पाली के फालना में पटाखों से लगी आग ने उजाड़ा परिवार, पार्षद ऊषा और पति प्रकाश की दर्दनाक मौत
पाली के फालना में पटाखे की चिंगारी से तीन दुकानों में भीषण आग लग गई. हादसे में कांग्रेस पार्षद ऊषा पूनमिया और उनके पति प्रकाश की मौत हो गई. दोनों को बचाने पहुंचे प्रकाश के भाई गौतम करीब 65 प्रतिशत झुलस गए.
Published: Nov 09, 2026, 03:22 PM IST
| Updated: Nov 09, 2026, 03:33 PM IST
पाली. जिले के फालना में रविवार रात पटाखों की चिंगारी से भीषण अग्निकांड हो गया. स्वर्ण मंदिर के पास स्थित एक कॉस्मेटिक्स की दुकान में लगी आग ने देखते ही देखते आसपास की दो अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में खुडाला-फालना नगर पालिका की कांग्रेस पार्षद ऊषा पूनमिया और उनके पति प्रकाश की मौत हो गई. वहीं, दोनों को बचाने पहुंचे प्रकाश के बड़े भाई गौतम पूनमिया भी गंभीर रूप से झुलस गए. उनका करीब 65 प्रतिशत शरीर जल गया है.
पटाखे की चिंगारी से दुकान में लगी आग
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 10:30 बजे कुछ लोग सड़क पर पटाखे चला रहे थे. इसी दौरान पटाखे से निकली एक चिंगारी दुकान के बाहर रखे पटाखों पर जा गिरी. इससे दुकान में आग लग गई. कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास की दो अन्य दुकानों तक फैल गई. इस अग्निकांड में तीन दुकानें जलकर राख हो गईं.
बेसमेंट में दम घुटने से पार्षद की मौत
आग फैलने के दौरान 68 वर्षीय पार्षद ऊषा पूनमिया जान बचाने के लिए दुकान के बेसमेंट में चली गईं. लेकिन वहां धुआं भर गया. दम घुटने के कारण उनकी मौत हो गई. वहीं, दुकान के मालिक और उनके पति 70 वर्षीय प्रकाश पूनमिया भी आग की चपेट में आ गए. उनकी जिंदा जलने से मौत हो गई. पत्नी को बचाने की कोशिश में प्रकाश की भी जान चली गई.
भाई को बचाने पहुंचे जेठ भी झुलसे
हादसे के दौरान प्रकाश के 73 वर्षीय बड़े भाई गौतम पूनमिया भी उन्हें बचाने पहुंचे. इस कोशिश में वे भी आग की चपेट में आ गए. आग से उनका करीब 65 प्रतिशत शरीर झुलस गया. उनका चेहरा भी बुरी तरह जल गया है. चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.
ये भी पढ़ें- दिवाली पर बुझ गया घर का चिराग! ट्रैक्टर सहित कुएं में गिरा 17 साल का युवक, दर्दनाक मौत