)
बीकानेर में जिला प्रमुख की कुर्सी का चुनाव इस बार किसी आम चुनावी मुकाबले से कहीं ज्यादा दिलचस्प और सियासी तौर पर बेहद अहम रहा. राजस्थान की राजनीति में आमतौर पर कांग्रेस और बीजेपी के बीच मुकाबला देखने को मिलता है लेकिन बीकानेर में तस्वीर बिल्कुल अलग नजर आई. बीजेपी ने अपने दोनों नामांकन वापस ले लिए और मुकाबला कांग्रेस के ही दो चेहरों के बीच सिमट गया. एक तरफ पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्वर्गीय रामेश्वर डूडी की पुत्रवधू निकिता डूडी थीं, तो दूसरी तरफ कांग्रेस से बगावत कर मैदान में उतरीं सरिता चौहान. आखिरकार निकिता डूडी ने 23 वोट हासिल कर जिला प्रमुख की कुर्सी पर जीत दर्ज कर ली. हालांकि, इस चुनाव ने कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी को भी खुलकर उजागर कर दिया.
जिस कुर्सी को लेकर पिछले कई दिनों से पार्टी के अंदर खींचतान चल रही थी, उस पर आज फैसला हो गया. इस फैसले तक पहुंचने का रास्ता बेहद रोचक और राजनीतिक उठापटक से भरा रहा. दरअसल, जिला परिषद की 41 सीटों के इस चुनाव में कांग्रेस की निकिता डूडी और सरिता चौहान आमने-सामने थीं. बीजेपी ने अपने दोनों नामांकन वापस लेकर मुकाबले से दूरी बना ली और कांग्रेस के ही एक नेता को वोट देने का फैसला किया. इसके बाद चुनाव कांग्रेस के भीतर ही दो खेमों की लड़ाई बन गया. निकिता डूडी को 23 वोट मिले, जबकि सरिता चौहान को 18 वोट हासिल हुए. इस तरह निकिता डूडी ने 5 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की.
इस मुकाबले के साथ ही कांग्रेस के भीतर लंबे समय से चल रही डूडी और मेघवाल खेमे की सियासी खींचतान भी खुलकर सामने आ गई. सरिता चौहान ने पार्टी के आधिकारिक चेहरे के सामने चुनावी मैदान में उतरकर बगावती तेवर दिखाए. उन्होंने साफ कहा कि यह उनकी अपनी राजनीतिक लड़ाई है, उनके पिता और भाई की इस बगावत में कोई भूमिका नहीं है. सरिता ने इसे अपनी राजनीतिक शुरुआत बताते हुए आगे भी संघर्ष जारी रखने के संकेत दिए.
वहीं, जीत के बाद निकिता डूडी ने अपने ससुर और पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्वर्गीय रामेश्वर डूडी के पदचिह्नों पर चलकर जनता के लिए काम करने की बात कही. उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों की प्राथमिकताओं और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर काम करने को अपनी प्राथमिकता बताया. इस दौरान नोखा विधायक सुशीला डूडी ने नोखा की जनता और जिला परिषद सदस्यों का आभार जताया. चुनाव के दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे.
कहानी यहीं खत्म नहीं हुई सरिता चौहान के बागी रुख और पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ने के बाद कांग्रेस ने उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया. यानी जिला प्रमुख की कुर्सी पर निकिता डूडी की जीत के साथ ही कांग्रेस के भीतर बगावत का एक नया अध्याय भी शुरू हो गया. बीकानेर के इस चुनाव ने साफ कर दिया कि जिला प्रमुख की कुर्सी की लड़ाई सिर्फ एक पद तक सीमित नहीं थी बल्कि कांग्रेस के भीतर राजनीतिक वर्चस्व और गुटीय ताकत का भी इम्तिहान थी. निकिता डूडी ने जीत का परचम लहराया लेकिन सरिता चौहान की बगावत और उसके बाद हुए निलंबन ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. अब देखना होगा कि इस सियासी टकराव के बाद बीकानेर कांग्रेस में एकजुटता लौटती है या अंदरूनी खींचतान आगे भी जारी रहती है.
(बीकानेर से रौनक व्यास की रिपोर्ट)