Dungarpur News: डूंगरपुर जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. राजस्थान-गुजरात के रतनपुर बॉर्डर पर पुलिस ने एक बंद बॉडी कंटेनर ट्रक को रोककर उसमें छिपाकर ले जाई जा रही चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब के 395 कार्टन बरामद किए. शराब की बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई जा रही है. पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया.
नगर निकाय चुनाव को लेकर चल रहा अभियान
बिछीवाड़ा थानाधिकारी देवेंद्र देवल के अनुसार नगर निकाय चुनाव को देखते हुए जिले में अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत एसआई अब्दुल मुनाफ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनएच-48 पर रतनपुर बॉर्डर स्थित पुलिस चौकी के सामने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की थी.
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उदयपुर की ओर से टाटा कंपनी का एक बंद बॉडी कंटेनर ट्रक गुजरात जा रहा है. सूचना में बताया गया कि ट्रक के अंदर वॉशिंग मशीन के कार्टन की आड़ में अंग्रेजी शराब छिपाकर ले जाई जा रही है.
बिल्टी नहीं दिखा सका चालक
मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गुजरात नंबर के कंटेनर ट्रक को रुकवाया. पुलिस ने चालक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम त्रिलोक सिंह रावत, उम्र 27 वर्ष, निवासी बड़ी का बाड़िया, थाना करेड़ा, जिला भीलवाड़ा बताया.
चालक ने पुलिस को बताया कि कंटेनर में वॉशिंग मशीन के कार्टन भरे हुए हैं. पुलिस ने जब उससे माल से संबंधित बिल्टी मांगी तो वह कोई बिल्टी पेश नहीं कर सका. इस पर पुलिस को संदेह हुआ और कंटेनर की तलाशी लेने का फैसला किया गया.
वॉशिंग मशीन के कार्टन के नीचे छिपी थी शराब
कंटेनर की तलाशी के दौरान पुलिस को वॉशिंग मशीन के कार्टन के अंदर अंग्रेजी शराब के कार्टन मिले. पुलिस टीम ने कार्टन नीचे उतरवाकर उनकी गिनती कराई. जांच के दौरान विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब के कुल 395 कार्टन बरामद हुए.
बरामद शराब के सभी कार्टन पर ‘फोर सेल ओनली इन चंडीगढ़’ लिखा हुआ था. पुलिस ने शराब के साथ कंटेनर ट्रक को भी जब्त कर लिया और चालक त्रिलोक सिंह रावत को गिरफ्तार कर लिया.
तस्करी के नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस अब शराब की इस खेप को गुजरात ले जाने के पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है. गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर शराब की सप्लाई, गंतव्य और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस के अनुसार जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपए है.