App

'जनता के सामने गलती स्वीकार करनी चाहिए', बीजेपी की हार के बाद सीएम की चुप्पी पर अशोक गहलोत का तंज

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक अशोक गहलोत ने मीडिया से बातचीत करते हुए राज्य की भाजपा सरकार, मुख्यमंत्री की कार्यशैली, ईवीएम (EVM) की विश्वसनीयता और आगामी लोकसभा-विधानसभा चुनावों को लेकर कई बड़े बयान दिए हैं.

'जनता के सामने गलती स्वीकार करनी चाहिए', बीजेपी की हार के बाद सीएम की चुप्पी पर अशोक गहलोत का तंज
Image Credit: अशोक गहलोत का भाजपा पर तीखा हमला (Photo- वीडियो ग्रैब)

दो दिवसीय प्रवास पर सड़क मार्ग से अशोक अशोक गहलोत सोमवार की देर शाम जोधपुर के सर्किट हाउस पहुंचे. यहां कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के बाद पंचायत राज के परिणामों से उत्साहित अशोक गहलोत ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक अशोक गहलोत ने चुनाव परिणामों के बाद मुख्यमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि नतीजे आए दो-तीन दिन हो गए हैं, लेकिन मुख्यमंत्री जी की तरफ से एक भी कमेंट नहीं आ पाया है. अशोक गहलोत ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे खुद तीन बार मुख्यमंत्री रहते हुए चुनाव हारे हैं, लेकिन हर बार परिणाम आते ही उसी वक्त मीडिया के सामने आकर हार की जिम्मेदारी ली.

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में इतनी नम्रता होनी चाहिए कि जनता के सामने सिर झुकाकर अपनी गलती स्वीकार की जाए और भविष्य में बेहतर काम करने का वादा किया जाए. अशोक गहलोत के अनुसार, इसी विनम्रता के कारण वे तीन बार फिर से जीतकर मुख्यमंत्री बने. उन्होंने वर्तमान मुख्यमंत्री को 'भला आदमी' बताते हुए तंज कसा कि आजकल की राजनीति में न सीनियरिटी का, न अनुभव का और न ही उम्र का कोई लिहाज रखा जाता है.

बीजेपी के घमंड और 'एक साल बनाम पांच साल' के दावों पर हमला

अशोक गहलोत ने भाजपा नेताओं के बयानों को 'अहम और घमंड' से भरा बताया. उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी हार और जनता के भारी आक्रोश के बावजूद भाजपा नेता अपनी गलतियां मानने के बजाय अभी भी घमंड में बयान दे रहे हैं.

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सरकार के उस दावे पर भी निशाना साधा, जिसमें कहा गया था कि एक साल में इतने काम कर दिए, जितना पिछली सरकार पांच साल में नहीं कर पाई. अशोक गहलोत ने कहा कि देश के इतिहास में किसी भी सरकार ने ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं किया. यह अहंकार ही जनता के आक्रोश का कारण बना है, क्योंकि तीन साल के कुशासन में काम रोक दिए गए और जोधपुर सहित प्रदेश भर में बड़ी-बड़ी इमारतें बनकर तैयार हैं, लेकिन काम शुरू नहीं हो पा रहा. उन्होंने दावा किया कि इस हार के साथ ही भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है.

ईवीएम (EVM) हटाकर बैलेट पेपर लाने की मांग

ईवीएम से जुड़े सवालों पर अशोक अशोक गहलोत ने कहा कि आज देश की जनता का मशीनों से विश्वास उठ चुका है और लोग चाहते हैं कि ईवीएम हटाकर फिर से बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाएं. उन्होंने तर्क दिया कि जब अमेरिका और इंग्लैंड जैसे विकसित देश पहले मशीनों का इस्तेमाल करने के बाद वापस बैलेट पेपर पर लौट सकते हैं, तो भारत में ऐसा क्यों नहीं हो सकता?

अशोक गहलोत ने याद दिलाया कि सुप्रीम कोर्ट में भी भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ही ईवीएम के खिलाफ गए थे, जिसके बाद कोर्ट ने माना था कि इसमें छेड़छाड़ (टेंपरिंग) संभव है और वीवीपैट (VVPAT) लगाने का आदेश दिया था. उन्होंने कहा कि जीत या हार से अलग, लोकतंत्र में जनता का विश्वास बहाल करने के लिए इस आशंका का समाधान होना बेहद जरूरी है.

2028 का विधानसभा चुनाव और 'मिशन 25' का लक्ष्य

आगामी चुनावों की रणनीति स्पष्ट करते हुए अशोक गहलोत ने कहा कि जनता ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर जो विश्वास जताया है, उससे साफ है कि राजस्थान में माहौल पूरी तरह बदल चुका है. उन्होंने दावा किया कि कई केंद्रीय मंत्री अपने-अपने क्षेत्रों में हार गए हैं और वे मुंह दिखाने लायक नहीं रहे.

केंद्रीय मंत्री के उस बयान पर कि 2028 में भी हमारी सरकार बनेगी, कांग्रेस 2033 की तैयारी करे. इस पर अशोक गहलोत ने पलटवार करते हुए कहा कि 2028 का राजस्थान विधानसभा चुनाव कांग्रेस निश्चित तौर पर जीतेगी. इसके साथ ही 2029 के लोकसभा चुनाव में राजस्थान से 'मिशन 25' का लक्ष्य लेकर चलेंगे और केंद्र में एनडीए सरकार का सफाया कर इंडिया ब्लॉक की सरकार बनाएंगे.

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तापक्ष बेईमानी से परिसीमन, पुलिस के आतंक और हॉर्स ट्रेडिंग के जरिए लोकतंत्र को कमजोर करना चाहता है, लेकिन जनता अब इनके हर हथकंडे को समझ चुकी है.

रिपोर्ट: राकेश कुमार भरद्वाज

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More