भिवाड़ी की हवा दिल्ली से भी जहरीली! 85 लाख की एंटी स्मॉग गन 4 महीने से खा रही धूल
भिवाड़ी में प्रदूषण का स्तर लगातार चिंताजनक बना हुआ है. 18 नवंबर को शहर का AQI 306 दर्ज किया गया, जो दिल्ली के AQI 232 से भी ज्यादा है. हैरानी की बात यह है कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए 85 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई दो एंटी स्मॉग गन वाली गाड़ियां पिछले चार महीने से नगर परिषद परिसर में खड़ी हैं.
राजस्थान के औद्योगिक शहर भिवाड़ी में वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है. प्रदूषण से राहत मिलने के बजाय शहर की आबोहवा लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है. हालात यह हैं कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए लाखों रुपये खर्च कर खरीदी गई एंटी स्मॉग गन पिछले चार महीने से नगर परिषद परिसर में खड़ी धूल फांक रही है. वहीं, शहर में धूल के कणों को नियंत्रित करने के लिए अब भी दमकल की गाड़ियों से पानी का छिड़काव किया जा रहा है.
18 नवंबर 2026 को शाम 4 बजे जारी वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) के आंकड़ों के अनुसार, भिवाड़ी का AQI 306 दर्ज किया गया. यह स्तर 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है. वहीं, दिल्ली का AQI 232 रहा, जो 'खराब' श्रेणी में दर्ज किया गया यानी भिवाड़ी की हवा दिल्ली के मुकाबले भी ज्यादा प्रदूषित बनी हुई है. आंकड़ों के मुताबिक, भिवाड़ी में PM2.5 प्रदूषण का प्रमुख कारक रहा. भिवाड़ी का AQI 301 से 400 के बीच होने पर इसे 'बहुत खराब' श्रेणी में रखा जाता है. इस स्तर पर लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहने से लोगों को सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है. शहर में प्रदूषण का प्रमुख कारण PM2.5 कण बने हुए हैं.
चार महीने से नगर परिषद परिसर में खड़ी एंटी स्मॉग गन
प्रदूषण से निपटने के लिए नगर परिषद ने अगस्त महीने में एंटी स्मॉग गन से लैस पानी के छिड़काव वाले दो वाहन खरीदे थे. इन पर करीब 85 लाख रुपये खर्च किए गए. इन वाहनों का उद्देश्य सड़कों पर पानी का छिड़काव कर धूल के महीन कणों को हवा में फैलने से रोकना था लेकिन खरीद के करीब चार महीने बाद भी ये वाहन सड़कों पर नहीं उतरे हैं.
हैरानी की बात यह है कि जिस उद्देश्य से लाखों रुपये की आधुनिक मशीनें खरीदी गईं, उसी काम के लिए आज भी दमकल की गाड़ियों का सहारा लिया जा रहा है. नगर परिषद परिसर में खड़े ये वाहन प्रदूषण नियंत्रण की तैयारियों पर सवाल खड़े कर रहे हैं.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान में ठंड से कांपने के लिए हो जाओ तैयार! मौसम ने बना लिया है प्लान, इन शहरों के लिए अलर्ट जारी
पानी के छिड़काव के दावों के बीच प्रदूषण बरकरार
नगर परिषद की ओर से शहर के सभी वार्डों में पानी का छिड़काव करवाने का दावा किया जा रहा है, ताकि सड़कों पर जमा धूल हवा में न घुले. इसके बावजूद AQI के आंकड़ों में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है. ग्रेप-3 की पाबंदियां हटाकर ग्रेप-2 लागू किए जाने और निर्माण कार्यों पर लगी रोक हटने के बाद भी हवा की गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा.
18 नवंबर को शाम 4 बजे जारी AQI बुलेटिन के अनुसार, राजस्थान के कई शहरों में वायु गुणवत्ता अलग-अलग श्रेणियों में दर्ज की गई.
| शहर | AQI श्रेणी |
| भिवाड़ी | 306 बहुत खराब |
| खैरथल | 237 खराब |
| बीकानेर | 298 खराब |
| श्रीगंगानगर | 248 खराब |
| हनुमानगढ़ | 241 खराब |
| टोंक | 214 खराब |
| जयपुर | 129 मध्यम |
| जोधपुर | 116 मध्यम |
| अजमेर | 105 मध्यम |
ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब भिवाड़ी में प्रदूषण नियंत्रण के लिए लाखों रुपये खर्च कर आधुनिक मशीनें खरीदी गई हैं, तो उनका इस्तेमाल अब तक क्यों शुरू नहीं हुआ? क्या नगर परिषद इन वाहनों को सड़कों पर उतारकर प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में ठोस कदम उठाएगी या फिर ये मशीनें यूं ही परिसर में खड़ी धूल फांकती रहेंगी?
Report- Kuldeep Malwar