लड़की ने शादी से किया इनकार, मोबाइल टावर पर चढ़ा लड़का, नीचे उतरने को तैयार नहीं, पुलिस-प्रशासन के छूटे पसीने
धौलपुर में प्रेमिका के शादी से इनकार करने पर 21 वर्षीय युवक संजय मोबाइल टावर पर चढ़ गया. 2 घंटे से अधिक समय से पुलिस और परिजन उसे समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं.
राजस्थान के धौलपुर जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक मामला सामने आया है. यहां एक युवक युवती से शादी करने की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गया. युवती के शादी से इनकार करने पर युवक ने यह कदम उठाया. घटना मनिया थाना क्षेत्र के मांगरोल गांव के पास की है. टावर पर चढ़े युवक की पहचान खिल्ली गांव निवासी 21 वर्षीय संजय के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही मनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवक को नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए.
यह भी पढे़ं- झालावाड़ में पारिवारिक कलह के चलते खूनी संघर्ष, बहू ने ससुर पर चाकू से किया जानलेवा हमला, हालत नाजुक
2 घंटे से अधिक समय से टावर पर चढ़ा है युवक
जानकारी के अनुसार, संजय मोबाइल टावर पर चढ़ने के बाद नीचे उतरने को तैयार नहीं है. घटना को करीब 2 घंटे से अधिक समय बीत चुका है. पुलिस और परिजन लगातार युवक को समझाने में जुटे हुए हैं, लेकिन उनकी समझाइश का फिलहाल कोई असर नहीं हुआ है.
युवक अपने साथ मोबाइल फोन भी लेकर टावर पर चढ़ा है. वह मोबाइल के जरिए जिला प्रशासन और अपने परिजनों से लगातार बातचीत कर रहा है. इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई है. लोग युवक के नीचे उतरने का इंतजार कर रहे हैं.
पुलिस और परिजन कर रहे हैं समझाइश
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार युवक से बातचीत कर रही है. परिजन भी उसे समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश कर रहे हैं. युवक की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क है.
यह भी पढे़ं- प्रेमी संग मिलकर पति को मारा, हादसा दिखाकर हड़पना था बीमा क्लेम! 60 CCTV ने खोली ब्लाइंड मर्डर की पोल
पुलिस का कहना है कि लगातार समझाइश के बावजूद यदि युवक नीचे नहीं उतरता है तो उसे सुरक्षित उतारने के लिए अन्य सुरक्षात्मक तरीके अपनाए जाएंगे. फिलहाल पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता युवक को सकुशल मोबाइल टावर से नीचे उतारना है. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी लगातार प्रयास कर रहे हैं.