App

डीडवाना कोचिंग में छात्र से मारपीट: पहले टीचर ने गर्दन पकड़कर टेबल पर पटका, फिर जूते से बुरी तरह पीटा

राजस्थान के डीडवाना जिले के कुचामन शहर में एक कोचिंग शिक्षक पर छात्र के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है. यह घटना 10 अक्टूबर की जागृति क्लासेज की बताई जा रही है. आरोप है कि शिक्षक ने छात्र की गर्दन पकड़कर उसे टेबल पर गिराया और जूते से मारपीट की. घटना CCTV कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है. छात्र की शिकायत पर पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

डीडवाना कोचिंग में छात्र से मारपीट: पहले टीचर ने गर्दन पकड़कर टेबल पर पटका, फिर जूते से बुरी तरह पीटा
Image Credit: Zee Media

Deedwana News: राजस्थान के डीडवाना जिले के कुचामन शहर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कोचिंग क्लास में शिक्षक पर छात्र के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है. घटना क्लासरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है. 

आरोप है कि शिक्षक ने छात्र की गर्दन पकड़कर उसे टेबल पर गिरा दिया और इसके बाद जूते से मारपीट की. इतना ही नहीं, छात्र ने शिक्षक पर दोबारा दिखाई देने पर मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है.

कोचिंग क्लास में मारपीट का आरोप 
यह मामला कुचामन शहर के जागृति क्लासेज का है और घटना 10 अक्टूबर की बताई जा रही है. छात्र की ओर से पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, शिक्षक श्योपाल ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं. घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें क्लासरूम के अंदर शिक्षक और छात्र के बीच का घटनाक्रम दिखाई दे रहा है. इस दौरन पहले टीचर छात्र को गर्दन से पकड़कर टेबल पर पटक देता है और फिर मारपीट करता है. छात्र बचाव करने की कोशिश करता है, लेकिन शिक्षक उसका हाथ मरोड़ देता है. 

शिकायत के बाद शिक्षक पर केस दर्ज
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने छात्र का मेडिकल करवाया. कुचामन थानाधिकारी राजेंद्र खदाव के अनुसार, रविवार शाम शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. मामले की जांच एएसआई राजेंद्र कुमार को सौंपी गई है.

CCTV और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जांच
फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों, छात्र के मेडिकल और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. मारपीट किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.

शिक्षक ने छात्र पर लगाए अनुशासनहीनता के आरोप
इस मामले को लेकर कोचिंग शिक्षक श्योपाल दूधवाल ने बताया कि छात्र पढ़ाई नहीं करता और बैग में धूम्रपान का सामान लाता था. वहीं, मना करने पर मेरे साथ मारपीट करने लगा. उसे काफी समझाया, लेकिन नहीं माना. हालांकि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. 

शिक्षण संस्थानों में बच्चों की सुरक्षा पर सवाल
CCTV फुटेज सामने आने के बाद कोचिंग में पढ़ने वाले अन्य छात्रों और उनके अभिभावकों में नाराजगी फैल गई है. अब सवाल यह है कि शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं? फिलहाल इस मामले में पुलिस जांच के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ हो पाएगी. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sneha Aggarwal

Sneha Aggarwal

मैं स्नेहा अग्रवाल जी राजस्थान न्यूज में सब एडिटर के रूप में कार्यरत हूं और राजस्थान से जुड़ी हर बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी न्यूज़ पर पकड़ रखती हूं. क्राइम और कल्चर की खबरों में दिलचस्पी है. मुझे डिजिटल मीडिया का करीब 4 साल का साल का अनुभव है. इससे पहले मैं ZeeBihar में अपनी सेवाएं दे चुकी हूं. 4 साल के जर्नलिज्म करियर में लोकल, क्राइम, हेल्थ, एंटरटेनमेंट, वायरल और लाइफस्टाइल बीट पर काम किया है. मैंने यहां पर राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, ऑपेरशन सिंदूर समेत कई बड़े ईवेंट्स कवर किए हैं.
Read More