जयपुर दिवाली ट्रैफिक अपडेट: किस रूट से आने वाले वाहनों को कहां मिलेगी जगह? जानिए रामनिवास बाग से लेकर चौगान स्टेडियम तक का पूरा प्लान!
दिवाली पर जयपुर में 6 से 9 नवंबर तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी. पुलिस ने पार्किंग प्लान, QR कोड, हेल्पलाइन और देर रात तक मेट्रो संचालन की जानकारी जारी की है.
जयपुर. दिवाली पर बाजारों और परकोटे में भीड़ रहेगी. धनतेरस से गोवर्धन पूजा तक बाजारों में भारी भीड़ को देखते हुए जयपुर शहर यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है. यह प्लान 6 से 9 नवंबर तक लागू रहेगा. पुलिस ने लोगों से घर से निकलने से पहले पार्किंग और ट्रैफिक की जानकारी लेने की अपील की है.
QR कोड और वेबसाइट से मिलेगी जानकारी
यातायात पुलिस ने पार्किंग की उपलब्धता और ट्रैफिक की स्थिति जानने के लिए QR कोड और विशेष वेबलिंक जारी किया है. QR कोड स्कैन करके या https://diwali.jaipurtrafficpolice.in पर जाकर लोग जरूरी जानकारी ले सकते हैं. इससे बाजार पहुंचने से पहले पार्किंग की जगह चुनना आसान होगा.
अलग-अलग रास्तों से आने वालों के लिए पार्किंग
झोटवाड़ा रोड और स्टेशन रोड से आने वाले वाहन चांदपोल अनाज मंडी और मेट्रो स्टेशन पार्किंग में खड़े किए जा सकेंगे. माउंट रोड, ब्रह्मपुरी और चौगान की ओर से आने वालों के लिए चौगान स्टेडियम में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी.
सीकर रोड, अजमेर रोड और मानसरोवर से आने वाले वाहन रामनिवास बाग की भूमिगत पार्किंग में खड़े हो सकेंगे. टोंक रोड, जवाहरलाल नेहरू मार्ग और गोविंद मार्ग से आने वालों के लिए भी यही पार्किंग तय की गई है. परकोटे के निवासी 6 से 9 नवंबर तक रामनिवास बाग की जेडीए पार्किंग और रामलीला मैदान में वाहन खड़े कर सकेंगे.
यह भी पढे़ं- स्वाद पर कोई पहरा नहीं! बाड़मेर के इस चूल्हे पर 1947 की यादें ताजा कर रहा है 'पारदर्शी' हलवा
नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने पर कार्रवाई
परकोटे में पार्किंग की जगह सीमित है. इसलिए पुलिस ने रामनिवास बाग भूमिगत पार्किंग का अधिकतम उपयोग करने की अपील की है. मुख्य मार्गों और नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़े करने पर कार्रवाई होगी. ऐसे वाहनों की निगरानी ड्रोन और कैमरों से की जाएगी.
देर रात तक चलेगी जयपुर मेट्रो
दीपावली पर जयपुर मेट्रो देर रात तक संचालित होगी. परकोटे में रोशनी देखने जाने वाले लोगों से मेट्रो का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की गई है, ताकि सड़कों पर वाहनों का दबाव कम हो.
हेल्पलाइन नंबर भी जारी
यातायात संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1095, 2565630 और 2561256 जारी किए गए हैं. व्हाट्सएप हेल्प डेस्क नंबर 8764866972 पर मदद मिलेगी. पुलिस के अनुसार, दिवाली पर एंबुलेंस और आपातकालीन वाहनों का आवागमन निर्बाध रहेगा. लोगों से अपील है कि वे ट्रैफिक अपडेट के लिए वेबसाइट देखें, तय पार्किंग में ही वाहन खड़े करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें.