)
मुंबई में अब रॉकेट और हवा में उड़ने वाले पटाखे चलाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है. यह बैन 9 नवंबर से तुरंत लागू होकर 25 नवंबर की रात 11:59 बजे तक जारी रहेगा. पिछले दो दिनों में पटाखों के चलते शहर में आग लगने की कई घटनाएं हुई हैं, जिसे देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने सोमवार को यह बड़ा फैसला लिया है.
BMC कमिश्नर प्राजक्ता लवंगारे-वर्मा ने अर्बन डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (बृहन्मुंबई) की प्रभारी चेयरपर्सन के तौर पर यह आदेश जारी किया है. यह बैन लगाने के लिए डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट, 2005 की धारा 41(A), 26(2), 30 और 34(M) का सहारा लिया है.
इस आदेश को सख्ती से लागू कराने की जिम्मेदारी जोनल पुलिस उपायुक्तों (DCP), BMC के डिविजनल असिस्टेंट कमिश्नरों और फायर ब्रिगेड को दी गई है. इसके अलावा, जनसंपर्क अधिकारी (PRO) को इस फैसले का बड़े स्तर पर प्रचार करने के लिए कहा गया है.
मुंबई में रॉकेट और स्काई शॉट जलाने पर बैन, 25 नवंबर तक आदेश लागू रहेगा #Maharashtra #Mumbai #SkyShots #Cracker | @ShobhnaYadava https://t.co/GIczzLRO7B
— Zee News (@ZeeNews) November 9, 2026
यह बैन BMC की सीमा में आने वाली सभी पब्लिक और प्राइवेट जगहों पर लागू होगा. इसमें रिहायशी इमारतें, छत, बालकनी, आंगन, पार्किंग एरिया, झुग्गी-बस्तियां और बाकी सभी परिसर शामिल हैं.
IMPORTANT: PLEASE TAKE NOTE BMC bans rockets, aerial firecrackers across Mumbai till November 25,2026 after spate of fires. Ban applies to public and private spaces, including terraces, balconies, parking lots and slum areas; order issued under Disaster Management Act. The prohibitory order, issued by additional municipal commissioner Prajakta Lavangare-Verma in her capacity as chairperson (in-charge) of the Urban Disaster Management Authority, Brihanmumbai, came into immediate effect on November 9 and will remain in force until 11.59 pm on November 25.
— Chandivali Citizens Welfare Association (CCWA) (@ChandivaliCCWA) November 9, 2026
जारी किए गए आदेश में साफ कहा गया है कि रॉकेट और हवा में उड़ने वाले पटाखों की जलती हुई चिंगारियां या टुकड़े इमारतों की छतों, बालकनियों, खिड़कियों और दूसरे जलने वाले सामान पर गिर सकते हैं. इससे आग लगने का बड़ा खतरा रहता है.
मुंबई की घनी आबादी, ऊंची-ऊंची इमारतों, भीड़भाड़ वाली झुग्गी-बस्तियों और संकरी गलियों के बीच रिहायशी व कमर्शियल बिल्डिंग्स बिल्कुल सटी हुई हैं. ऐसे में आग लगने की कोई भी घटना लोगों की जान और माल के लिए बड़ा खतरा बन सकती है. बैन की वजह इन्हीं खतरों को बताया गया है.
आदेश में यह भी साफ कर दिया गया है कि रॉकेट और हवा में उड़ने वाले पटाखों को छोड़कर, बाकी पटाखों का इस्तेमाल पहले से बने कानूनों, संबंधित अधिकारियों के आदेशों और कोर्ट के निर्देशों के मुताबिक ही जारी रहेगा.
दरअसल, दिवाली पर लक्ष्मीपूजन की रात मुंबई, ठाणे और भिवंडी में पटाखों की चिंगारी और जलते दीयों के कारण कई जगह आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं. ठाणे के पॉश रहेजा गार्डन परिसर की 17 मंजिला इमारत में आग भड़कने से दहशत फैल गई, जिसे फायर ब्रिगेड और आपदा प्रबंधन दल ने मौके पर पहुंचकर संभाला.
वहीं भिवंडी में तीन जगहों पर आग ने भारी नुकसान पहुंचाया. गणेशनगर में पूजा के दीये से एक बैग की दुकान में आग लगी और देखते ही देखते पूरा सामान जलकर खाक हो गया. दूसरी घटना में, पटाखे की चिंगारी से लकड़ी के बैट बनाने वाले कारखाने में आग लग गई, जिससे मशीनरी, लकड़ी का स्टॉक और पास का एक पेड़ जल गया.
वहीं, गौरीपाड़ा के एक कबाड़ गोदाम में लगी आग पास की चॉल तक जा पहुंची और पहली मंजिल के पांच कमरे जल गए. गनीमत रही कि स्थानीय लोगों ने समय रहते दो परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई. इन घटनाओं ने त्योहार पर सावधानी बरतने की जरूरत फिर दिखा दी है.