आधी रात, सोता हुआ परिवार और 6 फीट का 'शिकारी': बांसवाड़ा में खाट के पास पहुंचा मगरमच्छ, फिर जो हुआ...
Banswara News: बांसवाड़ा के बोरी गांव में शुक्रवार रात करीब 3 बजे एक घर के पास 6 फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई देने से हड़कंप मच गया. मगरमच्छ घर में घुसने की कोशिश कर रहा था, जबकि बाहर खाट पर एक परिवार सो रहा था. स्थानीय युवाओं ने आवाज देकर परिवार को जगाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
Banswara News: राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के गढ़ी क्षेत्र के आदर्श गांव बोरी में शुक्रवार रात करीब 3 बजे उस समय हलचल मच गई, जब एक मोहल्ले में करीब 6 फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई दिया. मगरमच्छ एक घर में घुसने की कोशिश कर रहा था. इसी घर के बाहर एक परिवार खाट पर सो रहा था. स्थानीय युवाओं ने आवाज देकर परिवार को जगाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
मगरमच्छ का रेस्क्यू कर नदी में छोड़ा
मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना फोन के जरिए मिलने पर परतापुर गौशाला की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची. पुलिस थाना गढ़ी, पुलिस थाना अरथुना, स्थानीय युवाओं और मोहल्लेवासियों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया. टीम ने काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया. इसके बाद उसे नदी में छोड़ दिया गया.
युवाओं की सतर्कता से परिवार सुरक्षित
रेस्क्यू अभियान में राहुल पंचाल, परेश डिंडोर, कृष्णा खराड़ी, नयन डाबी, नितेश कलाल, रामा, गिरीश खांट, पार्षद गायत्री खांट सहित मोहल्लेवासियों और पुलिस प्रशासन का सहयोग रहा. रात के समय मगरमच्छ के आबादी क्षेत्र में पहुंचने से लोगों में चिंता का माहौल रहा. युवाओं की सतर्कता और रेस्क्यू टीम की मदद से परिवार को सुरक्षित बाहर निकालने और मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की कार्रवाई पूरी की गई.
पढ़ें एक और बड़ी खबर
झालावाड़ जिले के मनोहरथाना थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसे बेचने की फिराक में शामिल तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत किशोरी को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया और परिजनों के सुपुर्द कर दिया. मामले में पुलिस की ओर से आगे की जांच जारी है.
किशोरी को बहला-फुसलाकर लाने का आरोप
झालावाड़ पुलिस अधीक्षक अमित बुडानिया ने बताया कि गत 5 अक्टूबर 2026 को मनोहरथाना पुलिस को मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ग्राम घोड़ाखेड़ा पहुंची. यहां पुलिस को एक किशोरी मिली, जिसने बताया कि बालू सिंह गुर्जर, शंकर चौहान और काजल उर्फ सजनी उसे उत्तर प्रदेश से बहला-फुसलाकर अपने साथ लेकर आए थे. आरोप है कि तीनों उसे किसी व्यक्ति को बेचने की फिराक में है.
पुलिस ने लड़की को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया
मामले की गंभीरता को देखते हुए मनोहरथाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और लड़की को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया. इसके बाद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. वहीं मुक्त कराई किशोरी को आवश्यक कार्रवाई के बाद उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.
झालावाड़ पुलिस अधीक्षक अमित बुडानिया के निर्देशन में मनोहरथाना थाना अधिकारी महेंद्र यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की. फिलहाल मनोहरथाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लड़की को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सके.