जयपुर में साइबर ठगों का जाल: मोबाइल हैक कर लाखों निकाले, मैरिज साइट और OLX पर भी लोगों को बनाया शिकार
जयपुर में पिछले 24 घंटे के दौरान साइबर ठगी के कई मामले सामने आए हैं. श्याम नगर में 78 वर्षीय बुजुर्ग के बैंक खाते से 60 लाख रुपए निकालने का मामला दर्ज हुआ है. वहीं पेंशन कार्ड बनवाने, OLX पर सामान बेचने, मैरिज डॉट कॉम के जरिए संपर्क करने और मोबाइल हैकिंग से लाखों रुपए की ठगी के आरोप लगे हैं.
राजस्थान की राजधानी जयपुर साइबर ठगों के जाल में है. हर रोज जयपुर में साइबर ठगी की वारदातें हो रही हैं. पिछले 24 घंटे में साइबर ठगी की अलग-अलग वारदातें सामने आई हैं. कहीं मोबाइल हैक कर बैंक खाते से रकम निकाल ली गई, तो कहीं OLX और मैरिज डॉट कॉम के जरिए लोगों को झांसे में लेकर लाखों रुपये ठग लिए गए. विदेश भेजने और वरिष्ठ नागरिक पेंशन कार्ड बनवाने के नाम पर भी धोखाधड़ी के मामले सामने आए हैं. पुलिस ने सभी मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
श्याम नगर में खाते से 60 लाख रुपए पार
श्याम नगर थाना इलाके के शिव शक्ति नगर निवासी 78 वर्षीय मंगला दीक्षित के बैंक खाते से 60 लाख रुपए निकालने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि उनकी बिना जानकारी के खाते से 60 लाख रुपए का ट्रांजेक्शन हो गया. पीड़िता के खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने के मामले में पुलिस जांच कर रही है.
झोटवाड़ा में पेंशन कार्ड के नाम पर 2.70 लाख की ठगी
झोटवाड़ा इलाके में वरिष्ठ नागरिक पेंशन कार्ड बनाने के नाम पर ठगी की गई. दीप नगर निवासी 67 वर्षीय महेंद्र सिंह हाड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी ने पेंशन कार्ड बनाने के नाम पर उनके खाते से 2 लाख 70 हजार रुपये निकाल लिए. इसी इलाके में अवधपुरी निवासी सुभाष बिजारणिया के साथ भी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. आरोप है कि गलत पहचान बताकर उन्हें झांसे में लिया गया और उनके खाते से 1 लाख 18 हजार 800 रुपये की रकम निकाल ली गई.
यह भी पढ़ें- 65 हजार रुपए की रिश्वत लेते BDO और कनिष्ठ सहायक गिरफ्तार: आवास पर तलाश जारी
OLX और मैरिज डॉट कॉम के नाम पर ठगी
बजाज नगर थाना इलाके में OLX पर सामान बेचने के नाम पर 1 लाख 27 हजार 216 रुपये की साइबर ठगी की गई. टोंक रोड स्थित न्यू लाइट कॉलोनी निवासी अनुपमा माहेश्वरी के मामले में पुलिस जांच कर रही है. वहीं मैरिज डॉट कॉम पर संपर्क करना एक महिला को भारी पड़ गया. महावीर कैंसर हॉस्पिटल में काम करने वाली मंजू ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी ने झांसे में लेकर उनसे 1 लाख 69 हजार 100 रुपए ट्रांसफर करवा लिए.
मोबाइल हैक कर खातों से निकाले लाखों रुपए
मालवीय नगर निवासी अरिंदम मिश्र का मोबाइल फोन हैक कर ऑनलाइन दो ट्रांजेक्शन के जरिए एक लाख 98 हजार रुपए निकालने का मामला सामने आया है. घटना झोटवाड़ा थाना इलाके में चौमूं पुलिया के आसपास की बताई जा रही है. बैनाड़ रोड स्थित रमनपुरी निर्मल विहार निवासी सचिन सिंह के साथ भी ऑनलाइन ठगी हुई. आरोप है कि 27 अक्टूबर की शाम उनका मोबाइल फोन हैक कर अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए खाते से 3 लाख 14 हजार 594 रुपये निकाल लिए गए.
कनाडा भेजने के नाम पर 5.38 लाख की ठगी
झोटवाड़ा इलाके में विदेश भेजने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है. रानी कॉलोनी निवासी महावीर प्रसाद ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि कनाडा भेजने के नाम पर उनसे 5 लाख 38 हजार 750 रुपये ठग लिए गए. इसके अलावा जर्मनी भेजने के नाम पर एक लाख रुपये की ठगी का मामला भी सामने आया है. आरोप है कि आकिल खान आशिफ मोहम्मद ने जर्मनी भेजने के नाम पर एक लाख रुपए की ठगी कर ली. विनोद गुर्जर ने श्याम नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई.
यह भी पढ़ें- 35 मिनट में 5 करोड़ की चोरी: 3000 KM दूर बिहार से पकड़े गए आरोपी, राडो घड़ी शोरूम में चोरी का ऐसे हुआ खुलासा
बैंक खातों से 3 लाख रुपये निकाले
शांति नगर गुर्जर की थड़ी निवासी राम कुमार सिंह के दो बैंक खातों से 3 लाख 9 हजार 510 रुपए निकालने का मामला सामने आया है. मानसरोवर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है.
क्रेडिट कार्ड से फ्रॉड का मामला
मालवीय नगर इलाके में मोहम्मद आपेश मिढा के क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है. मूलत: पश्चिम बंगाल निवासी आपेश एमएनआईटी कैम्पस में रहते हैं.
साइबर फ्रॉड और क्रिप्टो रकम ट्रांसफर कराने का आरोप
वैशाली नगर थाने के उपनिरीक्षक मोहित सिंह ने ऑनलाइन साइबर ठगी का मामला दर्ज कराया है. विकास ढाका पर आरोप है कि वह लोगों को बहला-फुसलाकर साइबर फ्रॉड से जुड़ी रकम और क्रिप्टोकरेंसी की राशि उनके बैंक खातों में ट्रांसफर करवाकर धोखाधड़ी कर रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.