SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बिना पहिया घूमे ही कमा लिए लाखों! राजस्थान रोडवेज में 'फर्जी परीक्षार्थियों' का बड़ा खेल, झालावाड़-झुंझुनूं डिपो के आंकड़े देख उड़े होश

प्रतियोगी परीक्षा देने वाले छात्रों की मदद के लिए राज्य सरकार उन्हें रोडवेज बसों में मुफ्त सफर की सुविधा देती है और इसका पूरा किराया खुद रोडवेज को चुकाती है. लेकिन रोडवेज के कुछ अधिकारियों ने छात्रों के लिए बनी इस अच्छी योजना को सरकार से कमाई का जरिया बना लिया है. पढ़िए, आखिर कैसे राजस्थान रोडवेज खुद ही राज्य सरकार के खजाने में सेंध लगा रही है.

Reported By Kashiram Chaudhary
Published: Nov 19, 2026, 08:46 IST | Updated: Nov 19, 2026, 09:13 IST
Image Credit: Rajasthan Roadways Scam (AI IMAGE)
Join

छात्रों को परीक्षा के लिए मुफ्त सफर की जो सुविधा दी गई थी, उसे राजस्थान रोडवेज के कुछ अधिकारियों ने मुनाफा कमाने का जरिया बना लिया है. नियम के मुताबिक, परीक्षार्थी एग्जाम से 2 दिन पहले और 2 दिन बाद तक अपने घर, कोचिंग या किसी भी जगह से परीक्षा वाले शहर तक रोडवेज बसों में मुफ्त आ-जा सकते हैं. बस में इनका जीरो रुपए का टिकट कटता है और इस किराए का पूरा पैसा राज्य सरकार रोडवेज को चुकाती है. लेकिन हैरानी की बात ये है कि रोडवेज के कुछ डिपो में बिना किसी प्रतियोगी परीक्षा के ही पूरी बस परीक्षार्थियों के नाम से चला दी जाती है, जबकि हकीकत में वह बस डिपो से बाहर सड़क पर उतरती ही नहीं है.
 
पहला उदाहरण

4 नवंबर 2026 को झालावाड़ डिपो के CD अजय सिंह झाला का बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया. उन्होंने पाटन से खाटूश्यामजी (वाया नैनवा) के लिए ट्रिप संख्या E0000001 खोली और परीक्षार्थियों के नाम पर 47,268 रुपए के टिकट काट दिए. हैरानी की बात यह है कि रिकॉर्ड में यह बस 0 किलोमीटर चली, फिर भी रोडवेज को सरकार से इसके पूरे 47,268 रुपए मिलेंगे. इसी दिन झाला ने पाटन से खाटूश्यामजी की दूसरी ट्रिप (संख्या 00208496) भी खोली, जिसमें आम यात्रियों के 12,028 रुपए के टिकट कटे. यानी आम यात्रियों से कमाई करीब 12 हजार हुई, जबकि परीक्षार्थियों की फर्जी ट्रिप 47 हजार रुपए की बन गई. सवाल यह है कि एक ही रूट की दो ट्रिप में किराया 4 गुना कैसे बढ़ गया ?

इतना ही नहीं, 4 नवंबर को ही खाटूश्यामजी से झालावाड़ (वाया कोटा) की एक और ट्रिप (E0000002) परीक्षार्थियों के नाम से दिखाई गयी. इसमें भी बस रिकॉर्ड में 0 किलोमीटर चली और 47,936 रुपए के टिकट कट गए. जबकि इसी रूट की दूसरी ट्रिप (00209560) में आम यात्रियों से मात्र 9,966 रुपए का किराया आया. अब बड़ा सवाल ये है कि क्या एक ही दिन में कोई कर्मचारी करीब 450-450 किलोमीटर की 4 ट्रिप पूरी कर सकता है ? और वैसे भी, खाटूश्याम जी में आमतौर पर कोई परीक्षा केंद्र होता ही नहीं है.

