)
Jaipur News: राजस्थान के जयपुर में गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी करने वाले हॉकर्स के लिए अब नई मुसीबत खड़ी हो गई है. हॉकर ग्राहक के घर में सिलेंडर लगाने के लिए अंदर जाता है और पीछे से चोर उसकी साइकिल या गाड़ी पर रखे भरे सिलेंडर उठा ले जाते हैं. यानी जिस चंद मिनट में हॉकर घर के अंदर सिलेंडर बदलता है, वही वक्त चोरों के लिए वारदात का मौका बन रहा है.
गाड़ी से सिलेंडर चोरी से हॉकर्स परेशान
भांकरोटा, हीरापुरा और सिरसी रोड इलाके में इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं. गाड़ी से सिलेंडर चोरी करने की एक घटना CCTV कैमरे में भी कैद हुई है. गैस एजेंसियों के हॉकर आमतौर पर साइकिल या गाड़ी पर एक साथ 3 से 4 सिलेंडर लेकर डिलीवरी के लिए निकलते हैं. बुकिंग पर्ची के हिसाब से उन्हें अलग-अलग घरों में सिलेंडर पहुंचाना होता है. किसी ग्राहक के घर पहुंचने पर हॉकर एक सिलेंडर लेकर अंदर जाता है, जबकि बाकी सिलेंडर बाहर वाहन पर ही रखे रहते हैं. चोर इसी स्थिति का फायदा उठा रहे हैं.
हॉकर के घर के अंदर जाते ही चोर बाहर रखे सिलेंडर को उठाकर ले जाते हैं. डिलीवरी पूरी कर हॉकर बाहर आता है, तो गाड़ी से सिलेंडर गायब मिलता है. हॉकर्स के सामने अब दोहरी चुनौती है. ग्राहक के घर तक सिलेंडर पहुंचाना और जरूरत पड़ने पर उसे अंदर लगाना उनकी डिलीवरी का हिस्सा है, लेकिन इसी दौरान बाहर रखे बाकी सिलेंडरों की निगरानी करने वाला कोई नहीं रहता. ऐसे में चंद मिनट की डिलीवरी भी उनके लिए जोखिम बन गई है.
सिलेंडर चोरी की वारदात CCTV में कैद
सिलेंडर चोरी की एक वारदात CCTV में भी रिकॉर्ड हुई है. फुटेज में हॉकर की गैर मौजूदगी का फायदा उठाकर वाहन से सिलेंडर ले जाते हुए नजर आ रहा है. ऐसे मामलों के बाद अब हॉकर्स के बीच भी सिलेंडरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है. इसको लेकर संबंधित थाने में एफआईआर भी दर्ज करवाई गई हैं.
पढ़ें चोरी से जुड़ी एक और बड़ी खबर
टोंक के दूनी के सरकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अस्पताल परिसर से दिनदहाड़े मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है. चोरी की पूरी वारदात अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. जानकारी के अनुसार, देवड़ावास निवासी संदीप खंगार अस्पताल में उपचार के लिए आए थे. उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल अस्पताल के बाहर खड़ी की थी. इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और मौका मिलते ही मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए. सीसीटीवी फुटेज में दोनों युवकों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं.
घटना के बाद अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. वहीं क्षेत्र में लगातार सामने आ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता है. कुछ दिन पहले भी दूनी बाजार से दिनदहाड़े मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया था. लोगों ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई और चोरी की घटनाओं का खुलासा करने की मांग की है.