App

बारां में भाजपा प्रत्याशी परिवार समेत लापता: पति और बच्चे के साथ गायब, अपहरण का केस दर्ज

Baran Municipal Election: बारां नगर परिषद के वार्ड-16 से भाजपा प्रत्याशी एडवोकेट अंतिमा यादव मतदान के बाद अपने पति संजय यादव और बच्चे समेत लापता हैं. परिजनों की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया है. पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगालने के साथ सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.

बारां में भाजपा प्रत्याशी परिवार समेत लापता: पति और बच्चे के साथ गायब, अपहरण का केस दर्ज
Image Credit: Baran Municipal Election

Rajasthan News: बारां नगर परिषद चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद वार्ड-16 से भाजपा प्रत्याशी एडवोकेट अंतिमा यादव अपने पति और बच्चे समेत लापता हो गई हैं. मतदान के बाद से अंतिमा यादव, उनके पति संजय यादव और 7-8 साल के बच्चे के मोबाइल फोन बंद आ रहे हैं. परिजनों की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, अंतिमा यादव और उनके पति संजय यादव दोनों पेशे से अधिवक्ता हैं. 9 सितंबर को नगर परिषद चुनाव के पहले चरण का मतदान हुआ था. परिजनों का आरोप है कि मतदान के दिन अंबेडकर भवन स्थित मतदान केंद्र पर जनसंपर्क करने के बाद घर लौटते समय अज्ञात लोग उन्हें जबरन अपने साथ ले गए.


शाम तक बूथ पर दिखाई दी थीं

अंतिमा यादव के परिजन राजेंद्र यादव ने बताया कि वह मतदान केंद्र पर पोलिंग एजेंट के रूप में तैनात थे. उनके अनुसार, शाम करीब 5 बजे तक अंतिमा यादव मतदान केंद्र पर ही दिखाई दी थीं. मतदान खत्म होने के बाद जब वह घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. काफी तलाश के बाद भी जब अंतिमा यादव, उनके पति और बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार ने पुलिस से संपर्क किया. इसके बाद अंतिमा की सास अंगूरी बाई और मां कृष्णा बाई की ओर से कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई.


पार्टी से भी संपर्क टूटा
घटना के बाद भाजपा संगठन की ओर से भी अंतिमा यादव से संपर्क नहीं हो पाया. भाजपा नगर अध्यक्ष ओपी पारेता ने बताया कि मतदान के बाद पार्टी अपने सभी प्रत्याशियों से फीडबैक लेती है और जरूरत पड़ने पर उन्हें कार्यालय भी बुलाया जाता है. लेकिन मतदान के बाद से अंतिमा यादव से कोई संपर्क नहीं हो पाया है. परिवार से भी पार्टी को कोई जानकारी नहीं मिली है. पारेता के अनुसार, पार्टी अपने स्तर पर भी उनकी तलाश कर रही है. उन्होंने बताया कि वार्ड-16 में भाजपा की स्थिति मजबूत है और पार्टी को जीत की पूरी उम्मीद है.


CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
कोतवाली थाना सीआई हीरालाल पुनिया ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आसपास के रास्तों और इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. मतदान के बाद प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी की चर्चाओं के बीच भाजपा प्रत्याशी के पति और बच्चे समेत लापता होने से राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मामला अपहरण का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है.

 

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More