राजस्थान में ट्रांसफर-पोस्टिंग पर सियासी घमासान: डोटासरा बोले- कुछ IPS-IAS कहते हैं, 'हम बेईमानी में शामिल नहीं, हमारा ध्यान रखना'
Rajasthan Politics: राजस्थान पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने अधिकारियों के ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने दावा किया कि कुछ IPS-IAS अधिकारी उनसे कहते हैं कि वे बेईमानी में शामिल नहीं हैं और उनका ध्यान रखा जाए.
Rajasthan Politics: राजस्थान पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में अराजकता, गुंडागर्दी और तानाशाही का माहौल बन गया है. लोगों से उनके बोलने का अधिकार छीना जा रहा है और डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान को कमजोर किया जा रहा है. लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाना जरूरी है. कांग्रेस देश में प्रेम, भाईचारे और विकास को आगे बढ़ाने के लिए संघर्ष कर रही है.
गलत काम करने वालों का हिसाब लेने की चेतावनी
पीसीसी चीफ डोटासरा ने कहा कि चुनाव को लेकर उन्होंने पुलिस महानिदेशक को शिकायत दी थी. उन्हें जानकारी मिली है कि मामले की जांच के लिए विजिलेंस को निर्देश दिए गए हैं. डोटासरा का कहना है कि जांच होने से उनपर अंकुश लगेगा. डोटासरा ने आगे कहा कि कुछ IPS-IAS हमे कहते हैं कि हमारा ध्यान रखना. हम बेईमानी में शामिल नहीं हैं. हमने बेईमानी नहीं की. कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि गलत काम करने वालों और कथित तौर पर बेईमानी में सहयोग करने वालों की जिम्मेदारी तय की जाएगी. उन्होंने आगे कहा कि अब और माफ करो की नीति नहीं चलेगी. साथ ही स्पष्ट किया कि ईमानदारी से काम करने वाले अधिकारियों को डरने की जरूरत नहीं है.
अधिकारियों के तबादलों पर उठाए सवाल
गोविंद सिंह डोटासरा ने खाटू, दौसा और सिरोही में पुलिस अधिकारियों के तबादलों का मुद्दा भी उठाया. मुद्दा उठाते हुए उन्होंने सवाल किया कि क्या ये बदलाव प्रशासनिक जरूरत के कारण किए गए हैं या राजनीतिक दबाव में किए गए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं की शिकायतों पर अधिकारियों को बदलने का दबाव बनाया जा रहा है. ईमानदारी से काम करने वाले अधिकारियों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए और गलत काम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. भाजपा नेतृत्व पर निशाना साधते हुए डोटासरा ने कहा कि लोकतंत्र में जनादेश का सम्मान होना चाहिए. उन्होंने इस पूरे मामले में कथित खरीद-फरोख्त और भ्रष्टाचार के भी आरोप लगाए.
दिल्ली में इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन को समर्थन
वहीं दिल्ली में इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन को लेकर भी गोविंद सिंह डोटासरा ने बयान दिया. डोटासरा ने वोट चोरी के मुद्दे पर दिल्ली में होने वाले इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन में राजस्थान से हजारों लोगों के शामिल होने की बात कही. उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर गठबंधन के साथ है. इसके साथ ही लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस संघर्ष जारी रखेगी.