दीपावली पर नकली पनीर, मावा और घी से रहें सावधान: राजस्थान में छापेमारी से हड़कंप, ऐसे पकड़ें मिलावट
दीपावली से पहले राजस्थान में मिलावटखोरों पर कार्रवाई तेज हो गई है. जयपुर में 85 हजार किलो अचार व कच्चा माल सीज, खैरथल में 120 किलो कलाकंद और 100 किलो दूध नष्ट, जबकि पाली में संदिग्ध घी के नमूने जांच के लिए भेजे गए.
दीपावली से पहले राजस्थान में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई तेज हो गई है. जयपुर, खैरथल-तिजारा और पाली में टीमों ने अलग-अलग जगहों पर जांच और छापेमारी की. जयपुर में करीब 85 हजार किलो अचार और कच्चा माल नष्ट करने के लिए सीज किया गया. खैरथल-तिजारा में बदबूदार कलाकंद और दूध नष्ट करवाया गया, जबकि देसी घी जब्त किया गया. वहीं, पाली में एक डेयरी फार्म से संदिग्ध घी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं.
जयपुर: अचार की टंकियों में मिले मच्छर, मकड़ियां और मरी छिपकलियां
‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जयपुर की मुहाना मंडी स्थित श्री श्याम फूड्स पर छापा मारा. जांच के दौरान बेसमेंट में करीब 100 प्लास्टिक की टंकियों में अचार और कच्चा माल रखा मिला. इनमें करीब 5 हजार किलो तैयार अचार और गाजर, कैरी, नींबू व मिर्ची सहित लगभग 80 हजार किलो कच्चा माल था.
जांच में टंकियों के अंदर मच्छर, मकड़ियां और जाले मिले. कुछ टंकियों में मरी हुई छिपकलियां भी पाई गईं. परिसर में गंदगी थी और खिड़कियां व जालियां भी टूटी हुई थीं. टीम ने सॉस और अचार के नमूने लिए. करीब 1,700 किलो पैक अचार और सॉस को भी सीज किया गया. दूषित होने की आशंका के चलते कुल करीब 85 हजार किलो सामग्री नष्ट करने के लिए सीज की गई.
खैरथल-तिजारा: 120 किलो कलाकंद और 100 किलो दूध नष्ट
खाद्य सुरक्षा विभाग और जिला स्पेशल टीम ने किशनगढ़बास के बेड़ा का बास इलाके में संयुक्त कार्रवाई की. यहां मैसर्स कमरुद्दीन के यहां से दूध, कलाकंद और मिल्क पाउडर के नमूने लिए गए. मौके पर करीब 120 किलो बदबूदार कलाकंद और 100 किलो मिश्रित दूध नष्ट करवाया गया.
वहीं, मैसर्स सुमरदिन के यहां से दूध, कलाकंद और पोद्दार ब्रांड के देसी घी के नमूने लिए गए. इसके साथ ही करीब 120 किलो देसी घी जब्त किया गया. जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
पाली: डेयरी फार्म से संदिग्ध घी जब्त
पाली में खाद्य सुरक्षा टीम ने दीपावली के मद्देनजर किसान डेयरी फार्म एंड फूड्स प्राइवेट लिमिटेड पर छापा मारा. यहां से करीब 10 लीटर संदिग्ध घी जब्त किया गया. टीम को मिलावटी घी की मांग और आपूर्ति को लेकर शिकायत मिली थी. जांच के दौरान तैयार स्टॉक की गुणवत्ता पर भी संदेह जताया गया. अलग-अलग बैचों से नमूने लेकर राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए हैं.
असली और नकली खाद्य पदार्थों की पहचान कैसे करें?
खाद्य पदार्थ खरीदते समय सिर्फ कम कीमत देखकर सामान न खरीदें. पैकेट की सील, पैकेजिंग, बैच नंबर, निर्माण और एक्सपायरी की तारीख जरूर जांचें. ब्रांडेड सामान पर बारकोड हो तो उसे स्कैन करके जानकारी की पुष्टि करें. मिलते-जुलते नाम या पैकेजिंग वाले उत्पादों से सावधान रहें. सामान की गुणवत्ता पर शक होने पर उसे इस्तेमाल करने से बचें और खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दें.
पाली के CMHO डॉ. विकास मारवाल ने भी लोगों से सस्ता सामान खरीदते समय सावधानी बरतने की अपील की है. उन्होंने कहा कि ब्रांडेड उत्पाद की पैकेजिंग और बारकोड की जांच करें. अगर किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट का शक हो, तो विभाग के कंट्रोल रूम में सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके.