हनुमानगढ़ में सियासी पारा हाई: जमानत मिलते ही गणेशराज बंसल का बड़ा हमला, निकाय चुनाव से गिरफ्तारी तक खोले कई राज
Hanumangarh News: हनुमानगढ़ के निर्दलीय विधायक गणेशराज बंसल को 23 साल पुराने फर्जी पट्टा मामले में पांच दिन बाद SC-ST कोर्ट से जमानत मिली. बाहर आते ही उन्होंने निकाय चुनाव, गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए.
Hanumangarh News: हनुमानगढ़ के निर्दलीय विधायक गणेशराज बंसल को पांच दिन पुलिस और न्यायिक अभिरक्षा में रहने के बाद शनिवार शाम एससी-एसटी कोर्ट से जमानत मिल गई. करीब 23 साल पुराने फर्जी तरीके से दो पट्टे जारी करने के मामले में सीआईडीसीबी ने विधायक को गिरफ्तार किया था. जमानत मिलने के बाद बंसल ने स्थानीय निकाय चुनाव के दौरान हुए घटनाक्रम को लेकर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए.
निकाय चुनाव के बाद दबाव बनाने का आरोप
जमानत के बाद विधायक गणेशराज बंसल ने कहा कि 14 सितंबर को मतगणना के बाद हनुमानगढ़ की जनता ने टीम गणेशराज बंसल और कम्युनिस्ट पार्टी के प्रत्याशियों को बहुमत दिया था. उन्होंने आरोप लगाया कि निर्दलीय बोर्ड के गठन की कोशिश शुरू होने के बाद उन पर लगातार दबाव बनाया गया.
बंसल ने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ मारपीट किए जाने तथा निर्वाचित पार्षदों को उठाकर ले जाने का भी आरोप लगाया. विधायक के अनुसार, पूरे घटनाक्रम में पुलिस प्रशासन ने भी राज्य सरकार का सहयोग किया.
गिरफ्तारी और पुलिस रिमांड पर उठाए सवाल
विधायक ने अपनी गिरफ्तारी की कार्रवाई पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि 19 सितंबर को उन्हें बीकानेर से गिरफ्तार किया गया था. बंसल का आरोप है कि पर्याप्त साक्ष्य नहीं होने के बावजूद उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया.
हालांकि, न्यायालय में पेशी के बाद उन्हें राहत मिली और शनिवार शाम एससी-एसटी कोर्ट ने जमानत दे दी. जमानत मिलने के बाद बंसल ने न्यायपालिका का आभार जताया. उन्होंने कहा कि न्यायपालिका मजबूत रहेगी तो किसी भी सरकार की गलत कार्रवाई की स्थिति में न्याय मिल सकेगा.
समर्थकों का जताया आभार
जमानत के बाद गणेशराज बंसल ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं का भी आभार जताया. उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी के विरोध से लेकर न्यायालय में पेशी तक उनके कार्यकर्ताओं ने उनका साथ दिया.
पंचायत चुनाव को लेकर किया आह्वान
बंसल ने आगामी पंचायत चुनाव को लेकर भी समर्थकों और हनुमानगढ़ की जनता से अपील की. उन्होंने पंचायत चुनाव में टीम गणेशराज बंसल का साथ देने का आह्वान करते हुए दोनों पंचायत समितियों में बोर्ड बनाने और जिला प्रमुख बनाने की बात कही.
23 साल पुराने मामले में जांच जारी
फर्जी तरीके से पट्टे जारी करने के मामले में सीआईडीसीबी की जांच अभी जारी है. इस प्रकरण में विधायक गणेशराज बंसल के साथ उनकी पत्नी, तत्कालीन ईओ भंवरलाल सोनी और भूखंड मालिकों के खिलाफ भी मामला दर्ज है.