SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'इंतजार शास्त्र' के बाद अब 'बजट फाइल्स' से सरकार पर हमला, एक साल बनाम तीन साल के आंकड़ों से उठाए सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 'बजट फाइल्स' के जरिए राजस्थान सरकार की उपलब्धियों और बजट घोषणाओं का हिसाब मांगने की रणनीति अपनाई गई है. सोशल मीडिया पर पहले एपिसोड में गहलोत ने जल जीवन मिशन को मुद्दा बनाते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर निशाना साधा.

Reported By Ashutosh Sharma
Published: Nov 14, 2026, 14:35 IST | Updated: Nov 14, 2026, 14:44 IST
Image Credit: Ashok Gehlot Budget Files
Join

गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 'बजट फाइल्स' के तहत मामला नंबर-01 जारी करते हुए जल जीवन मिशन से जुड़े आंकड़ों की तुलना की. उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार के एक साल के दौरान 13.88 लाख नल कनेक्शन दिए गए, जबकि भाजपा सरकार के तीन साल के कार्यकाल में 12.95 लाख नल कनेक्शन ही हुए हैं. इन आंकड़ों के जरिए गहलोत ने भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली और उपलब्धियों पर सवाल खड़े किए.

'दो साल बनाम पांच साल' पर गहलोत का पलटवार
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 'दो साल बनाम पांच साल' वाले राजनीतिक विमर्श पर पलटवार करते हुए कहा कि सरकार को जल जीवन मिशन के आंकड़ों पर भी जवाब देना चाहिए. गहलोत ने सवाल किया कि जब भाजपा सरकार अपने दो साल के कार्यकाल की तुलना कांग्रेस के पांच साल से कर रही है, तो जल जीवन मिशन में एक साल बनाम तीन साल के आंकड़ों पर जवाब देने से क्यों बच रही है.

गहलोत ने कहा कि जल जीवन मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्ध कराने और प्रत्येक परिवार तक नल से पानी पहुंचाने की महत्वपूर्ण योजना है. ऐसे में इस योजना की प्रगति और उपलब्धियों का आकलन आंकड़ों के आधार पर होना चाहिए. उन्होंने भाजपा सरकार से पूछा कि कांग्रेस सरकार के मुकाबले उसके कार्यकाल में नल कनेक्शन देने की गति क्यों कम दिखाई दे रही है.

'इंतजार शास्त्र' से 'बजट फाइल्स' तक, सरकार को घेरने की रणनीति
अशोक गहलोत इससे पहले 'इंतजार शास्त्र' के जरिए भाजपा सरकार की घोषणाओं और उनके धरातल पर उतरने में हो रही देरी को लेकर सवाल उठाते रहे है.। इस अभियान में उन्होंने सरकार की योजनाओं के इंतजार और जनता को मिल रहे लाभ के बीच अंतर को राजनीतिक मुद्दा बनाया था. अब 'बजट फाइल्स' के जरिए गहलोत ने सरकार के बजट, घोषणाओं और विकास कार्यों की तुलनात्मक समीक्षा का नया सिलसिला शुरू किया है. राजनीतिक तौर पर इन दोनों अभियानों को भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस की आक्रामक रणनीति के रूप में देखा जा रहा है. 'इंतजार शास्त्र' में घोषणाओं के क्रियान्वयन पर सवाल उठाए गए, जबकि 'बजट फाइल्स' में सरकार के कामकाज और उपलब्धियों का आंकड़ों के आधार पर हिसाब मांगा जा रहा है.

भाजपा सरकार की घोषणाओं का हिसाब मांगेंगे गहलोत
गहलोत ने भाजपा सरकार की घोषणाओं और उपलब्धियों पर सवाल उठाने के लिए 'बजट फाइल्स' अभियान शुरू किया है. इसके जरिए कांग्रेस सरकार के कार्यकाल और मौजूदा भाजपा सरकार के कामकाज की तुलनात्मक तस्वीर सामने रखने की रणनीति अपनाई जा रही है.

राजस्थान में जल जीवन मिशन लंबे समय से राजनीतिक बहस का विषय रहा है. ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराने वाली इस योजना की प्रगति को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं. गहलोत ने पहले ही एपिसोड में जल जीवन मिशन के आंकड़ों को सामने रखकर सरकार को चुनौती दी है.अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा सरकार गहलोत द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों पर क्या प्रतिक्रिया देती है और 'बजट फाइल्स' के आगामी एपिसोड में कांग्रेस किन योजनाओं और घोषणाओं को राजनीतिक मुद्दा बनाती है. गहलोत के इस अभियान ने राजस्थान की राजनीति में सरकार के कामकाज और बजट घोषणाओं के हिसाब-किताब को लेकर नई बहस शुरू कर दी है.

ये भी पढ़ें : जयपुर गुंडों के हवाले, 40 से ज्यादा गैंग एक्टिव' प्रताप सिंह खाचरियावास ने भजनलाल सरकार को जमकर घेरा

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

आशुतोष शर्मा वर्ष 2011 से मुख्यधारा की मीडिया में सक्रिय एक वरिष्ठ पत्रकार हैं. डेढ़ दशक से अधिक के अपने समृद्ध पत्रकारिता करियर में उन्होंने इंडिया न्यूज़,ज़ी न्यूज़ और न्यूज़ नेशन जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों के साथ काम किया है. वर्तमान में वे ज़ी राजस्थान न्यूज़ में सीनियर स्पेशल कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत हैं और राजधानी जयपुर से राज्य के महत्वपूर्ण विषयों को कवर कर रहे हैं.उनकी मुख्य विशेषज्ञता राजस्थान की राजनीति,प्रशासनिक फैसलों,चुनाव और जनहित के मुद्दों के साथ-साथ अपराध और कानून-व्यवस्था की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग में है. पुलिस मुख्यालय (PHQ), जयपुर पुलिस कमिश्नरेट और विभिन्न जांच एजेंसियों से जुड़े बड़े व चर्चित मामलों की एक्सक्लूसिव कवरेज उनकी पत्रकारिता की प्रमुख पहचान रही है. ब्रेकअप न्यूज़,गहन राजनीतिक विश्लेषण और एक्सक्लूसिव क्राइम स्टोरीज़ के ज़रिए आशुतोष शर्मा ने राजस्थान मीडिया जगत में अपनी एक विश्वसनीय और प्रभावशाली पहचान बनाई है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES