App

20 रुपये की पेटीज पड़ी 20 लाख में! जयपुर में व्यापारी की लापरवाही और खाली हो गया बैग

जयपुर के नाहरगढ़ थाना इलाके में 20 रुपये की पेटीज खाते समय व्यापारी के कलेक्शन एजेंट से 20 लाख रुपये की लूट हो गई. स्कूटी पर रखा रुपयों से भरा बैग हेलमेट पहने दो बदमाश झपटकर फरार हो गए. व्यापारी और राहगीरों ने पीछा किया, लेकिन आरोपी भाग निकले.

20 रुपये की पेटीज पड़ी 20 लाख में! जयपुर में व्यापारी की लापरवाही और खाली हो गया बैग
Image Credit: CCTV में कैद हुई वारदात

जयपुर में महज 20 रुपए की पेटीज खाना व्यापारियों के कलेक्शन एजेट को इतना महंगा पड़ गया कि उसे 20 लाख रुपये से हाथ धोना पड़ा. नाहरगढ़ थाना इलाके में स्कूटी पर बैठकर पेटीज खा रहे व्यापारी की जरा सी लापरवाही का फायदा उठाकर हेलमेट पहने दो बदमाश रुपयों से भरा बैग झपटकर फरार हो गए. 

वारदात के बाद व्यापारी और राहगीरों ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन आरोपी गलियों में चकमा देकर ओझल हो गए. घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है.

स्कूटी पर रखा 20 लाख का बैग, बदमाशों ने मारा झपट्टा
नारगढ़ थाना पुलिस के अनुसार पीड़ित चंपालाल माणक चौक से लेकर नाहरगढ़ थाना इलाके तक व्यापारियों से रुपयों के कलेक्शन का काम करता है. वह अपने साथी के साथ सीकर हाउस से कलेक्शन कलेक्ट कर स्कूटी से नाहरगढ़ इलाके में आया था.

इस दौरान दोनों जयलाल मुंशी का रास्ता और गोविंद राव जी का रास्ता  के बीच में एक गली में व्यापारी से कलेक्शन लेने के लिए रुक गए. चंपालाल का साथी कलेक्शन लेने चला गया, जबकि वह स्कूटी पर बैठकर साथ लाई हुई पेटीज खाने लगा.

इस दौरान चंपालाल ने 20 लाख रुपये से भरा बैग स्कूटी के आगे रख दिया. चंपालाल  पेटीज खाने में व्यस्त था, तभी स्कूटी पर सवार हेलमेट पहने दो बदमाश उसके पास पहुंचे. इससे पहले कि व्यापारी कुछ समझ पाता, बदमाश बैग पर झपट्टा मारकर फरार हो गए.

Jaipur

व्यापारी ने किया पीछा, राहगीर भी दौड़े
बैग लूटकर भागते बदमाशों को देखकर चंपा लाल ने शोर मचाया और अपनी स्कूटी से उनका पीछा शुरू कर दिया. आसपास मौजूद कुछ राहगीर भी बदमाशों के पीछे दौड़े, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से गलियों में घुस गए और चकमा देकर आंखों से ओझल हो गए. काफी प्रयास के बावजूद बदमाश हाथ नहीं आए.

CCTV में कैद हुई वारदात, पुलिस खंगाल रही फुटेज
वारदात के बाद पीड़ित व्यापारी चंपालाल ने नाहरगढ़ थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज करवाई. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. पुलिस अब फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है.

20 रुपये की पेटीज और 20 लाख का नुकसान 
इस वारदात ने एक बार फिर चलते-फिरते कारोबारियों की रकम की सुरक्षा और नकदी लेकर चलने के दौरान सतर्कता बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है. फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती हेलमेट पहने दोनों बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करना और लूटी गई 20 लाख रुपये की रकम बरामद करना है. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vishnu Prakash Sharma

Vishnu Prakash Sharma

जी राजस्थान में सीनियर कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत विष्णु प्रकाश शर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 30 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे BJP, तीसरा मोर्चा,  RSS सहित अन्य राजनीतिक विषय या गृह, वित्त और क्राइम से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे बीजेपी संगठन में किसी भी हलचल की या फिर पार्टी के वीवीआईपी दौरों से लेकर कानून व्यवस्था से जुड़ी खबरों की, विष्णु शर्मा सक्रिय रूप से इन सभी की न्यूज कवर कर दर्शकों तक पहुंचाते हैं। राजनीतिक और गृह-पुलिस की खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. राजनीति से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं.  विष्णु प्रकाश शर्मा जी मीडिया समूह से पहले दैनिक भास्कर में 10 साल, राजस्थान पत्रिका में 12 साल, फर्स्ट इंडिया न्यूज 7 महीने कार्य कर चुके हैं.
Read More