App

धौलपुर मचकुंड सरोवर में पितृ-पक्ष के बीच हजारों मछलियों की मौत, चारों ओर फैली तेज बदबू

धौलपुर के प्रसिद्ध तीर्थस्थल मचकुंड धाम के पवित्र सरोवर में हजारों मछलियों की मौत से हड़कंप मच गया. सरोवर में मृत मछलियां तैरने से दुर्गंध फैल रही है, वहीं पितृपक्ष में तर्पण और स्नान के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है. मछलियों की मौत की वजह को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं.

धौलपुर मचकुंड सरोवर में पितृ-पक्ष के बीच हजारों मछलियों की मौत, चारों ओर फैली तेज बदबू
Image Credit: मचकुंड सरोवर में मछलियों की मौत

Dholpur News: राजस्थान के धौलपुर के प्रसिद्ध तीर्थस्थल मचकुंड धाम में आस्था के प्रतीक माने जाने वाले पवित्र मचकुंड सरोवर में हजारों मछलियों की मौत से सनसनी फैल गई है. सरोवर के किनारों पर जगह-जगह मृत मछलियां तैरती हुई दिखाई दे रही हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में तेज दुर्गंध फैल गई है और श्रद्धालुओं में भारी चिंता है.

मेले के बाद सरोवर में मछलियों की मौत पर उठे सवाल 
स्थानीय लोगों के अनुसार, हाल ही में आयोजित हुए देवछठ मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मचकुंड पहुंचे थे. इस दौरान सरोवर में अनाज, पूरी-सब्जी और रिफाइंड में तली पूरियां बड़ी मात्रा में डाली गई. माना जा रहा है कि खाद्य सामग्री के सड़ने से पानी में संक्रमण फैल गया, जिससे पानी की गुणवत्ता बिगड़ गई और मछलियों की मौत हो गई. हालांकि सरोवर के महंत कृष्णदास का कहना है कि मछलियों की मौत किसी बीमारी के कारण हुई है.

मृत मछलियों और दुर्गंध के बीच तर्पण को मजबूर श्रद्धालु
सबसे बड़ी परेशानी पितृपक्ष के चलते हो रही है. इन दिनों सैकड़ों श्रद्धालु पितरों के तर्पण और स्नान के लिए मचकुंड सरोवर पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें मृत मछलियों और दुर्गंध के बीच ही स्नान और पूजा करने को मजबूर होना पड़ रहा है. कई श्रद्धालुओं ने बताया कि पानी से इतनी बदबू आ रही है कि खड़ा होना भी मुश्किल हो रहा है.

सफाई और पानी की जांच की मांग 
श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सरोवर की तत्काल सफाई, मृत मछलियों को बाहर निकालने और पानी की जांच कराने की मांग की है, ताकि मछलियों की मौत की असली वजह सामने आ सके और आस्था के इस पवित्र सरोवर को बचाया जा सके.  

श्राद्ध पक्ष में मचकुंड और नदी घाटों पर तर्पण
बता दें कि जिले भर में श्राद्ध पक्ष शुरू होते ही लोगों ने तीर्थराज मचकुंड सहित अन्य नदियों पर पितरों को तर्पण किया. पंडित और आचार्यों ने नदी के घाटों पर मंत्रोच्चारण के साथ अन्न, तिल, चावल, जौ आदि से तर्पण कराया और अपने पूर्वजों को याद कर परिवार के सुखी और हरा-भरा रहने की मनौती मांगी. श्राद्ध पक्ष 16 दिन तक चलेगा.

मचकुंड और पार्वती नदी के घाटों पर उमड़ी भीड़
श्राद्ध पक्ष शुरू होते ही लोगों ने तीर्थराज मचकुंड, पार्वती नदी सहित अन्य घाटों पर पहुंचकर पितृ पक्ष में अपने पितरों का तर्पण कर पूजा-अर्चना की. इस मौके पर शहर के सैकड़ों लोगों ने तीर्थराज मचकुंड सहित अन्य नदियों पर पहुंचकर पितृ पक्ष में अपने पितरों को तर्पण कर पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया.  

Report- Bhanu Sharma

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sneha Aggarwal

Sneha Aggarwal

मैं स्नेहा अग्रवाल जी राजस्थान न्यूज में सब एडिटर के रूप में कार्यरत हूं और राजस्थान से जुड़ी हर बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी न्यूज़ पर पकड़ रखती हूं. क्राइम और कल्चर की खबरों में दिलचस्पी है. मुझे डिजिटल मीडिया का करीब 4 साल का साल का अनुभव है. इससे पहले मैं ZeeBihar में अपनी सेवाएं दे चुकी हूं. 4 साल के जर्नलिज्म करियर में लोकल, क्राइम, हेल्थ, एंटरटेनमेंट, वायरल और लाइफस्टाइल बीट पर काम किया है. मैंने यहां पर राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, ऑपेरशन सिंदूर समेत कई बड़े ईवेंट्स कवर किए हैं.
Read More