App

चित्तौड़गढ़ में भक्ति का नया अंदाज: भजन क्लबिंग में झूमे युवा, 'हनुमान अंश' के अभिनेता भी पहुंचे

चित्तौड़गढ़ के श्रीनाथ गार्डन में सांसद सीपी जोशी की पहल पर सेवा संकल्प अभियान के तहत भजन क्लबिंग का आयोजन हुआ. दिल्ली के साधो बैंड और भजन गायक छोटू सिंह रावणा की प्रस्तुतियों पर युवा झूम उठे. फिल्म हनुमान अंश में नीब करौली बाबा की भूमिका निभाने वाले अभिनेता शोभिनव सत्या भी कार्यक्रम में शामिल हुए.

चित्तौड़गढ़ में भक्ति का नया अंदाज: भजन क्लबिंग में झूमे युवा, 'हनुमान अंश' के अभिनेता भी पहुंचे
Image Credit: चित्तौड़गढ़ में भक्ति का नया अंदाज

Chittorgarh News: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में भक्ति का ऐसा रंग जमा कि भजनों की धुन पर झूम उठा युवा जोश. सांसद सीपी जोशी की पहल पर आयोजित भजन क्लबिंग में भक्ति और आधुनिक संगीत का अनूठा संगम देखने को मिला. खास बात यह रही कि फिल्म हनुमान अंश में नीब करौली बाबा की भूमिका निभाने वाले अभिनेता शोभिनव सत्या भी इस आयोजन का हिस्सा बने. दिल्ली के साधो बैंड और भजन गायक छोटू सिंह रावणा की प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया. आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम से पहले ही 10 हजार से अधिक लोगों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था.  

श्रीनाथ गार्डन में भजन क्लबिंग का आयोजन
चित्तौड़गढ़ के श्रीनाथ गार्डन में सेवा संकल्प अभियान के तहत भजन क्लबिंग का भव्य आयोजन हुआ. यहां भक्ति संगीत और आधुनिक संगीत का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसने युवाओं को अपनी ओर आकर्षित किया. दिल्ली के साधो बैंड और भजन गायक छोटू सिंह रावणा की प्रस्तुतियों पर युवा झूमते नजर आए. फिल्म हनुमान अंश में नीब करौली बाबा की भूमिका निभाने वाले अभिनेता शोभिनव सत्या की मौजूदगी ने भी आयोजन को खास बनाया. कार्यक्रम में भाषणों और औपचारिकताओं के बजाय भजनों और भक्ति को केंद्र में रखा गया.

सांसद सीपी जोशी भी हुए शामिल 
सांसद सीपी जोशी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में भजन क्लबिंग का उल्लेख किया था. इसी प्रेरणा से चित्तौड़गढ़ में इस आयोजन की परिकल्पना साकार हुई. उन्होंने कहा कि आज देश का युवा भजन क्लबिंग और भजन जैमिंग के माध्यम से भक्ति की ओर बढ़ रहा है. कार्यक्रम में सभी लोग एक साथ बैठकर भजनों का आनंद लेते नजर आए. सांसद ने आयोजन को सफल बनाने वाले युवा साथियों, आयोजकों, जनप्रतिनिधियों और मीडिया का आभार व्यक्त किया.

नगर परिषद सभापति अनिल ईनाणी ने कार्यक्रम को शानदार और प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को देश, राष्ट्र और संस्कृति के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को सही दिशा देना जरूरी है और सांस्कृतिक कार्यक्रम इस दिशा में प्रभावी माध्यम बन सकते हैं. उनके अनुसार, ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रीय चेतना और देश की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी सहायक हैं. उन्होंने इस पहल के लिए सांसद सीपी जोशी का आभार जताया.

छोटू सिंह रावणा के भजनों पर झूमे युवा
कार्यक्रम संयोजक गौरव त्यागी ने बताया कि चित्तौड़गढ़ में पहली बार आयोजित भजन क्लबिंग को युवाओं का जबरदस्त समर्थन मिला. उनके मुताबिक, युवाओं की संख्या आयोजकों की उम्मीद से दो से तीन गुना अधिक रही. उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी मोबाइल और दूसरी गतिविधियों में व्यस्त रहती है, ऐसे में आधुनिक अंदाज में भजन क्लबिंग के जरिए उसे सनातन संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया गया. वहीं, अविनाश शर्मा ने भी युवाओं के उत्साह को चित्तौड़गढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति उनकी आस्था का प्रतीक बताया.

चित्तौड़गढ़ की इस भजन क्लबिंग ने भक्ति को आधुनिक अंदाज में युवाओं तक पहुंचाने की कोशिश की. भजनों की धुन, कलाकारों की प्रस्तुतियां और युवाओं का उत्साह इस आयोजन की खास पहचान बने.  

Report- Abhishek Sharma
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sneha Aggarwal

Sneha Aggarwal

मैं स्नेहा अग्रवाल जी राजस्थान न्यूज में सब एडिटर के रूप में कार्यरत हूं और राजस्थान से जुड़ी हर बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी न्यूज़ पर पकड़ रखती हूं. क्राइम और कल्चर की खबरों में दिलचस्पी है. मुझे डिजिटल मीडिया का करीब 4 साल का साल का अनुभव है. इससे पहले मैं ZeeBihar में अपनी सेवाएं दे चुकी हूं. 4 साल के जर्नलिज्म करियर में लोकल, क्राइम, हेल्थ, एंटरटेनमेंट, वायरल और लाइफस्टाइल बीट पर काम किया है. मैंने यहां पर राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, ऑपेरशन सिंदूर समेत कई बड़े ईवेंट्स कवर किए हैं.
Read More