डूंगरपुर में पड़ोसियों का खूनी तांडव! 10 से ज्यादा लोगों ने परिवार पर किया हमला, लहूलुहान हुए बाप-बेटे
डूंगरपुर के नलवा गांव में सड़क की जमीन को लेकर विवाद हिंसक हो गया. 10 से अधिक लोगों ने पिता नवलराम और उनके चार बेटों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. पांचों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है.
डूंगरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के नलवा गांव में जमीन विवाद को लेकर हिंसक संघर्ष हो गया. पड़ोसियों के साथ चल रहे पुराने विवाद में 10 से अधिक लोगों ने एक ही परिवार के पांच सदस्यों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. इस हमले में पिता और उनके चार बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को डूंगरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है.
सड़क की जमीन को लेकर चल रहा था पुराना विवाद
मामले के अनुसार, नलवा गांव निवासी नवलराम पुत्र लालजी कोटेड का अपने पड़ोसियों के साथ सड़क की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दूसरे पक्ष के 10 से अधिक लोगों ने नवलराम कोटेड पर हमला कर दिया.
यह भी पढे़ं- भाई के अंतिम दर्शन से पहले उठी दो बहनों की अर्थी, सालासर-नागौर हाईवे पर दर्दनाक हादसा
पिता को बचाने पहुंचे चारों बेटों पर भी किया हमला
पिता नवलराम के साथ मारपीट होते देख उनके चार बेटे विजयपाल, गोविंद, तूफान और अमृत बीच-बचाव करने के लिए मौके पर पहुंचे. लेकिन हमलावरों ने चारों भाइयों को भी घेर लिया और उन पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए.
हमले में पिता नवलराम, उनके बेटे विजयपाल और गोविंद के सिर में गंभीर चोटें आईं. तीनों के सिर से खून बहने लगा और वे मौके पर ही लहूलुहान हो गए. वहीं, तूफान और अमृत को भी शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं.
ग्रामीणों के पहुंचने पर फरार हुए हमलावर
घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंच गए. लोगों को आता देख हमलावर वहां से फरार हो गए. इसके बाद परिजनों ने बिना देरी किए सभी पांचों घायलों को एक निजी वाहन की मदद से डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया.
जिला अस्पताल में पांचों घायलों का उपचार जारी
जिला अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में सभी पांचों घायलों का इलाज चल रहा है. घटना की सूचना सदर थाना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. फिलहाल जमीन को लेकर शुरू हुआ पुराना विवाद पांच लोगों के घायल होने का कारण बना है.