SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बीकानेर जिला प्रमुख की कुर्सी पर 'अपनों' की जंग: निकिता डूडी जीतीं, सरिता चौहान कांग्रेस से सस्पेंड

राजस्थान के बीकानेर में जिला प्रमुख चुनाव के नतीजे दिलचस्प रहे. यहां से बीजेपी ने अपना नामांकन वापस ले लिया तो कांग्रेस के दो नेताओं में सीधी टक्कर हो गई.

Written By Amitesh Pandey
Published: Nov 25, 2026, 20:52 IST | Updated: Nov 25, 2026, 21:01 IST
Image Credit: Social Media
Join

बीकानेर में जिला प्रमुख की कुर्सी का चुनाव इस बार किसी आम चुनावी मुकाबले से कहीं ज्यादा दिलचस्प और सियासी तौर पर बेहद अहम रहा. राजस्थान की राजनीति में आमतौर पर कांग्रेस और बीजेपी के बीच मुकाबला देखने को मिलता है लेकिन बीकानेर में तस्वीर बिल्कुल अलग नजर आई. बीजेपी ने अपने दोनों नामांकन वापस ले लिए और मुकाबला कांग्रेस के ही दो चेहरों के बीच सिमट गया. एक तरफ पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्वर्गीय रामेश्वर डूडी की पुत्रवधू निकिता डूडी थीं, तो दूसरी तरफ कांग्रेस से बगावत कर मैदान में उतरीं सरिता चौहान. आखिरकार निकिता डूडी ने 23 वोट हासिल कर जिला प्रमुख की कुर्सी पर जीत दर्ज कर ली. हालांकि, इस चुनाव ने कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी को भी खुलकर उजागर कर दिया.

बीकानेर जिला प्रमुख का चुनाव और कांग्रेस के भीतर सियासी शक्ति प्रदर्शन

जिस कुर्सी को लेकर पिछले कई दिनों से पार्टी के अंदर खींचतान चल रही थी, उस पर आज फैसला हो गया. इस फैसले तक पहुंचने का रास्ता बेहद रोचक और राजनीतिक उठापटक से भरा रहा. दरअसल, जिला परिषद की 41 सीटों के इस चुनाव में कांग्रेस की निकिता डूडी और सरिता चौहान आमने-सामने थीं. बीजेपी ने अपने दोनों नामांकन वापस लेकर मुकाबले से दूरी बना ली और कांग्रेस के ही एक नेता को वोट देने का फैसला किया. इसके बाद चुनाव कांग्रेस के भीतर ही दो खेमों की लड़ाई बन गया. निकिता डूडी को 23 वोट मिले, जबकि सरिता चौहान को 18 वोट हासिल हुए. इस तरह निकिता डूडी ने 5 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की.

लंबे समय से चल रही सियासी खींचतान खुलकर सामन आई

इस मुकाबले के साथ ही कांग्रेस के भीतर लंबे समय से चल रही डूडी और मेघवाल खेमे की सियासी खींचतान भी खुलकर सामने आ गई. सरिता चौहान ने पार्टी के आधिकारिक चेहरे के सामने चुनावी मैदान में उतरकर बगावती तेवर दिखाए. उन्होंने साफ कहा कि यह उनकी अपनी राजनीतिक लड़ाई है, उनके पिता और भाई की इस बगावत में कोई भूमिका नहीं है. सरिता ने इसे अपनी राजनीतिक शुरुआत बताते हुए आगे भी संघर्ष जारी रखने के संकेत दिए.

ये रहेंगी प्राथमिकताएं

वहीं, जीत के बाद निकिता डूडी ने अपने ससुर और पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्वर्गीय रामेश्वर डूडी के पदचिह्नों पर चलकर जनता के लिए काम करने की बात कही. उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों की प्राथमिकताओं और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर काम करने को अपनी प्राथमिकता बताया. इस दौरान नोखा विधायक सुशीला डूडी ने नोखा की जनता और जिला परिषद सदस्यों का आभार जताया. चुनाव के दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे.

6 साल के लिए पार्टी से निलंबित

कहानी यहीं खत्म नहीं हुई सरिता चौहान के बागी रुख और पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ने के बाद कांग्रेस ने उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया. यानी जिला प्रमुख की कुर्सी पर निकिता डूडी की जीत के साथ ही कांग्रेस के भीतर बगावत का एक नया अध्याय भी शुरू हो गया. बीकानेर के इस चुनाव ने साफ कर दिया कि जिला प्रमुख की कुर्सी की लड़ाई सिर्फ एक पद तक सीमित नहीं थी बल्कि कांग्रेस के भीतर राजनीतिक वर्चस्व और गुटीय ताकत का भी इम्तिहान थी. निकिता डूडी ने जीत का परचम लहराया लेकिन सरिता चौहान की बगावत और उसके बाद हुए निलंबन ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. अब देखना होगा कि इस सियासी टकराव के बाद बीकानेर कांग्रेस में एकजुटता लौटती है या अंदरूनी खींचतान आगे भी जारी रहती है.

(बीकानेर से रौनक व्यास की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें ; कौन हैं 21 साल की संतोष कुमारी? जैसलमेर जिला प्रमुख चुनाव में रचा इतिहास, निर्विरोध निर्वाचन
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. वे हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. पत्रकारिता की पढ़ाई भी प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES