रैफिक डायवर्जन लागू होगा.
दीपावली पर जयपुर शहर के बाजारों में रोशनी देखने और खरीदारी करने उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है. धनतेरस, रूप चतुर्दशी, दीपावली और गोवर्धन पूजा के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों और पर्यटन स्थलों पर यातायात सुगम बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा.
यातायात पुलिस के अनुसार 6 नवंबर से 9 नवंबर 2026 तक शाम 6 बजे बाद परकोटा क्षेत्र में विशेष यातायात व्यवस्था लागू होगी. इस दौरान कई बाजारों में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. वहीं, रोशनी देखने आने वाले लोगों के लिए प्रवेश, निकास और पार्किंग के अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं.
परकोटे में प्रवेश और निकास के लिए निर्धारित किए मार्ग
दीपावली पर परकोटे में रोशनी देखने आने वाले हल्के वाहनों के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास मार्ग तय किए गए हैं.
चांदपोल गेट प्रवेश-चांदपोल गेट से प्रवेश चांदपोल बाजार से छोटी चौपड़ पहुंचकर त्रिपोलिया बाजार रोड, चौड़ा रास्ता और न्यूगेट होते हुए रामनिवास बाग और मान प्रकाश स्लिप लेन से टोंक रोड और जेएलएन मार्ग की तरफ जा सकेंगे.
अजमेरी गेट से प्रवेश-किशनपोल बाजार में दाहिनी तरफ से छोटी चौपड़ पहुंचकर त्रिपोलिया बाजार, चौड़ा रास्ता और न्यूगेट होकर रामनिवास बाग और टोंक रोड की तरफ निकल सकेंगे.
सांगानेरी गेट से प्रवेश-जौहरी बाजार, बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार और चौड़ा रास्ता होकर न्यूगेट से रामनिवास बाग की तरफ जा सकेंगे.
घाटगेट से प्रवेश - घाटगेट बाजार, रामगंज चौपड़, बड़ी चौपड़ और त्रिपोलिया बाजार होकर चौड़ा रास्ता और न्यूगेट की तरफ जा सकेंगे. वाहन चार दरवाजा और सूरजपोल गेट की तरफ भी निकल सकेंगे.
परकोटे में इन रास्तों पर रहेगा प्रतिबंध
दीपावली के दौरान परकोटे में भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए कई मार्गों पर वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा.
छोटी चौपड़ से संजय सर्किल, अजमेरी गेट और चौगान चौराहा की तरफ यातायात प्रतिबंधित.
चौगान चौराहा से छोटी चौपड़ की तरफ वाहन नहीं आ सकेंगे.
त्रिपोलिया गेट से छोटी चौपड़ और बड़ी चौपड़ की तरफ यातायात प्रतिबंधित.
न्यूगेट चौराहा से त्रिपोलिया गेट की तरफ वाहनों का संचालन बंद रहेगा.
बड़ी चौपड़ से सांगानेरी गेट और रामगंज चौपड़ की तरफ यातायात प्रतिबंधित.
सुभाष चौक से बड़ी चौपड़ की तरफ वाहन नहीं आ सकेंगे.
गुरुद्वारा मोड़ और घाटगेट से मिनर्वा सर्किल की तरफ यातायात प्रतिबंधित.
मिनर्वा सर्किल से एमडी रोड और धर्मसिंह सर्किल की तरफ जाने पर रोक.
यादगार से अजमेरी गेट की तरफ यातायात प्रतिबंधित.
त्रिमूर्ति सर्किल से आरोग्य पथ तिराहा और आरोग्य पथ तिराहा से रामनिवास बाग की तरफ यातायात प्रतिबंधित.
पृथ्वीराज टी-पॉइंट से एसएमएस अस्पताल की तरफ यातायात प्रतिबंधित.
अशोका टी-पॉइंट से यादगार की तरफ जाने पर रोक.
सेंट जेवियर चौराहा और न्यू कॉलोनी चौराहा से पांच बत्ती की तरफ यातायात प्रतिबंधित.
मुख्य मार्गों पर गलियों से आने वाले वाहनों को यातायात के प्रवाह की दिशा में ही संचालित किया जाएगा.
यह भी पढ़ेंः दिवाली पर जयपुर मेट्रो को लेकर बड़ा फैसला: रात 12 बजे तक चलाने की तैयारी!
परकोटे में नो व्हीकल जोन
दीपावली के दौरान परकोटे के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नो व्हीकल जोन लागू रहेगा.
