)
बारां के अंता कस्बे के पास मोलकी रोड पर देर रात करीब 11 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया. अनियंत्रित होकर एक कार चंबल की दांयी मुख्य नहर में जा कूदी. हादसे के समय नहर में पूरी क्षमता से पानी बह रहा था, जिसके चलते कार पलभर में पानी में डूब गई और नजर आना बंद हो गई. तेज बहाव के कारण कार काफी दूर तक बहती चली गई, जिससे रेस्क्यू में भी भारी परेशानी आई.
बताया जा रहा है कि कार तेज गति में थी और अचानक नियंत्रण बिगड़ने से नहर में गिर गई. कार में अंता के लिसाड़ी गांव निवासी आशीष मीणा सवार था. वो गांव में दीपावली की पूजा कर अपने दोस्तों से मिलने अंता आ रहा था, इसी दौरान ये हादसा हो गया. आशीष के अचानक लापता होने और कार के नहर में गिरने की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और नहर के किनारे जमा हो गए.
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया. टीम ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया. तेज बहाव और अंधेरे के बीच रेस्क्यू में काफी दिक्कतें आईं. एसडीआरएफ के जवानों ने टॉर्च और रस्सियों की मदद से नहर में कार की तलाश शुरू की, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि कार का पता नहीं चल पा रहा था। करीब सात घंटे तक चली मशक्कत के बाद आखिरकार सुबह हाइड्रोलिक मशीन की मदद से नहर से कार को बाहर निकाला गया.
कार के अंदर से आशीष मीणा का शव बरामद हुआ. बताया जा रहा है कि कार में ही उसकी मौत हो गई. कार के शीशे बंद होने और पानी भर जाने से वह बाहर नहीं निकल पाया. शव को बाहर निकालकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में तेज गति और नियंत्रण बिगड़ना ही हादसे का कारण माना जा रहा है.
मृतक आशीष मीणा भाजपा कार्यकर्ता था. उसकी एक साल पहले ही शादी हुई थी. वह मिलनसार स्वभाव का था और गांव में सभी से अच्छे संबंध रखता था. दीपावली जैसे त्योहार पर इस हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया. जिस घर में कुछ घंटे पहले तक दीपावली की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है. परिजनों रो-रोकर बुरा हाल है.
हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है.ग्रामीणों ने बताया कि आशीष दीपावली मनाकर दोस्तों से मिलने के लिए अंता जा रहा था.उसे क्या पता था कि यह सफर उसका आखिरी सफर साबित होगा.घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंचे.लोगों ने प्रशासन से नहर के किनारे सुरक्षा दीवार और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे न हों.