)
Bharatpur News: राजस्थान के भरतपुर नगर निगम बोर्ड की पहली बैठक में विकास के मुद्दों के साथ जमकर हंगामा भी देखने को मिला. बैठक में सफाई व्यवस्था, टूटी सड़कों, स्ट्रीट लाइट और कचरा संग्रहण जैसे मुद्दों पर पार्षदों ने अधिकारियों को घेरा. वहीं, कुर्सी को लेकर दो पार्षदों के बीच तीखी झड़प हो गई. महापुरुषों की तस्वीर हटाने और बैठने की व्यवस्था को लेकर भी पार्षदों ने नाराजगी जताई. खास बात यह रही कि बैठक के दौरान चार बार बिजली गुल हुई .
नगर निगम बोर्ड की पहली बैठक में शुरुआत से ही गहमागहमी का माहौल रहा. बैठक में छह एजेंडों पर चर्चा हुई, लेकिन विकास के मुद्दों के साथ पार्षदों के बीच आपसी विवाद भी सामने आया. सबसे पहले वार्ड 16 के पार्षद मोती सिंह ने सभागार से बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर हटाने का मुद्दा उठाया. उन्होंने अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए सभागार में सभी महापुरुषों की तस्वीरें लगाने की मांग की.
कुर्सी को लेकर दो महिला पार्षदों में झड़प
इसके बाद मेयर के बगल में डिप्टी मेयर अंबिका सैनी और आयुक्त श्रवण बिश्नोई की कुर्सी लगाने का मुद्दा उठा. वहीं, पार्षदों के परिजनों को बैठक से बाहर निकालने पर भी बहस हुई. इसी दौरान वार्ड 41 की पार्षद गोपाल कश्यप और वार्ड 26 की पार्षद वीरमति के बीच कुर्सी को लेकर तीखी झड़प हो गई. नौबत हाथापाई तक पहुंच गई. हालांकि, आयुक्त और अन्य पार्षदों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया.
बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी पार्षदों ने जमकर सवाल उठाए. पार्षदों ने ऑटो टिपर के नियमित नहीं आने, सफाई कर्मचारियों की गैरहाजिरी और खराब सफाई व्यवस्था का मुद्दा उठाया. पार्षदों ने सफाई कंपनी वी-वॉइस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए. इस पर आयुक्त श्रवण बिश्नोई ने स्पष्ट किया कि पार्षदों के सत्यापन के बिना सफाई कर्मचारियों की हाजिरी मान्य नहीं होगी. कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर को भी बैठक में बुलाकर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए.
बेसहारा पशुओं को पकड़ने और सड़क चौड़ीकरण की मांग
बैठक में बेसहारा बंदरों, सांड और गायों को पकड़ने की मांग भी उठी. वहीं, शहर में सड़क चौड़ीकरण, अतिक्रमण प्रभावित लोगों को मुआवजा और पुनर्वास जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई. बैठक के दौरान चार बार बिजली गुल होने से सभागार में अंधेरा छा गया, जिसने व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए.
30 और 100 दिवसीय कार्ययोजना पर चर्चा
मेयर अनुराधा सिंह ने बताया कि बैठक में 30 दिवसीय और 100 दिवसीय कार्ययोजना पर विचार किया गया. इसमें सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण प्रभावित लोगों को भूमि आवंटन सहित छह एजेंडों पर चर्चा हुई.