App

सायरन बजता रहा, रास्ता नहीं मिला: भरतपुर में ट्रैफिक का बुरा हाल, जाम में फंसी 5 एंबुलेंस

भरतपुर में करवा चौथ की खरीदारी के चलते बाजार में भीषण जाम लग गया. एक घंटे तक पांच एंबुलेंस फंसी रहीं, जिनमें गर्भवती महिला और गंभीर मरीज भी थे. सायरन बजाने पर भी रास्ता नहीं मिला. लोगों ने ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की मांग की.

सायरन बजता रहा, रास्ता नहीं मिला: भरतपुर में ट्रैफिक का बुरा हाल, जाम में फंसी 5 एंबुलेंस
Image Credit: Bharatpur Traffic Jam (Zee Media)

भरतपुर में करवा चौथ पर्व की खरीदारी के चलते बाजारों में भारी भीड़ उमड़ पड़ी. बिजली घर से चौबुर्जा तक सड़क पर भीषण जाम लग गया. दुकानों के सामने आड़े-तिरछे खड़े वाहन और ई-रिक्शा की भरमार से यातायात व्यवस्था चरमरा गई. हालात ऐसे बने कि एक घंटे जाम में पांच एंबुलेंस फंस गईं. इनमें एक एंबुलेंस में गर्भवती महिला को डिलीवरी के लिए जनाना अस्पताल ले जाया जा रहा था. एंबुलेंस चालक के अनुसार, सायरन बजाने के बावजूद रास्ता नहीं मिला और मरीज को अस्पताल पहुंचाने में देरी हुई. मौके पर ट्रैफिक पुलिस की अनुपस्थिति को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई और खुद ही वाहनों को हटाकर रास्ता खुलवाने का प्रयास किया.

जाम में फंसी पांच एंबुलेंस
जाम का सबसे चिंताजनक पहलू यह रहा कि इसमें पांच एंबुलेंस फंस गईं. इनमें एक एंबुलेंस में गर्भवती महिला को प्रसव के लिए जनाना अस्पताल ले जाया जा रहा था. महिला को अस्पताल पहुंचाना जरूरी था, लेकिन जाम के कारण एंबुलेंस करीब 20 मिनट से रास्ते में फंसी हुई थी. सायरन बजाने के बावजूद आगे निकलने के लिए रास्ता नहीं मिल पा रहा था. वहीं, जाम में फंसी एक अन्य एंबुलेंस के मरीज के परिजन ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के हाथरस से आ रहे थे. मरीज की हालत काफी खराब थी और एंबुलेंस करीब 45 मिनट से एक घंटे तक जाम में फंसी रही. परिजन के अनुसार, मौके पर यातायात संभालने या जाम खुलवाने के लिए कोई जिम्मेदार कर्मचारी नजर नहीं आया, जिससे मरीज को परेशानी का सामना करना पड़ा.

अक्सर लगा रहता है जाम
इस क्षेत्र में अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है. सड़क की चौड़ाई कम होने, गेट के कारण रास्ता बाधित होने, स्कूलों की आवाजाही और त्योहारों के दौरान बाजार में बढ़ने वाली भीड़ से हालात बिगड़ जाते हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस चौकी पर तैनात केवल दो कर्मचारियों के लिए पूरे बाजार और यातायात को संभालना मुश्किल हो जाता है. ऐसे में एंबुलेंस सहित चारपहिया वाहन भी जाम में फंस जाते हैं.

लोगों को करना पड़ता है परेशानी का सामना
जाम के दौरान लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर वाहन हटवाकर रास्ता खुलवाने की कोशिश की. लोगों ने बाजार में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने, दुकानों के सामने बेतरतीब पार्किंग पर रोक लगाने, ई-रिक्शा की आवाजाही व्यवस्थित करने और त्योहारों के दौरान अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग की, ताकि आपातकालीन वाहनों को समय पर रास्ता मिल सके.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

देवेंद्र सिंह

देवेंद्र सिंह

जी राजस्थान में वरिष्ठ संवाददाता (कॉरेस्पॉन्डेंट) के रूप में कार्यरत देवेन्द्र सिंह पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 25 वर्षों से निरंतर सक्रिय हैं। जी मीडिया में वे पूर्वी राजस्थान के प्रमुख जिलों—भरतपुर और डीग—का प्रतिनिधित्व करते हैं। बात चाहे मेवात क्षेत्र में बढ़ते अपराध की हो या स्थानीय राजनीति की, देवेन्द्र सिंह हर खबर को निष्पक्षता के साथ ग्राउंड जीरो से कवर करते हैं।राजनीति, अपराध, खेल, पर्यटन, वन्यजीव (वाइल्डलाइफ) और अवैध खनन से जुड़े विषयों पर उनकी गहरी पकड़ है। शहरी निकायों के विकास से लेकर ग्रामीण अंचल की जमीनी समस्याओं तक, वे हर खबर को प्रमुखता से दर्शकों तक पहुँचाते हैं। इसके साथ ही भरतपुर व डीग क्षेत्र में आबकारी (Excise) और माइंस (Mining) सेक्टर से जुड़ी खबरों की भी वे विश्लेषणात्मक रिपोर्टिंग करते हैं।जी मीडिया समूह से जुड़ने से पहले देवेन्द्र सिंह दैनिक भास्कर और प्रमुख समाचार एजेंसी ANI में भी अपनी उत्कृष्ट सेवाएँ दे चुके हैं।
Read More