अग्निवीर योजना पर हनुमान बेनीवाल का बड़ा ऐलान: अब दिल्ली घेराव की तैयारी!
आरएलपी सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने अग्निवीर योजना के खिलाफ बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव के बाद झुंझुनूं में लाखों युवाओं और किसानों की रैली आयोजित की जाएगी, जिसके बाद दिल्ली का घेराव किया जाएगा. बेनीवाल ने अग्निवीर योजना बंद करवाने तक संघर्ष जारी रखने की बात कही.
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने अग्निवीर योजना को लेकर बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद झुंझुनूं में लाखों युवाओं और किसानों की बड़ी रैली आयोजित की जाएगी. इसके बाद दिल्ली का घेराव किया जाएगा.
बेनीवाल ने दो टूक कहा कि अग्निवीर योजना को बंद करवाकर ही दम लेंगे, चाहे इसके लिए कितनी भी बड़ी लड़ाई क्यों न लड़नी पड़े. झुंझुनूं के नवलगढ़ क्षेत्र के कैरू गांव में जिला परिषद वार्ड नंबर 9 से आरएलपी प्रत्याशी विकास कुमार खीचड़ के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए बेनीवाल ने यह घोषणा की. उन्होंने कहा कि सेना में भर्ती की पुरानी व्यवस्था समाप्त होने और अग्निवीर योजना लागू होने से युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं.
यह भी पढ़ेंः IAS शिखर अग्रवाल के बाद पत्नी IPS प्रशाखा माथुर भी APO
अग्निवीर के खिलाफ निर्णायक संघर्ष का आह्वान
इस मुद्दे पर वे पीछे हटने वाले नहीं हैं. उन्होंने शेखावाटी के युवाओं और पूर्व सैनिक परिवारों से अग्निवीर के खिलाफ निर्णायक संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया. बेनीवाल ने कहा कि पंचायत चुनाव के बाद झुंझुनूं की धरती पर ऐसा बड़ा जनसैलाब उमड़ेगा, जो नया इतिहास बनाएगा. इस रैली में अग्निवीर योजना के साथ शेखावाटी के तमाम स्थानीय मुद्दों को भी शामिल किया जाएगा. उन्होंने कहा कि शेखावाटी बदलाव की शुरुआत करने वाला क्षेत्र रहा है और यहां से नए राजस्थान के निर्माण की शुरुआत होगी.
2028 विधानसभा चुनाव को बताया सेमीफाइनल
बेनीवाल ने पंचायत चुनावों को वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल बताया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा के बड़े नेता इन चुनावों को छोटा समझकर प्रचार में नहीं आ रहे, लेकिन उनके लिए ये चुनाव बेहद महत्वपूर्ण हैं. झुंझुनूं में उमड़े जनसमर्थन और शेखावाटी के जोश को देखते हुए उन्होंने भविष्यवाणी की कि 2028 में परिवर्तन की शुरुआत शेखावाटी की धरती से होगी.
यह भी पढ़ेंः प्रह्लाद जोशी का तंज - ज्ञान देने से पहले अपने गिरेबां में झांके कांग्रेस
रात डेढ़ बजे कैरू पहुंचे बेनीवाल, जेसीबी से हुई फूलों की बारिश
उन्होंने कहा कि शेखावाटी एक बार चल पड़ता है तो फिर बदलाव करके ही रुकता है. बता दें कि जनसभा में बेनीवाल के पहुंचने का निर्धारित समय शाम साढ़े पांच बजे था लेकिन वे रात करीब डेढ़ बजे कैरू पहुंचे. देर रात होने के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण सभा स्थल पर मौजूद रहे. इनमें महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही. बेनीवाल के पहुंचने पर जेसीबी मशीनों से फूलों की बारिश कर स्वागत किया गया. वहीं, युवाओं ने उन्हें कंधों पर बैठाकर मंच तक पहुंचाया.
आरएलपी प्रत्याशी विकास कुमार खीचड़ के लिए मांगे वोट
जनसभा में बेनीवाल ने जिला परिषद वार्ड नंबर 9 के आरएलपी प्रत्याशी विकास कुमार खीचड़ के समर्थन में मतदान की अपील की. उन्होंने विकास को अपना छोटा भाई बताते हुए कहा कि वह पहले से काफी सुधर गया है और क्षेत्र में लोगों की सेवा कर रहा है. बेनीवाल ने ग्रामीणों से विकास को चुनाव जिताने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि वह क्षेत्र की जनता की सेवा करेगा. सभा के अंत में बेनीवाल ने शेखावाटी के युवाओं, किसानों और महिलाओं से एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई में भागीदारी निभाने का आह्वान किया.
Report- Sandeep Kedia