दूसरा उदाहरण

4 नवंबर 2026 को अनुबंधित सिविल डिफेंस CD हरकचंद का फर्जीवाड़ा सामने आया। उन्होंने झालावाड़ से खाटूश्याम (वाया नैनवा) के लिए ट्रिप संख्या E0000001 खोली, जिसमें बस जीरो किलोमीटर चली, लेकिन परीक्षार्थियों के नाम पर 44,800 रुपए के टिकट काट दिए गए. वहीं, हरकचंद ने इसी रूट (झालावाड़ से खाटूश्याम वाया नैनवा) की दूसरी ट्रिप संख्या 00208488 खोली, तो उसमें आम यात्रियों के 11,761 रुपए के टिकट कटे. इसके अलावा उन्होंने खाटूश्याम जी से झालावाड़ की ट्रिप संख्या 00208489 भी चलाई, जिसमें आम यात्रियों से 11,760 रुपए किराया वसूला गया. ऐसे में सीधा सवाल यह है कि जब आम यात्रियों की दोनों ट्रिप में औसत किराया 11,760 रुपए रहा, तो फिर परीक्षार्थियों की ट्रिप अचानक 44,800 रुपए की कैसे बन गई ?


 

तीसरा उदाहरण

8 नवंबर 2026 को दिवाली के दिन CD मनीष कुमार का फर्जीवाड़ा सामने आया। उन्होंने पाटन से खाटूश्यामजी (वाया नैनवा) के लिए ट्रिप संख्या E0000001 खोली, जिसमें बस 0 किलोमीटर चली, लेकिन परीक्षार्थियों के नाम पर 47,300 रुपए के टिकट काट दिए गए। वहीं, इसी रूट की दूसरी ट्रिप संख्या 00208496 में आम यात्रियों से मात्र 10,045 रुपए किराया वसूला गया। ऐसे में सवाल फिर वही है कि आखिर परीक्षार्थियों के टिकट 5 गुना ज्यादा कैसे हो गए ?

दिवाली पर कौन सी परीक्षा होती है ?
फर्जीवाड़े की इंतिहा इस कदर है कि रोडवेज के झालावाड़ और झुंझुनूं डिपो के कर्मचारियों ने दिवाली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज के अवकाश के दिनों में भी परीक्षा बताकर लाखों रुपए के टिकट काट दिए हैं. राज्य सरकार ने परीक्षार्थियों को नि:शुल्क यात्रा की सुविधा परीक्षा से 2 दिन पहले और परीक्षा के 2 दिन बाद तक के लिए दी हुई है. दिवाली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज के 2-2 दिन आगे-पीछे में कोई परीक्षा नहीं थी. इसके बावजूद भी दोनों डिपो के कर्मचारियों ने फर्जी तरीके से लाखों रुपए के टिकट काट दिए.

दिवाली के दिन बताई परीक्षा, काटे लाखों के टिकट
- 8 नवंबर 2026 को झुंझुनूं डिपो ने 5 लाख 54 हजार 603 रुपए के टिकट काटे
- झुंझुनूं डिपो ने 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा के दिन 3 लाख 81 हजार 500 रुपए के टिकट
- 11 नवंबर को भैया दूज के दिन 4 लाख 72 हजार 855 रुपए के टिकट काटे गए
- झालावाड़ डिपो ने 8 नवंबर को दिवाली के दिन 2 लाख 50 हजार 235 रुपए के टिकट काटे
- 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा के दिन 2 लाख 1 हजार 740 रुपए के टिकट
- 11 नवंबर को भैया दूज के दिन 3 लाख 88 हजार 633 रुपए के टिकट काटे
- फर्जीवाड़ा इसलिए साबित क्योंकि इन त्योहारों के दिन 2 दिन आगे-पीछे कोई परीक्षा नहीं थी

