)
राजस्थान में एक बार फिर भीलवाड़ा के कोटडी क्षेत्र के भट्टी कांड की याद ताजा करते हुए उसी तर्ज पर एक बुजुर्ग महिला की हत्या के बाद शव को जलाकर उसके अर्ध जले अवशेष को नदी में बहाने का सनसनी खेज मामला सामने आया है. भीलवाड़ा शहर में 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला कमला देवी काकरिया की हत्या का मामला सामने आया है. महिला 12 अक्टूबर से लापता थी. वह भीमगंज थाना क्षेत्र के वीर सावरकर चौक स्थित अपने निवास से लापता हुई थी. इस संबंध में उनकी पुत्रवधू रीना काकरिया ने भीमगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी.
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू की और इलाके के CCTV फुटेज खंगाले. जांच के दौरान रवि तापड़िया और हीरा सिंधी नाम के दो युवकों को हिरासत में लिया गया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने बुजुर्ग महिला की हत्या करने और शव को जलाने की बात कबूल की.
आरोपियों ने शव के अवशेष कोठारी नदी पर बने पालड़ी पुलिया के पास फेंकने की जानकारी भी दी. इसके बाद CO सिटी सज्जन सिंह और भीमगंज थाना पुलिस मय जाप्ता मौके पर पहुंची. पुलिस ने जेसीबी की मदद से कोठारी नदी से महिला के शव के अवशेष बरामद किए. मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है.
मृतका कमला देवी के वीर सावरकर चौक स्थित भवन के आसपास रहने वाले लोगों के अनुसार, वह आर्थिक रूप से संपन्न थीं और अक्सर करीब 10 से 15 तोले सोने के आभूषण पहने रहती थीं. कमला देवी के एक पुत्र थे, जिनकी करीब चार साल पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी. इससे पहले उनके पति का भी निधन हो चुका था.
स्थानीय लोगों ने बताया कि कमला देवी के पति लेन-देन का काम करते थे और इसी सिलसिले में आरोपियों का उनके घर आना-जाना था. वहीं कमला देवी की पुत्रवधू अपने दोनों बच्चों के साथ अपने पीहर में रहती थीं.