रामनिवास बाग चौराहा से सांगानेरी गेट के मध्य, भूमिगत पार्किंग गेट को छोड़कर.
यादगार तिराहा से रामनिवास बाग चौराहा के मध्य एक तरफ.
बापू बाजार, नेहरू बाजार, इंदिरा बाजार और संजय बाजार.
बांदरवाल गेट से बड़ी चौपड़ के बीच.
छोटी चौपड़ से सार्दुल सिंह की नाल तक गणगौरी बाजार.
घोड़ा सर्किल से एमजीडी गेट रामनिवास बाग तक.
इन बाजारा में 'नो पार्किंग'
दीपावली पर जौहरी बाजार, हवामहल बाजार, रामगंज बाजार, त्रिपोलिया बाजार, चौड़ा रास्ता, किशनपोल बाजार, गणगौरी बाजार, चांदपोल बाजार, एमआई रोड, अशोका मार्ग, टोंक रोड, जेएलएन मार्ग, भगवानदास रोड, पृथ्वीराज रोड और संसार चंद्र रोड के मुख्य मार्गों पर पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी.
नो-पार्किंग क्षेत्र और मुख्य मार्गों पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ ड्रोन और कैमरों के माध्यम से चालान की कार्रवाई की जाएगी.
यहां पार्क कर सकेंगे वाहन
झोटवाड़ा रोड और स्टेशन रोड से आने वाले वाहन चांदपोल अनाज मंडी और चांदपोल मेट्रो स्टेशन पार्किंग में खड़े कर सकेंगे. माउंट रोड, ब्रह्मपुरी और चौगान की तरफ से आने वाले वाहन चौगान स्टेडियम में पार्क कर सकेंगे. सीकर रोड, अजमेर रोड और मानसरोवर की तरफ से आने वाले वाहन रामनिवास बाग भूमिगत पार्किंग का उपयोग कर सकेंगे.
टोंक रोड, जेएलएन मार्ग और गोविंद मार्ग से आने वाले वाहन धर्मसिंह सर्किल, एमडी रोड और सांगानेरी गेट होकर रामनिवास बाग भूमिगत पार्किंग पहुंच सकेंगे.
परकोटे के निवासी 6 से 9 नवंबर तक अपने वाहन रामनिवास बाग स्थित जेडीए पार्किंग और रामलीला मैदान में पार्क कर सकेंगे. आमजन की सुविधा के लिए यातायात पुलिस ने क्यूआर कोड जारी किया है. इसे स्कैन कर पार्किंग की उपलब्धता और यातायात की स्थिति की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान में दिवाली पर बरसेगा धन: बाजारों में आएगा 90 हजार करोड़ रुपये का बंपर कारोबार!
पैदल दर्शकों के लिए भी तय किए गए मार्ग
रोशनी देखने आने वाले पैदल दर्शकों के लिए भी अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं.
चांदपोल गेट से छोटी चौपड़ तक रोड मीडियन के दाहिनी तरफ.
छोटी चौपड़ से बड़ी चौपड़ तक रोड मीडियन के बाईं तरफ.
बड़ी चौपड़ से रामगंज चौपड़ तक रोड मीडियन के बाईं तरफ.
अजमेरी गेट से छोटी चौपड़ तक रोड मीडियन के बाईं तरफ.
सांगानेरी गेट से बड़ी चौपड़ तक रोड मीडियन के बाईं तरफ.
ई-रिक्शा और मालवाहक वाहनों पर प्रतिबंध
6 से 9 नवंबर तक परकोटा, संसार चंद्र रोड, एमआई रोड, अशोका मार्ग, यादगार तिराहा से रामबाग चौराहा और एमडी रोड पर ई-रिक्शा, ई-ऑटो और ऑटो रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित रहेगा. हालांकि, यातायात पुलिस द्वारा जारी क्यूआर कोड से अनुमति प्राप्त ई-रिक्शा संचालित हो सकेंगे.
हल्के मालवाहक वाहनों के संचालन के लिए भी समय निर्धारित किया गया है. 6 और 7 नवंबर को शाम 4 बजे तक हल्के मालवाहक वाहनों को संचालन की अनुमति होगी. इसके बाद प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा.
8 और 9 नवंबर को शाम 4 बजे तक केवल तिपहिया हल्के मालवाहक वाहनों को संचालन की अनुमति होगी. इसके बाद प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. परकोटा क्षेत्र में पर्यटक और सार्वजनिक परिवहन की बसों का संचालन 6 से 9 नवंबर तक शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा.
