)
एसीसी राइजिंग स्टार एशिया कप में ग्रुप-ए में सभी टीमों ने अपने पूरे मुकाबले खेल लिए हैं. इंडिया ए और पाकिस्तान ए के हाई वोल्टेज मुकाबले के शोर के बीच ग्रुप-ए की दो टीमें सेमीफाइनल में एंट्री मार चुकी हैं. श्रीलंका ए ने ग्रुप स्टेज को 6 प्वाइंट्स के साथ पहले नंबर पर रहते हुए खत्म किया है, जबकि बांग्लादेश ए की टीम दूसरे नंबर पर रही और सेमीफाइनल में एंट्री मारी.
सेमीफाइनल की बात करें तो ग्रुप ए में पहले नंबर वाली टीम का मुकाबला दूसरे ग्रुप की दूसरी टीम से होगा. वहीं, दूसरे नंबर की टीम का मुकाबला ग्रुप-2 की पहली टीम से होगा. ऐसे में भारत अपने आखिरी मुकाबले को यूएई के खिलाफ जीतने में कामयाब होता है तो सेमीफाइनल में श्रीलंका के साथ मुकाबला होगा. लेकिन इस समीकरण में पाकिस्तान को नेपाल के खिलाफ जीतकर अपने पहले स्थान पर कब्जा बनाए रखना होगा.
श्रीलंका ए ने बांग्लादेश ए के खिलाफ एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की. टीम ने बांग्लादेश ए को 7 विकेट से रौंदा. टॉस जीतकर बांग्लादेशी टीम पहले बैटिंग करने उतरी थी. टीम ने 42.5 ओवर खेले, लेकिन बोर्ड पर महज 145 रन ही बनाने में कामयाब रही. सलामी जोड़ी की साझेदारी 55 रन की थी, लेकिन इसके बाद टीम ताश के पत्तों की तरह ढेर होती रही. अगले 100 रन के अंदर टीम ने 8 विकेट खो दिए.
श्रीलंका की तरफ से बॉलिंग और बैटिंग दोनों में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला. टीम के गेंदबाज रविंदु फर्नांडो ने 4 विकेट हासिल किए, जबकि वानुजा साहन ने 3 विकेट निकाले. इनके अलावा, 2 विकेट विजयकांत वियास्कंत ने झटके. वहीं, बैटिंग में भले ही शुरुआत अच्छी नहीं रही. लसिथ क्रूसपुले ने सिनेथ जयवर्धने मिलकर महज 23 रन की पार्टनरशिप कर सके. क्रूसपुले ने निशान मदुष्का के साथ दूसरे विकेट के लिए 38 रन जोड़े. क्रूसपुले ने 27 गेंदों में 29 रन की पारी खेली. इसके बाद निशान मदुष्का ने पवन रत्नायके ने 81 रन की पार्टनरशिप से बाकी कसर पूरी कर दी. इस जीत के साथ ही श्रीलंका ए की टीम ने पहले स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में जदगह पक्की की.