जैसलमेर में देवरानी ने जेठानी को दी सियासी मात: 9 वोट से जीतीं मधुबाला, बनीं डिप्टी चेयरमैन
Jaisalmer News: जैसलमेर नगर परिषद के उपसभापति चुनाव में भाजपा समर्थित मधुबाला देवी सिंह चौहान ने कांग्रेस समर्थित प्रेमलता महेंद्र सिंह चौहान को 9 वोट से हराकर उपसभापति बनीं. मधुबाला को 27 और प्रेमलता को 18 वोट मिले. खास बात यह रही कि दोनों प्रत्याशी देवरानी-जेठानी हैं.
Jaisalmer News: राजस्थान के जैसलमेर नगर परिषद उपसभापति चुनाव का नतीजा बड़ा ही रोमांचक रहा. जहां देवरानी ने अपनी जेठानी को राजनीतिक पछाड़ देते हुए उपसभापति की कुर्सी पर काबिज हुई है. भाजपा समर्थित मधुबाला देवीसिंह चौहान और कांग्रेस समर्थित प्रेमलता महेंद्र सिंह चौहान चुनावी मैदान में आमने सामने रहीं. जिसमें देवरानी मधुबाला ने 27 वोट से बाजी मारी है.
भाजपा समर्थित मधुबाला चौहान को 27 वोट मिले. वहीं कांग्रेस समर्थित प्रेमलता चौहान को 18 वोट मिले. इस प्रकार इस चुनाव में मधुबाला 9 वोटों से विजयी हुईं. मधुबाला चौहान, प्रेमलता चौहान की देवरानी हैं. दोपहर 2:30 बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम 5 बजे तक जारी रही. जिसमें 45 पार्षदों ने मतदान किया. नगर परिषद के कुल 45 वार्डों में भाजपा के 25, कांग्रेस के 16 और 4 निर्दलीय पार्षद जीते थे.
पहली बार चुनाव लड़ी मधुबाला बनी उपसभापति
वार्ड नंबर 6 से चुनाव जीती मधुबाला चौहान को BJP ने अपना उपसभापति उम्मीदवार बनाया. मधुबाला चौहान पूर्व निर्दलीय पार्षद देवी सिंह चौहान की पत्नी हैं. उन्होंने पहली बार पार्षद का चुनाव लड़ा है. मधुबाला के पति देवी सिंह चौहान कांग्रेस उपसभापति की उम्मीदवार प्रेमलता चौहान के देवर हैं. देवी सिंह चौहान के बड़े भाई महेन्द्र सिंह चौहान की शादी प्रेमलता से हुई है.
प्रेमलता कांग्रेस में रखती हैं वर्चस्व
वार्ड नंबर 22 से चुनाव जीती प्रेमलता चौहान को कांग्रेस ने अपनी ओर से उपसभापति का दावेदार बनाया था. कांग्रेस की प्रेमलता चौहान इससे पहले भी कांग्रेस की तरफ से साल 2004 से 2009 तक पार्षद रह चुकी हैं. वहीं जैसलमेर महिला मोर्चा कांग्रेस की जिलाध्यक्ष भी रह चुकी हैं. प्रेमलता पूर्व नगर परिषद सभापति अशोक सिंह तंवर की बहन भी हैं, लेकिन वे अपनी ही देवरानी से उपसभापति का चुनाव हार चुकी हैं.
जनता ने भाजपा को दिया आशीर्वाद
भाजपा के जिला संगठन प्रभारी भोपाल सिंह ने कहा कि जैसलमेर की जनता ने भाजपा पर विश्वास जताया है, जिसका परिणाम आज सामने है. उन्होंने बताया कि चेयरमैन और वाइस चेयरमैन, दोनों पदों पर भाजपा प्रत्याशियों की जीत हुई है. उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा को बहुमत दिया है और आने वाले पांच वर्षों में बोर्ड जैसलमेर के विकास के लिए पूरी मेहनत करेगा.
पर्यटक नगरी जैसलमेर की साफ-सफाई और विकास पर विशेष ध्यान देने की बात भी उन्होंने कही. वहीं उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान युवा और बुजुर्ग कार्यकर्ताओं की एक मजबूत टीम तैयार हुई है और बेहतर तालमेल के साथ यह टीम शहर के विकास के लिए काम करेगी. उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में जैसलमेर में विकास और उपलब्धियां नजर आएंगी.