SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

राम मंदिर के बाद घट गई पिंक स्टोन की मांग! संकट में भरतपुर के बंशी पहाड़पुर का कारोबार

अयोध्या के श्रीराम मंदिर निर्माण से देशभर में पहचान बनाने वाले भरतपुर के बंशी पहाड़पुर के पिंक स्टोन की मांग अब घटने लगी है. राम मंदिर का प्रमुख निर्माण कार्य पूरा होने के बाद कई पत्थर इकाइयां बंद होने की कगार पर हैं. हालांकि, कारोबारियों को उज्जैन के ओंकारेश्वर मंदिर और बिहार के सीता मंदिर प्रोजेक्ट से नई उम्मीदें हैं.

Written By देवेंद्र सिंह
Published: Nov 18, 2026, 19:08 IST | Updated: Nov 18, 2026, 19:13 IST
Image Credit: भरतपुर के बंशी पहाड़पुर का पिंक स्टोन
Join

अयोध्या के भव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण में अपनी खास पहचान बनाने वाला भरतपुर जिले के बयाना उपखंड स्थित बंशी पहाड़पुर का पिंक स्टोन एक बार फिर चर्चा में है. राम मंदिर निर्माण के दौरान इस पत्थर की देशभर में जबरदस्त मांग रही.  मंदिर के मुख्य ढांचे से लेकर बारीक नक्काशी तक में बंशी पहाड़पुर के पत्थर का उपयोग हुआ. इससे क्षेत्र के पत्थर कारोबार को भी नई पहचान और रफ्तार मिली थी.

हालांकि, राम मंदिर निर्माण का प्रमुख कार्य पूरा होने के बाद अब इस पत्थर की मांग में पहले जैसी तेजी नहीं रही है. पत्थर की कीमतें फिलहाल सामान्य बनी हुई हैं, लेकिन मांग घटने का असर कारोबार पर साफ दिखाई देने लगा है. पत्थर व्यवसायी धर्मसिंह चौधरी के अनुसार, वर्तमान में पिंक स्टोन की कीमतों में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है,  लेकिन मांग कम होने के कारण कई पत्थर इकाइयां बंद होने की कगार पर पहुंच गई हैं.

संसद भवन से राजस्थान विधानसभा तक बंशी पहाड़पुर के पत्थर की पहचान 
बंशी पहाड़पुर का पिंक स्टोन केवल अयोध्या के श्रीराम मंदिर तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की कई महत्वपूर्ण इमारतों और धार्मिक स्थलों के निर्माण में भी इसकी पहचान रही है. दिल्ली के संसद भवन, राजस्थान विधानसभा और इस्कॉन मंदिर सहित देश के कई भव्य मंदिरों और स्थापत्य परियोजनाओं में इस पत्थर के उपयोग का उल्लेख मिलता है. अपनी मजबूती, आकर्षक गुलाबी रंग और बारीक नक्काशी के लिए प्रसिद्ध यह पत्थर भारतीय वास्तुकला में विशेष स्थान रखता है.

राम मंदिर से मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान
बंशी पहाड़पुर का लाल और गुलाबी बलुआ पत्थर अपनी मजबूती, टिकाऊपन और बारीक नक्काशी के लिए जाना जाता है. अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के दौरान इस पत्थर की बड़े स्तर पर आपूर्ति हुई. इसके बाद अयोध्या के एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य विकास कार्यों में भी इस पत्थर का उपयोग किया गया. राम मंदिर परियोजना ने बयाना के इस पारंपरिक पत्थर उद्योग को देशभर में पहचान दिलाई.

यह भी पढ़ेंः Pushkar Mela 2026: पुष्कर मेले में 21 करोड़ के घोड़े का दावा! बेचने नहीं, सिर्फ दिखाने लाए मालिक, ऊंट व्यापारियों के चेहरे मायूस

अब उज्जैन और बिहार के प्रोजेक्ट से उम्मीद
पत्थर कारोबारियों को आने वाले समय में नए बड़े प्रोजेक्ट से कारोबार में फिर तेजी आने की उम्मीद है. जानकारी के अनुसार, उज्जैन के ओंकारेश्वर मंदिर और बिहार के सीता मंदिर प्रोजेक्ट के डिजाइन का काम पूरा हो चुका है. इन परियोजनाओं में बंशी पहाड़पुर के पिंक स्टोन की संभावित मांग को लेकर स्थानीय कारोबारियों की निगाहें टिकी हुई हैं. यदि इन परियोजनाओं में इस पत्थर का उपयोग होता है तो बयाना के पत्थर कारोबार को फिर से नई गति मिल सकती है.

मांग बढ़ी तो खुलेंगे रोजगार के रास्ते
पत्थर व्यवसाई धर्मसिंह चौधरी एवं अंकुर हरजाई ने बताया कि बंशी पहाड़पुर का पत्थर उद्योग क्षेत्र के सैकड़ों लोगों की आजीविका से जुड़ा हुआ है. खनन से लेकर कटाई, तराशने, नक्काशी और परिवहन तक कई स्तरों पर लोगों को रोजगार मिलता है. ऐसे में बड़े धार्मिक और निर्माण प्रोजेक्ट मिलने से न केवल पत्थर कारोबार को मजबूती मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं.

फिलहाल कारोबारियों को नए प्रोजेक्ट शुरू होने और पत्थर की मांग बढ़ने का इंतजार है. राम मंदिर से मिली पहचान के बाद अब उज्जैन और बिहार की परियोजनाओं से बंशी पहाड़पुर के पिंक स्टोन उद्योग को नई संजीवनी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी राजस्थान में वरिष्ठ संवाददाता (कॉरेस्पॉन्डेंट) के रूप में कार्यरत देवेन्द्र सिंह पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 25 वर्षों से निरंतर सक्रिय हैं। जी मीडिया में वे पूर्वी राजस्थान के प्रमुख जिलों—भरतपुर और डीग—का प्रतिनिधित्व करते हैं। बात चाहे मेवात क्षेत्र में बढ़ते अपराध की हो या स्थानीय राजनीति की, देवेन्द्र सिंह हर खबर को निष्पक्षता के साथ ग्राउंड जीरो से कवर करते हैं।राजनीति, अपराध, खेल, पर्यटन, वन्यजीव (वाइल्डलाइफ) और अवैध खनन से जुड़े विषयों पर उनकी गहरी पकड़ है। शहरी निकायों के विकास से लेकर ग्रामीण अंचल की जमीनी समस्याओं तक, वे हर खबर को प्रमुखता से दर्शकों तक पहुँचाते हैं। इसके साथ ही भरतपुर व डीग क्षेत्र में आबकारी (Excise) और माइंस (Mining) सेक्टर से जुड़ी खबरों की भी वे विश्लेषणात्मक रिपोर्टिंग करते हैं।जी मीडिया समूह से जुड़ने से पहले देवेन्द्र सिंह दैनिक भास्कर और प्रमुख समाचार एजेंसी ANI में भी अपनी उत्कृष्ट सेवाएँ दे चुके हैं।
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES