प्रतापगढ़ पहुंचे CM भजनलाल शर्मा: 924 करोड़ के 1452 विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास, दीपेश्वर महादेव के किए दर्शन
Rajasthan Government Project: प्रतापगढ़ दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 924 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 1452 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया. मुख्यमंत्री ने पानी को राजस्थान की सबसे बड़ी जरूरत बताते हुए राम जल सेतु-ERCP, यमुना जल समझौता, नर्मदा जल परियोजना और माही बांध योजना का जिक्र किया.
Rajasthan Government Project: राजस्थान के प्रतापगढ़ में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का शनिवार को दौरा हुआ. तय कार्यक्रम से करीब पौने दो घंटे की देरी से मुख्यमंत्री दोपहर 2:20 बजे दशहरा मैदान स्थित हेलीपैड पहुंचे. यहां राजस्व मंत्री हेमंत मीणा, सहकारिता मंत्री गौतम दक, जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी सहित भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया. इसके बाद मुख्यमंत्री दीपेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की.
आदिवासी गैर नृत्य के जरिए स्वागत
मंदिर में पारंपरिक आदिवासी गैर नृत्य के जरिए उनका स्वागत किया गया. इसके बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जनसभा स्थल पहुंचे, जहां गौतमेश्वर महादेव की प्रतिमा, मांडना कला और तीर-कमान भेंट कर उनका स्वागत किया गया.
924 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उदयपुर संभाग में 924 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 1452 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इनमें 256 करोड़ रुपये से अधिक के 423 पूर्ण कार्यों का लोकार्पण तथा 668 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 1029 कार्यों का शिलान्यास शामिल है. सड़क, ग्रामीण विकास, बिजली, पेयजल, सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा और जनजातीय क्षेत्र से जुड़े कार्यों को इसमें शामिल किया गया है.
CM ने अपने संबोधन में पानी को बताया सबसे बड़ी जरूरत
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में राजस्थान की सबसे बड़ी जरूरत पानी को बताते हुए राम जल सेतु-ईआरसीपी, यमुना जल समझौते, नर्मदा जल परियोजना और माही बांध योजना का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि माही बांध योजना के तहत डूंगरपुर, बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ के लिए पेयजल और सिंचाई के पानी पर काम किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने के लक्ष्य, ग्रामीण क्षेत्रों में अटल ज्ञान केंद्रों के निर्माण, जनजातीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और युवाओं के लिए शिक्षा व कौशल विकास योजनाओं की भी जानकारी दी. मुख्यमंत्री ने प्रतापगढ़ की जनजातीय संस्कृति, थेवा कला और मालवा, मेवाड़ व बागड़ के सांस्कृतिक संगम का उल्लेख किया.
राजीविका से जुड़ी महिलाओं के उत्पादों को सरकारी संस्थानों की खरीद व्यवस्था से जोड़ने की पहल की जानकारी भी दी. उन्होंने जनजातीय विद्यार्थियों की सहायता राशि बढ़ाने और किसानों को मिनीकिट वितरण सहित विभिन्न योजनाओं का जिक्र किया.
जनसभा के बाद कार्यकर्ताओं से किया संवाद
जनसभा के बाद मुख्यमंत्री महाविद्यालय के ऑडिटोरियम पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में हिस्सा लिया और कार्यकर्ताओं से संवाद किया. जनसभा के दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी राजनीतिक आरोप लगाए और अपनी सरकार की विकास योजनाओं को जनता के सामने रखा. मुख्यमंत्री के दौरे में धार्मिक आस्था, जनजातीय संस्कृति और विकास योजनाएं प्रमुख रूप से केंद्र में रहीं.