SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

किशनगढ़ में मौत का पहिया बना बेकाबू ट्रक: 8 लोगों को रौंदा, पैर कटकर सड़क पर गिरा, 1 की मौत

Rajasthan Road Accident: अजमेर जिले के किशनगढ़ मार्बल एरिया में मकराना चौराहा पुलिया के पास एक बेकाबू ट्रक ने सड़क किनारे सिरोही जाने वाली बस का इंतजार कर रहे लोगों को कुचल दिया. हादसे में आठ लोग घायल हुए, जिनमें उत्तर प्रदेश निवासी राजबहादुर की उपचार के दौरान मौत हो गई. ट्रक करीब 100 मीटर तक लोगों और सड़क किनारे लगे सामान को टक्कर मारने के बाद पेड़ में जा घुसा. घायलों को राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से कई लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया. हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश कर रही है.

Written By Ansh Raj
Published: Oct 09, 2026, 07:23 AM IST | Updated: Oct 09, 2026, 07:25 AM IST
Image Credit: Ai Generated
Join

Kishangarh Road Accident: राजस्थान के किशनगढ़ में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. मार्बल एरिया स्थित मकराना चौराहा पुलिया बालाजी मंदिर के पास एक बेकाबू ट्रक सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे लोगों के बीच जा घुसा. ट्रक की चपेट में आने से आठ लोग घायल हो गए. उपचार के दौरान उत्तर प्रदेश निवासी राजबहादुर की मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों की चीख-पुकार से इलाका गूंज उठा.

बस का इंतजार कर रहे थे श्रमिक

जानकारी के अनुसार, हाईवे की पुलिया लंबे समय से निजी बसों के अस्थाई स्टॉपेज के रूप में इस्तेमाल हो रही है. शहर के भीतर भारी वाहनों की आवाजाही नहीं होने के कारण यहां लोग बस का इंतजार करने के लिए खड़े रहते हैं. हादसे के समय कुछ युवक सिरोही जाने वाली बस का इंतजार कर रहे थे. बताया जा रहा है कि ये युवक मार्बल और हैंडीक्राफ्ट के काम से जुड़े श्रमिक थे और अपने साथियों को बस में बैठाने के लिए पुलिया के पास मौजूद थे.

100 मीटर तक मचाई तबाही

इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर लोगों की तरफ बढ़ा और कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि डिवाइडर का पोल उखड़कर दूर जा गिरा. इसके बाद भी ट्रक नहीं रुका और करीब 100 मीटर तक सड़क किनारे तबाही मचाने के बाद सर्विस लेन के पास एक पेड़ में जा घुसा. हादसे के बाद सड़क पर जूते-चप्पल बिखरे पड़े थे. घटनास्थल का मंजर बेहद भयावह था.

आठ घायल, एक की उपचार के दौरान मौत

स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. घायलों को निकालकर राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल पहुंचाया गया. उपचार के दौरान राजबहादुर ने दम तोड़ दिया. वहीं, एक घायल को गंभीर हालत में अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल रेफर किया गया. अन्य छह घायलों को भी बेहतर उपचार के लिए रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है.

ट्रक चालक फरार, पुलिस ने शुरू की तलाश

सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. मदनगंज थाना प्रभारी भवानी सिंह भी जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. राहत और बचाव कार्य के लिए क्रेन बुलाई गई और क्षतिग्रस्त ट्रक को हटाया गया. हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है.

चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी. इस हादसे ने हाईवे किनारे बने अस्थाई बस स्टॉपेज पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES