)
अयोध्या के भव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण में अपनी खास पहचान बनाने वाला भरतपुर जिले के बयाना उपखंड स्थित बंशी पहाड़पुर का पिंक स्टोन एक बार फिर चर्चा में है. राम मंदिर निर्माण के दौरान इस पत्थर की देशभर में जबरदस्त मांग रही. मंदिर के मुख्य ढांचे से लेकर बारीक नक्काशी तक में बंशी पहाड़पुर के पत्थर का उपयोग हुआ. इससे क्षेत्र के पत्थर कारोबार को भी नई पहचान और रफ्तार मिली थी.
हालांकि, राम मंदिर निर्माण का प्रमुख कार्य पूरा होने के बाद अब इस पत्थर की मांग में पहले जैसी तेजी नहीं रही है. पत्थर की कीमतें फिलहाल सामान्य बनी हुई हैं, लेकिन मांग घटने का असर कारोबार पर साफ दिखाई देने लगा है. पत्थर व्यवसायी धर्मसिंह चौधरी के अनुसार, वर्तमान में पिंक स्टोन की कीमतों में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन मांग कम होने के कारण कई पत्थर इकाइयां बंद होने की कगार पर पहुंच गई हैं.
संसद भवन से राजस्थान विधानसभा तक बंशी पहाड़पुर के पत्थर की पहचान
बंशी पहाड़पुर का पिंक स्टोन केवल अयोध्या के श्रीराम मंदिर तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की कई महत्वपूर्ण इमारतों और धार्मिक स्थलों के निर्माण में भी इसकी पहचान रही है. दिल्ली के संसद भवन, राजस्थान विधानसभा और इस्कॉन मंदिर सहित देश के कई भव्य मंदिरों और स्थापत्य परियोजनाओं में इस पत्थर के उपयोग का उल्लेख मिलता है. अपनी मजबूती, आकर्षक गुलाबी रंग और बारीक नक्काशी के लिए प्रसिद्ध यह पत्थर भारतीय वास्तुकला में विशेष स्थान रखता है.
राम मंदिर से मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान
बंशी पहाड़पुर का लाल और गुलाबी बलुआ पत्थर अपनी मजबूती, टिकाऊपन और बारीक नक्काशी के लिए जाना जाता है. अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के दौरान इस पत्थर की बड़े स्तर पर आपूर्ति हुई. इसके बाद अयोध्या के एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य विकास कार्यों में भी इस पत्थर का उपयोग किया गया. राम मंदिर परियोजना ने बयाना के इस पारंपरिक पत्थर उद्योग को देशभर में पहचान दिलाई.
अब उज्जैन और बिहार के प्रोजेक्ट से उम्मीद
पत्थर कारोबारियों को आने वाले समय में नए बड़े प्रोजेक्ट से कारोबार में फिर तेजी आने की उम्मीद है. जानकारी के अनुसार, उज्जैन के ओंकारेश्वर मंदिर और बिहार के सीता मंदिर प्रोजेक्ट के डिजाइन का काम पूरा हो चुका है. इन परियोजनाओं में बंशी पहाड़पुर के पिंक स्टोन की संभावित मांग को लेकर स्थानीय कारोबारियों की निगाहें टिकी हुई हैं. यदि इन परियोजनाओं में इस पत्थर का उपयोग होता है तो बयाना के पत्थर कारोबार को फिर से नई गति मिल सकती है.
मांग बढ़ी तो खुलेंगे रोजगार के रास्ते
पत्थर व्यवसाई धर्मसिंह चौधरी एवं अंकुर हरजाई ने बताया कि बंशी पहाड़पुर का पत्थर उद्योग क्षेत्र के सैकड़ों लोगों की आजीविका से जुड़ा हुआ है. खनन से लेकर कटाई, तराशने, नक्काशी और परिवहन तक कई स्तरों पर लोगों को रोजगार मिलता है. ऐसे में बड़े धार्मिक और निर्माण प्रोजेक्ट मिलने से न केवल पत्थर कारोबार को मजबूती मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं.
फिलहाल कारोबारियों को नए प्रोजेक्ट शुरू होने और पत्थर की मांग बढ़ने का इंतजार है. राम मंदिर से मिली पहचान के बाद अब उज्जैन और बिहार की परियोजनाओं से बंशी पहाड़पुर के पिंक स्टोन उद्योग को नई संजीवनी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.