Bhilwara Mayor Election: कौन हैं जसवंत कंवर? जो बनेंगी भीलवाड़ा की पहली महिला मेयर!
भीलवाड़ा नगर निगम में बीजेपी की जसवंत कंवर का महापौर पद पर निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है. निर्दलीय प्रत्याशी संतोष कंवर ने नामांकन वापस ले लिया. वहीं, कांग्रेस की ओर से कोई नामांकन नहीं हुआ. आधिकारिक घोषणा के बाद जसवंत कंवर भीलवाड़ा की पहली महिला और पहली निर्विरोध महिला महापौर बन सकती हैं.
Bhilwara News: राजस्थान के भीलवाड़ा नगर निगम में महापौर पद के चुनाव की तस्वीर साफ हो गई है. बीजेपी की महापौर प्रत्याशी जसवंत कंवर का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है. निर्दलीय प्रत्याशी संतोष कंवर के नामांकन वापस लेने के बाद महापौर पद के लिए अब केवल जसवंत कंवर ही मैदान में हैं. कांग्रेस की ओर से भी इस पद के लिए कोई नामांकन दाखिल नहीं किया गया था.
वहीं, नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जसवंत कंवर के निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया है. हालांकि निर्वाचन की औपचारिक घोषणा होना अभी बाकी है. अगर आधिकारिक घोषणा होती है तो जसवंत कंवर भीलवाड़ा की पहली महिला महापौर बनने के साथ-साथ शहर की पहली निर्विरोध महिला महापौर भी होंगी.
15.72 लाख की संपत्ति, गोल्ड लोन भी
नामांकन के दौरान दिए गए रिकॉर्ड के अनुसार, जसवंत कंवर के पास लगभग 15 लाख 72 हजार रुपये की संपत्ति है और उनके पति के पास करीब 4 लाख 90 हजार रुपये की संपत्ति है. गुंदडी गांव में उनके पास करीब 10 बिस्वा जमीन भी है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई गई है. जसवंत कंवर पर एसबीआई बैंक का लगभग 8 लाख रुपये का गोल्ड लोन है और उनके पति के नाम बजाज फाइनेंस का करीब 1 लाख रुपये का लोन है.
यह भी पढ़ें- Mayor Election : भीलवाड़ा में बीजेपी ने रचा इतिहास बीजेपी की जसवंत कंवर मेयर, अजमेर में भी निर्विरोध जीत की तैयारी
बीजेपी से टिकट नहीं मिला तो संतोष कंवर ने लड़ा था निर्दलीय चुनाव
महापौर पद की दौड़ में शामिल निर्दलीय प्रत्याशी संतोष कंवर ने बीजेपी से टिकट मांगा था, लेकिन टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा. वार्ड नंबर-10 से चुनाव लड़ते हुए संतोष कंवर ने बीजेपी प्रत्याशी सविता जोशी को 699 वोटों के अंतर से हराया था. सविता जोशी को 466 वोट मिले थे. वहीं, संतोष कंवर को 1165 वोट मिल हुए थे.
संतोष कंवर इससे पहले भी पिछले बोर्ड में पार्षद रह चुकी हैं. साल 2021 में भी उन्होंने बीजेपी से टिकट मांगा था, लेकिन टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ा और बीजेपी प्रत्याशी को हराया था. इस बार भी टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरकर जीती.
पति हैं प्रॉपर्टी कारोबारी
संतोष कंवर के पति गजेन्द्र सिंह प्रॉपर्टी कारोबारी हैं और लंबे वक्त से भाजपा संगठन से जुड़े बताए जाते हैं. वे पूर्व महापौर के करीबी भी माने जाते हैं. वहीं, अब संतोष कंवर के नामांकन वापस लेने के बाद महापौर पद पर मुकाबला खत्म हो गया है और जसवंत कंवर का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है.