जब मिले दो अशोक… गहलोत-पाठक की मुलाकात से गरमाया सियासी बाजार
बीजेपी के हार्डकोर कार्यकर्ता माने जाने वाले RTI एक्टिविस्ट अशोक पाठक की पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात ने दिवाली बाद सियासी बाजार में कई तरह के कयासों को जन्म दिया है. राजनीति के जानकार इसको दिवाली के बाद की आम राम-श्याम से ज्यादा मान रहे हैं.
दिवाली की राम-श्याम या किसी नए सियासी घटनाक्रम की आहट ?
राजस्थान की राजनीति में इन दिनों एक मुलाकात को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है. मुलाकात भी ऐसी, जिसमें नाम एक, लेकिन राजनीतिक पृष्ठभूमि अलग-अलग. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और RTI एक्टिविस्ट अशोक पाठक की मुलाकात ने सियासी गलियारों में कई सवाल खड़े कर दिए हैं. सिविल लाइंस स्थित अशोक गहलोत के आवास पर हुई इस मुलाकात को लेकर अब राजनीतिक मायने तलाशे जा रहे हैं.
दरअसल, अशोक पाठक को बीजेपी के हार्डकोर कार्यकर्ताओं में गिना जाता रहा है. पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में उन्होंने RTI के जरिए कई कथित घोटालों और अनियमितताओं को उजागर करने में अहम भूमिका निभाई थी. दस्तावेजों के आधार पर सरकारी व्यवस्थाओं और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों को सामने लाने वाले पाठक की सक्रियता लगातार चर्चा में रही है. मौजूदा दौर में भी वे कई मामलों को लेकर सुर्खियों में नजर आ रहे हैं.
ऐसे में उनकी पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात ने राजनीतिक हलकों में उत्सुकता बढ़ा दी है. सवाल ये है कि आखिर दोनों अशोक के बीच हुई इस मुलाकात के मायने क्या हैं ? क्या ये महज दीपावली के मौके पर हुई राम-श्याम थी, जिसमें राजनीतिक और सामाजिक संबंधों के तहत एक-दूसरे से मुलाकात की गई ? या फिर इस मुलाकात के पीछे कोई ऐसा संदेश छिपा है, जिसकी गूंज आने वाले दिनों में राजस्थान की राजनीति में सुनाई दे सकती है ?
राजनीतिक चर्चाओं में एक सवाल ये भी उठ रहा है कि क्या अशोक पाठक भाजपा के भीतर किसी तरह की उपेक्षा महसूस कर रहे हैं ? क्या लंबे समय से संगठन और सरकार के विभिन्न मुद्दों पर सक्रिय रहने वाले पाठक की यह मुलाकात किसी नई राजनीतिक दिशा की ओर संकेत करती है? हालांकि, फिलहाल इस तरह की किसी नाराजगी या राजनीतिक बदलाव की पुष्टि नहीं हुई है.
दूसरी ओर, कांग्रेस की रणनीति को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं. क्या कांग्रेस ऐसे प्रभावशाली लोगों और भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं तक अपनी पहुंच बढ़ाने की कोशिश कर रही है, जिनकी राजनीतिक और सामाजिक सक्रियता का अपना प्रभाव है ? क्या गहलोत की यह मुलाकात किसी व्यापक राजनीतिक रणनीति का हिस्सा हो सकती है ? इन सवालों के जवाब फिलहाल सामने नहीं आए हैं.
लेकिन राजस्थान की राजनीति में छोटी-छोटी मुलाकातें भी कई बार बड़े संदेश दे जाती हैं. खासकर तब, जब मुलाकात ऐसे व्यक्ति से हो, जिसकी पहचान भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता और RTI के जरिए मुद्दों को उजागर करने वाले चेहरे के रूप में रही हो. अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि दोनों अशोक की मुलाकात का सिलसिला यहीं थमेगा या आने वाले दिनों में कोई नया राजनीतिक घटनाक्रम सामने आएगा.