यह भी पढ़ेंः 4 करोड़ के चांदी के सिक्के खरीदकर फंसा कॉन्फेड! पटाखों पर 70% छूट का ऑफर
गौरव टावर और मालवीय नगर में ट्रैफिक प्लान
दीपावली पर गौरव टावर के आसपास भी यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. जवाहर सर्किल और जयपुरिया अस्पताल रोड से सेक्टर-10 मालवीय नगर जाने वाले वाहन मालवीय नगर फ्लाईओवर के नीचे से रेलवे लाइन के पास-पास पूर्णिमा रोड का उपयोग कर सकेंगे. सेक्टर-10 मालवीय नगर से आने वाला सामान्य यातायात भी पूर्णिमा रोड से मालवीय नगर फ्लाईओवर के दोनों तरफ के मार्गों का उपयोग कर जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर जा सकेगा.
गौरव टावर के सामने से सेक्टर-10 मालवीय नगर की तरफ यातायात संचालित हो सकेगा, लेकिन सेक्टर-10 से गौरव टावर के सामने होकर जेएलएन मार्ग की तरफ जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. जयपुर स्टॉक एक्सचेंज, क्रिस्टल कोर्ट मॉल, गौरव टावर और जीटी मॉल के मध्य मार्ग पर भी यातायात प्रतिबंधित रहेगा. सेक्टर-9 और वर्ल्ड ट्रेड पार्क के पीछे वाले मार्ग से गौरव टावर की तरफ आने वाले वाहनों पर भी प्रतिबंध रहेगा. मुख्य मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग निषेध रहेगी.
राजापार्क में भी वन-वे रहेगा
राजापार्क क्षेत्र में दीपावली पर यातायात सुगम रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. गोविंद मार्ग से परनामी मंदिर चौराहा होकर आर्य समाज रोड और पंचवटी सर्किल की तरफ वाहन जा सकेंगे. पंचवटी सर्किल से आर्य समाज रोड होकर परनामी मंदिर चौराहा से गोविंद मार्ग की तरफ यातायात प्रतिबंधित रहेगा.
शिवानंद मार्ग और गुरुनानकपुरा रोड से यातायात परनामी मंदिर चौराहा होकर गोविंद मार्ग की तरफ नहीं जा सकेगा. व्यास मार्ग से आगे एलबीएस मार्ग होकर गोविंद मार्ग की तरफ वाहन आ सकेंगे, जबकि गोविंद मार्ग से एलबीएस मार्ग की तरफ यातायात प्रतिबंधित रहेगा. गोविंद मार्ग से रमाडा होटल के पास वाली गली से पंचवटी सर्किल की तरफ वाहन जा सकेंगे.
यह भी पढ़ेंः धनतेरस से पहले चांदी के भाव में फिर आई गिरावट: 3 हजार रुपये सस्ती हुई चांदी, जानें ताजा भाव
वैशाली नगर और मानसरोवर में व्यवस्था
वैशाली नगर और आम्रपाली बाजारों में रोशनी देखने आने वाले वाहन चालक अमर जैन अस्पताल, नेशनल हैंडलूम के पास जेडीए पार्किंग और गांधी पथ स्थित यादव फार्म की खाली जमीन पर वाहन पार्क कर सकेंगे. मानसरोवर क्षेत्र में मध्यम मार्ग पर यातायात सुगम रखने के लिए मिनी बस और लो-फ्लोर बसों को आवश्यकतानुसार भृगु पथ और एसएफएस चौराहा से डायवर्ट कर समानांतर मार्गों पर संचालित किया जाएगा.
दीपावली पर देर रात तक चलेगी जयपुर मेट्रो
आमजन की सुविधा के लिए दीपावली पर्व के दौरान जयपुर मेट्रो का संचालन देर रात तक किया जाएगा.झोटवाड़ा रोड और स्टेशन रोड से आने वाले लोगों को चांदपोल अनाज मंडी में वाहन पार्क कर मेट्रो का उपयोग करने की अपील की गई है. सीकर रोड, अजमेर रोड और मानसरोवर की तरफ से आने वाले लोग नजदीकी मेट्रो स्टेशन की पार्किंग में वाहन खड़े कर मेट्रो के जरिए परकोटा क्षेत्र में रोशनी देखने पहुंच सकेंगे. जयपुर यातायात पुलिस ने आमजन की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं.