)
Rajasthan Crime News: भरतपुर में 13 साल की नाबालिग से गैंगरेप का मामला सामने आया है. नाबालिग के परिजनों ने पांच युवकों पर बच्ची को देर रात जबरन घर से उठाकर ले जाने और उसके साथ रेप करने का आरोप लगाया है. परिवार के लोगों के जागने पर बच्ची घर से गायब मिली. तलाश करने पर वह पड़ोस के एक मकान में मिली, जहां परिजनों ने चार युवकों को पकड़ लिया. घटना के दौरान एक युवक मौके से फरार हो गया. ग्रामीणों ने चारों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और नाबालिग का मेडिकल भी करवाया गया है.
रात करीब डेढ़ बजे घर से गायब हुई बच्ची
नाबालिग के परिजनों ने पुलिस में दर्ज FIR में बताया कि बच्ची रात में घर पर सो रही थी. रात करीब डेढ़ बजे वह टॉयलेट जाने के लिए चार के चबूतरे पर बने बाथरूम में गई थी. आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले दो युवक, जो आपस में चचेरे भाई हैं, अपने तीन साथियों के साथ वहां पहुंचे.
पड़ोस के मकान में ले जाने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि पांचों युवक नाबालिग को जबरन उठाकर अपने घर ले गए. रात में जब परिवार के लोग पानी पीने के लिए उठे तो उन्होंने देखा कि बच्ची घर में नहीं है. इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास उसकी तलाश शुरू की.
खुले गेट से मिला सुराग
तलाश के दौरान परिजनों को पड़ोस वाले मकान का गेट खुला मिला. परिवार के लोग अंदर गए तो आरोप है कि वहां नाबालिग के साथ युवक रेप कर रहे थे. यह देखकर परिजनों ने मौके पर ही चार युवकों को पकड़ लिया. इसी दौरान एक युवक वहां से भागने में कामयाब हो गया.
ग्रामीणों ने चार युवकों को पकड़ा
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में पुलिस को बुलाया गया. ग्रामीणों ने पकड़े गए चारों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने चारों को हिरासत में ले लिया है. इसके बाद नाबालिग के परिजनों ने पुलिस थाने में FIR दर्ज करवाई.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
ग्रामीण सीईओ कन्हैया लाल चौधरी ने बताया कि गैंगरेप का मामला दर्ज किया गया है. मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि नाबालिग का मेडिकल करवा दिया गया है. पुलिस अब मामले से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है. फरार युवक की तलाश भी की जा रही है.