SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड अपडेट: मुख्य आरोपी 'मुकेश फौजी' गिरफ्तार, पुलिस थाने में SP ने की लंबी पूछताछ

Bharatpur News: भरतपुर में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड के मुख्य आरोपी मुकेश फौजी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. मामले में पांच आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके हैं. भौंडा गांव में तनाव के बीच करीब 100 पुलिसकर्मी तैनात हैं. पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है.

Written By देवेंद्र सिंह
Published: Oct 16, 2026, 10:55 AM IST | Updated: Oct 16, 2026, 11:24 AM IST
Image Credit: पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड में मुकेश फौजी पुलिस की गिरफ्त में आया.
Join

Bharatpur News: पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड में भरतपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मामले का मुख्य आरोपी मुकेश फौजी पुलिस के हत्थे चढ़ गया है. गिरफ्तारी के बाद उसे वैर पुलिस थाने लाया गया, जहां देर रात पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा ने उससे पूछताछ की. इस मामले में पुलिस पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. अब मुकेश फौजी से पूछताछ के जरिए वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.

आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी
मुकेश फौजी की गिरफ्तारी से पहले प्रशासन ने उसके घर पर बुलडोजर कार्रवाई के लिए नोटिस जारी किया था. नगर पालिका वैर की ओर से यह नोटिस मुकेश की मां अतरी देवी पत्नी हरज्ञान गुर्जर के नाम पर दर्ज मकान पर चस्पा किया गया. यह मकान नगर पालिका वैर क्षेत्र में स्थित है. प्रशासन की कार्रवाई से पहले ही मुकेश पुलिस की गिरफ्त में आ गया.

पांच आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
भौंडा गांव में पूर्व विधायक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इनमें भागमल गुर्जर, सोनी गुर्जर, बलदेव गुर्जर, शेर सिंह गुर्जर और नावर गांव निवासी कुमर सिंह गुर्जर शामिल हैं. इनमें चार आरोपी भौंडा गांव के रहने वाले हैं. पुलिस ने बलदेव गुर्जर को जयपुर के महेश नगर इलाके से पकड़ा था. अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की बैठक के बाद वैर थानाधिकारी धीरेन्द्र सिंह को निलंबित कर दिया गया था. वहीं, एएसपी प्रेरणा शेखावत और भुसावर सीओ नीरज भारद्वाज को एपीओ किया गया.

गांव में तनाव, करीब 100 पुलिसकर्मी तैनात
हत्या के बाद भौंडा और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल है. सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए वैर, भुसावर, हलैना, खेड़ली मोड़, बयाना और नदबई थानों के करीब 100 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. बताया जा रहा है कि घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण गांव छोड़कर चले गए. कई घर सूने हैं और गांव में कुछ महिलाएं तथा बच्चे ही रह गए हैं.

क्रेशर प्लांट के कार्यालय पर हुआ था हमला
पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की रविवार शाम उनके क्रेशर प्लांट पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी. जानकारी के अनुसार, करीब 90 लोगों ने प्लांट स्थित कार्यालय पर हमला किया था. उस समय वहां 20 से 25 कर्मचारी मौजूद थे. भड़ाना की पत्नी कमलेश ने भी घटना के समय कर्मचारियों के मौके पर होने की जानकारी दी थी.

खनन लीज के रास्ते को लेकर था विवाद
भौंडा गांव के पास अतर सिंह भड़ाना की पत्नी के नाम पर खनन लीज आवंटित थी. करीब दो साल पहले ग्रामीणों ने खनन स्थल तक जाने वाला रास्ता बंद कर दिया था. उनका आरोप था कि यह रास्ता गांव की चरागाह भूमि से होकर गुजरता है. भड़ाना खनन कार्य दोबारा शुरू कराना चाहते थे, ग्रामीण इसका विरोध कर रहे थे. बताया गया कि हाई कोर्ट के आदेश और प्रशासन के सहयोग से काम शुरू कराने की कोशिश की जा रही थी.

राजनीतिक बैठक में कहासुनी की भी चर्चा
27 सितंबर को मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों के सिलसिले में बयाना में भाजपा नेताओं की बैठक हुई थी. इस दौरान अतर सिंह भड़ाना और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम के बीच कहासुनी होने की बात सामने आई थी. भड़ाना की खदान से कुछ दिन पहले चोरी होने और शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी सामने आई. इन घटनाओं और हत्या के बीच किसी संबंध की पुष्टि जांच से ही हो सकेगी.

अतर सिंह भड़ाना 2003 से 2008 तक भाजपा के टिकट पर बयाना विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे थे. मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले भड़ाना की हत्या के बाद खनन लीज और रास्ते का पुराना विवाद फिर चर्चा में है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी राजस्थान में वरिष्ठ संवाददाता (कॉरेस्पॉन्डेंट) के रूप में कार्यरत देवेन्द्र सिंह पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 25 वर्षों से निरंतर सक्रिय हैं। जी मीडिया में वे पूर्वी राजस्थान के प्रमुख जिलों—भरतपुर और डीग—का प्रतिनिधित्व करते हैं। बात चाहे मेवात क्षेत्र में बढ़ते अपराध की हो या स्थानीय राजनीति की, देवेन्द्र सिंह हर खबर को निष्पक्षता के साथ ग्राउंड जीरो से कवर करते हैं।राजनीति, अपराध, खेल, पर्यटन, वन्यजीव (वाइल्डलाइफ) और अवैध खनन से जुड़े विषयों पर उनकी गहरी पकड़ है। शहरी निकायों के विकास से लेकर ग्रामीण अंचल की जमीनी समस्याओं तक, वे हर खबर को प्रमुखता से दर्शकों तक पहुँचाते हैं। इसके साथ ही भरतपुर व डीग क्षेत्र में आबकारी (Excise) और माइंस (Mining) सेक्टर से जुड़ी खबरों की भी वे विश्लेषणात्मक रिपोर्टिंग करते हैं।जी मीडिया समूह से जुड़ने से पहले देवेन्द्र सिंह दैनिक भास्कर और प्रमुख समाचार एजेंसी ANI में भी अपनी उत्कृष्ट सेवाएँ दे चुके हैं।
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES