90s में एक दवा ने कर दिया था गिद्धों का सफाया, अब चंबल में तैयार हो रही पूरी फौज
कभी इंसानों की एक छोटी सी गलती से गिद्ध विलुप्ति की कगार पर जा चुकी थे. मृत पशुओं को खाकर बीमारियां रोकने वाले इन कुदरत के सफाईकर्मियों को कैसे वन विभाग ने नई जिंदगी दी है, बताते हैं आपको.
गिद्धों को 'प्रकृति का सफाईकर्मी' (Nature's Scavengers) कहा जाता है. जमीन पर पड़े मृत पशुओं को मीलों दूर से देख लेने वाली इनकी तेज नजर और सड़े-गले मांस को पचा लेने वाला इनका शक्तिशाली पाचन तंत्र पर्यावरण को बीमारियों से बचाता है. इनके पेट में मौजूद एसिड हानिकारक रोगाणुओं को नष्ट कर देता है, जिससे खुले में संक्रमण फैलने का खतरा टल जाता है. लेकिन एक समय ऐसा था, जब हमारी ही एक गलती ने पर्यावरण के इन सबसे बड़े रक्षकों को विलुप्ति की कगार पर खड़ा कर दिया था.
डाइक्लोफेनाक : वो दवा जो बन गई गिद्धों का काल
वाइल्डलाइफ एक्सपर्ट ए.एच. जैदी बताते हैं कि 1980 से 1990 के दशक के दौरान पशुओं के दर्द निवारक इलाज के लिए 'डाइक्लोफेनाक' (Diclofenac) दवा का भारी इस्तेमाल होता था. जब इलाज के बावजूद पशु मर जाते, तो उनके शरीर में इस दवा का अंश बाकी रहता था.
इन मृत पशुओं को खाने पर वह दवा गिद्धों के शरीर में पहुंच जाती थी. इस दवा के जहरीले असर से गिद्धों की किडनी फेल होने लगी और वे बड़ी संख्या में मरने लगे. बाद में WWF और पक्षी विशेषज्ञों के अध्ययन में इस मौत की असली वजह सामने आयी. इसके बाद, साल 2006 में भारत सरकार ने पशु चिकित्सा में डाइक्लोफेनाक के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया. चूंकि गिद्ध साल में केवल एक अंडा देते हैं, इसलिए इनकी आबादी दोबारा बढ़ाना एक बड़ी चुनौती रही.
वन विभाग की संजीवनी : घायल गिद्धों का हो रहा इलाज
कोटा और चंबल घाटी में अब गिद्धों की आबादी फिर से संवर रही है और इसमें वन विभाग की अहम भूमिका है. सीसीएफ डॉ. टी. मोहन राज ने बताया कि अगर कोई गिद्ध घायल या बीमार मिलता है, तो उसे तुरंत चिड़ियाघर के रेस्क्यू सेंटर लाया जाता है. पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उन्हें वापस उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया जाता है. हाल ही में वन विभाग ने दो इंडियन वल्चर और एक इजिप्शियन वल्चर को स्वस्थ कर वापस चंबल के जंगलों में रिलीज किया है. डीएफओ मुथु एस के मुताबिक, लोगों को गिद्धों के महत्व के प्रति जागरूक किया जा रहा है
पर्यटन और सुरक्षा के बीच संतुलन की जरूरत
चंबल की घाटियों (जैसे गेपरनाथ और गराड़िया महादेव) का प्राकृतिक सौंदर्य पर्यटकों को खूब लुभाता है, लेकिन यहां गिद्धों के प्रजनन स्थलों के आसपास अनियंत्रित आवाजाही और शोर पक्षियों के लिए खतरा बन सकता है. एक दवा के कारण मौत के मुंह में जा चुकी गिद्धों की आबादी का आज कोटा के मुकुंदरा और चंबल में चहकना, पूरे देश के वन्यजीव संरक्षण के लिए एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि है.
ये भी पढ़ें : चंबल की दुर्गम चट्टानों में बसा है 500 गिद्धों का रहस्यमयी संसार, भारत में पाई जाने वाली सातों प्रजातियां मौजूद