फ्री यात्रा तो 8 साल से, 2 साल पहले नहीं था फर्जीवाड़ा
दिवाली और गोवर्धन पूजा के अवकाश के दिनों में कभी भी कोई परीक्षा आयोजित नहीं की जाती। ऐसे में त्यौहार के दिन किसी भी स्थिति में परीक्षार्थियों के टिकट काटना संभव ही नहीं है। रोडवेज में यह फर्जीवाड़ा करीब डेढ़ साल से चल रहा है। जी मीडिया ने वर्ष 2024 के रिकॉर्ड खंगाले तो सामने आया कि वर्ष 2024 में दिवाली पर कोई टिकट नहीं काटे गए थे। इसी तरह वर्ष 2023 में भी परीक्षार्थियों के कोई टिकट नहीं काटे गए थे। जबकि प्रतियोगी परीक्षार्थियों को नि:शुल्क यात्रा सुविधा वर्ष 2018 से चल रही है.

पहले क्यों नहीं कटते थे लाखों के टिकट
- वर्ष 2024 में झालावाड़ डिपो ने दिवाली पर फर्जीवाड़ा नहीं किया
- 31 अक्टूबर 2024 को दिवाली को प्रतियोगी परीक्षा के मात्र 1828 रुपए के टिकट काटे
- 2 नवंबर 2024 को गोवर्धन पूजा के दिन मात्र 1200 रुपए के टिकट काटे
- वर्ष 2023 में झालवाड़ डिपो ने दिवाली पर 12 नवंबर 2023 को जीरो रुपए के टिकट काटे
- 14 नवंबर 2023 को गोवर्धन पूजा के दिन मात्र 1932 रुपए के टिकट काटे गए

हैरतअंगेज, कुल आय की 30 फीसदी केवल प्रतियोगी परीक्षाओं से ?
रोडवेज के झालावाड़, झुंझुनूं और कुछ अन्य डिपो में फर्जीवाड़ा इस कदर है कि प्रतियोगी परीक्षार्थियों के नाम पर काटे जाने वाले टिकटों की राशि डिपो की कुल आय की 30 फीसदी या उसे ज्यादा भी जा पहुंची है। परिचालक और अनुबंधित कर्मचारी अपनी परफॉर्मेंस सुधारने, जबकि डिपो के मुख्य प्रबंधक और प्रबंधक यातायात अपनी आय बढ़ाने व यात्रीभार सुधारने के नाम पर यह फर्जीवाड़ा कर रहे हैं। चूंकि इस राशि का रिइम्बर्समेंट राज्य सरकार द्वारा किया जाता है, ऐसे में रोडवेज की आय में भी जबरदस्त बढ़ोतरी हो रही है।

झालावाड़ में परीक्षार्थियों की टिकट राशि कैसे बढ़ रही ?
- जून 2026 में कुल आय 2.56 करोड़, प्रतियोगी परीक्षा आय मात्र 28 लाख रुपए
- अगस्त 2026 में कुल आय 2.97 करोड़, प्रतियोगी परीक्षा आय 36.81 लाख
- सितंबर में कुल आय 2.71 करोड़, प्रतियोगी आय 47 लाख रुपए
- अक्टूबर में कुल आय 3.24 करोड़, प्रतियोगी परीक्षा आय 1 करोड़ 9 लाख
- 1 से 16 नवंबर तक कुल आय 1.47 करोड़, प्रतियोगी परीक्षा से आय 48.86 लाख

 

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी राजस्थान में स्पेशल कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत काशीराम चौधरी पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 21 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे ट्रांसपोर्ट विषय से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे सड़क परिवहन की हो, फ्लाइट मूवमेंट की या फिर रेलवे परिवहन, सभी क्षेत्रों में काशीराम सक्रिय रूप से न्यूज कवर करते रहे हैं. काशीराम कृषि और पशुपालन से जुड़ी खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. किसानों की जमीनी हकीकत दिखाने के साथ ही कृषि विपणन मंडियों की भी रिपोर्टिंग करते रहे हैं. साथ ही वे आबकारी और माइंस सेक्टर की खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं. काशीराम जी मीडिया समूह से पहले राजस्थान पत्रिका, डीएनए, ईटीवी राजस्थान, फर्स्ट इंडिया न्यूज में भी कार्य कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES