SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जयपुर में गैस सिलेंडर चोरी का नया तरीका: हॉकर के घर में जाते ही गाड़ी से सिलेंडर पार, CCTV में वारदात कैद

Jaipur News: जयपुर में गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी करने वाले हॉकर्स के लिए सिलेंडर चोरी की नई चुनौती सामने आई है. भांकरोटा, हीरापुरा और सिरसी रोड इलाके में चोर हॉकर के ग्राहक के घर में सिलेंडर लगाने के लिए जाते ही गाड़ी पर रखे बाकी भरे सिलेंडर चोरी कर ले रहे हैं.

Written By Aman Singh
Published: Oct 06, 2026, 02:50 PM IST | Updated: Oct 06, 2026, 06:13 PM IST
Image Credit: Zee Media
Join

Jaipur News: राजस्थान के जयपुर में गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी करने वाले हॉकर्स के लिए अब नई मुसीबत खड़ी हो गई है. हॉकर ग्राहक के घर में सिलेंडर लगाने के लिए अंदर जाता है और पीछे से चोर उसकी साइकिल या गाड़ी पर रखे भरे सिलेंडर उठा ले जाते हैं. यानी जिस चंद मिनट में हॉकर घर के अंदर सिलेंडर बदलता है, वही वक्त चोरों के लिए वारदात का मौका बन रहा है.

गाड़ी से सिलेंडर चोरी से हॉकर्स परेशान

भांकरोटा, हीरापुरा और सिरसी रोड इलाके में इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं. गाड़ी से सिलेंडर चोरी करने की एक घटना CCTV कैमरे में भी कैद हुई है. गैस एजेंसियों के हॉकर आमतौर पर साइकिल या गाड़ी पर एक साथ 3 से 4 सिलेंडर लेकर डिलीवरी के लिए निकलते हैं. बुकिंग पर्ची के हिसाब से उन्हें अलग-अलग घरों में सिलेंडर पहुंचाना होता है. किसी ग्राहक के घर पहुंचने पर हॉकर एक सिलेंडर लेकर अंदर जाता है, जबकि बाकी सिलेंडर बाहर वाहन पर ही रखे रहते हैं. चोर इसी स्थिति का फायदा उठा रहे हैं.

हॉकर के घर के अंदर जाते ही चोर बाहर रखे सिलेंडर को उठाकर ले जाते हैं. डिलीवरी पूरी कर हॉकर बाहर आता है, तो गाड़ी से सिलेंडर गायब मिलता है. हॉकर्स के सामने अब दोहरी चुनौती है. ग्राहक के घर तक सिलेंडर पहुंचाना और जरूरत पड़ने पर उसे अंदर लगाना उनकी डिलीवरी का हिस्सा है, लेकिन इसी दौरान बाहर रखे बाकी सिलेंडरों की निगरानी करने वाला कोई नहीं रहता. ऐसे में चंद मिनट की डिलीवरी भी उनके लिए जोखिम बन गई है.

सिलेंडर चोरी की वारदात CCTV में कैद

सिलेंडर चोरी की एक वारदात CCTV में भी रिकॉर्ड हुई है. फुटेज में हॉकर की गैर मौजूदगी का फायदा उठाकर वाहन से सिलेंडर ले जाते हुए नजर आ रहा है. ऐसे मामलों के बाद अब हॉकर्स के बीच भी सिलेंडरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है. इसको लेकर संबंधित थाने में एफआईआर भी दर्ज करवाई गई हैं.

पढ़ें चोरी से जुड़ी एक और बड़ी खबर

टोंक के दूनी के सरकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अस्पताल परिसर से दिनदहाड़े मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है. चोरी की पूरी वारदात अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. जानकारी के अनुसार, देवड़ावास निवासी संदीप खंगार अस्पताल में उपचार के लिए आए थे. उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल अस्पताल के बाहर खड़ी की थी. इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और मौका मिलते ही मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए. सीसीटीवी फुटेज में दोनों युवकों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं.

घटना के बाद अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. वहीं क्षेत्र में लगातार सामने आ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता है. कुछ दिन पहले भी दूनी बाजार से दिनदहाड़े मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया था. लोगों ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई और चोरी की घटनाओं का खुलासा करने की मांग की है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जून 2023 से ज़ी राजस्थान के साथ कार्यरत अमन लगातार अपनी क्रिएटिविटी और प्रोफेशनल स्किल्स के जरिए पाठकों तक तेज, सटीक और भरोसेमंद खबरें पहुंचा रहे हैं. वे उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रहने वाले हैं, अमन ने जौनपुर से ही अपनी इंटरमीडिएट तक की शिक्षा पूरी की. इसके बाद उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया. डिजिटल पत्रकारिता में गहरी समझ, तेज खबर पकड़ने की क्षमता के कारण अमन सिंह एक उभरते हुए और भरोसेमंद मीडिया प्रोफेशनल के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES