App

प्रह्लाद जोशी का तंज - ज्ञान देने से पहले अपने गिरेबां में झांके कांग्रेस

जयपुर में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित 'रन फॉर यूनिटी' कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बीजेपी प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता कर कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर सवाल उठाते हुए उन्हें 'फेल्ड प्रोडक्ट' बताया.

प्रह्लाद जोशी का तंज - ज्ञान देने से पहले अपने गिरेबां में झांके कांग्रेस
Image Credit: Pralhad joshi

जयपुर में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती (31 अक्टूबर) पर आयोजित 'रन फॉर यूनिटी' (Run for Unity) कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने भी हिस्सा लिया. इसके बाद बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचे प्रह्लाद जोशी ने प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ की मौजूदगी में एक अहम प्रेसवार्ता को संबोधित किया और लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' विषय पर खुलकर बात रखते हुए उन्होंने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर तीखे सियासी तीर चलाए.

राहुल गांधी को बताया 'फेल्ड प्रोडक्ट', विदेश यात्राओं पर उठाए सवाल 
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि अगर कोई भी सांसद जब विदेश यात्रा पर जाता है, तो नियमनुसार इसकी जानकारी संसदीय कार्य मंत्री को देनी होती है, लेकिन राहुल गांधी ने कभी इन संसदीय नियमों का पालन नहीं किया और न ही अपनी यात्राओं का उद्देश्य बताया. प्रह्लाद जोशी ने सवाल उठाया कि विदेश यात्राओं के दौरान राहुल गांधी की मुलाकातें किनसे और क्यों होती हैं, इस बारे में अक्सर चर्चाएं रहती हैं और राहुल को देश के सामने इसका जवाब देना चाहिए. उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वे एक 'फ़ैल्ड प्रोडक्ट' हैं, जिन्हें बार-बार लॉन्च किया गया लेकिन हर बार लॉन्चिंग असफल रही. जोशी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश में एक कार्यक्रम करते हैं और फिर तुरंत विदेश चले जाते हैं, साथ ही अमेरिका जाकर मदद मांगते हैं, जबकि भारत का लोकतंत्र पूरी तरह परिपक्व और मजबूत है.

13 लाख नए मतदाताओं का हवाला, कांग्रेस पर घुसपैठियों के नाम जुड़वाने का आरोप 
इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस की नीतियों और नीयत पर भी गंभीर आरोप लगाए.  जयपुर से जुड़े आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि देश में 6.3 करोड़ लोगों ने स्थायी रूप से अपना स्थान बदला है और फॉर्म 6 भरकर नई जगह का नाम जुड़वाया है, जिसमें अकेले राजस्थान से 13 लाख नए मतदाता जुड़े हैं. जोशी ने आरोप लगाया कि कांग्रेसी न खुद परिश्रम करते हैं और न अपने कार्यकर्ताओं को प्रेरणा देते हैं, बल्कि वे घुसपैठियों के नाम वोटर लिस्ट में जुड़वाकर और अराजकता फैलाकर चुनाव जीतना चाहते हैं. सूरजगढ़ विधायक के बेटे का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक का बेटा फर्जी कोर्ट का आदेश लाकर दो जगहों से वोटर बनने की कोशिश कर रहा था, जो साबित करता है कि कांग्रेस के सहयोगी दल पूरी तरह अराजक हैं.

कांग्रेस को दी नसीहत, BJP विपक्ष को 'मॉक पार्लियामेंट' का मौका देती रहेगी
अंत में प्रह्लाद जोशी ने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि वो भाजपा को ज्ञान देने के बजाय पहले खुद के गिरेबां और आईने में झांककर देखे कि उसने सत्ता में रहते हुए क्या-क्या किया है. उन्होंने साफ किया कि भाजपा कांग्रेस पार्टी को विपक्ष के रूप में 'मॉक पार्लियामेंट' करने का मौका बार-बार देगी. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Babulal Dhayal

Babulal Dhayal

बाबूलाल धायल ज़ी राजस्थान में सीनियर स्पेशल कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत हैं. पिछले 25 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और सीएमओ और मुख्यमंत्री से जुड़े विभागों की खबरें प्रमुखता से कवर करते हैं. पॉलिटिकल रिपोर्टिंग में उनकी मजबूत पहचान है और वे बीजेपी - कांग्रेस दोनों से जुड़ी खबरों को कवर करते रहे हैं. विधानसभा, सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों और ग्रामीण विषयों पर उनकी पकड़ खास मानी जाती है. बाबूलाल धायल,  राजस्थान पत्रिका, ईटीवी और न्यूज़18 जैसे संस्थानों में भी कार्य कर चुके हैं.
Read More