SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

घर में सो रहा था परिवार, अचानक दीवार तोड़कर घुसा डंपर, मां-बेटी की दर्दनाक मौत

राजस्थान के डूंगरपुर में सागवाड़ा बायपास पर तेज रफ्तार डंपर मकान में घुस गया. हादसे में 45 वर्षीय मां और 15 साल की बेटी की मौत हो गई, जबकि पति और बेटा गंभीर घायल हो गए.

Written By Sandhya Yadav
Published: Oct 31, 2026, 01:50 PM IST | Updated: Oct 31, 2026, 01:54 PM IST
Image Credit: हादसा डूंगरपुर जिले में सागवाड़ा बायपास पर गलियाकोट पुल के पास हुआ.
Join

राजस्थान के डूंगरपुर जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे परिवार को तबाह कर दिया. सागवाड़ा बायपास पर गलियाकोट पुल के पास तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक मकान में जा घुसा. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान पूरी तरह ढह गया. हादसे के समय घर में परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे. अचानक हुए इस हादसे में मां और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

घटना सागवाड़ा थाना क्षेत्र की है. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी.

आधी रात को मकान में घुसा बेकाबू डंपर
सागवाड़ा थानाधिकारी मनीष कुमार के अनुसार, हादसा देर रात करीब 12 बजे हुआ. गलियाकोट पुल के नजदीक एक तेज रफ्तार डंपर अचानक अनियंत्रित हो गया. इसके बाद डंपर सड़क किनारे बने मकान को तोड़ता हुआ सीधे अंदर घुस गया. वाहन की टक्कर से मकान की दीवारें और छत ढह गईं.

घर में सो रहे परिवार के सदस्य मलबे के नीचे दब गए. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. कुछ ही देर में पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई.

मां और 15 साल की बेटी की मौके पर मौत
इस हादसे में 45 वर्षीय सुशीला मनात और उनकी 15 वर्षीय बेटी राधिका की जान चली गई. दोनों मकान के मलबे के नीचे दब गई थीं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.

यह भी पढ़ें- बांसवाड़ा में रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा: बाइक बोलेरो में फंसी फिर भी नहीं रोकी कार, 5 KM तक घसीटा

वहीं, सुशीला के पति विनोद मनात और बेटे मनोज मनात भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों को मलबे से बाहर निकाला गया. इसके बाद उन्हें तत्काल सागवाड़ा अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया.

पुलिस ने डंपर जब्त कर चालक को किया डिटेन
हादसे की सूचना मिलने पर सागवाड़ा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में सहयोग किया. मलबे से निकाले गए दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद पुलिस ने मृतकों के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया.

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर को जब्त कर लिया है. साथ ही उसके चालक को डिटेन कर लिया गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

आधी रात को हुए इस हादसे में एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत और दो लोगों के घायल होने से इलाके में शोक का माहौल है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है.
 

Reporter- Akhilesh Sharma

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने वाली संध्या ने Zee News से पहले Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल न्यूज़ संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. जमीनी खबरों की गहरी समझ रखने वाली संध्या ने राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, गहलोत-पायलट राजनीतिक संकट और कोविड-19 महामारी समेत कई बड़े और जटिल घटनाक्रमों की बेहतरीन कवरेज की है.आप संध्या यादव से सीधे SANDHYA.YADAV@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा राजस्थान की खबरों के रियल-टाइम अपडेट्स के लिए आप उनसे लिंक्डइन (https://in.linkedin.com/in/sandhya-yadav-5734ba144) पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES