)
चीनी स्मार्टफोन कंपनी ओप्पो ने पिछले महीने ही भारत में अपनी Find X10 सीरीज को लॉन्च किया है. अब खबर आ रही है कि कंपनी जल्द ही कुछ और नए गैजेट्स बाजार में लाने की तैयारी कर रही है.
ये डिवाइस भारत में कब आएंगे, इस पर अभी पक्का कुछ नहीं कहा जा सकता है. लेकिन उम्मीद है कि इन्हें पहले चीन या कुछ चुनिंदा देशों में पेश किया जाएगा.
टेक की दुनिया के जानकार डिजिटल चैट स्टेशन के मुताबिक इस लिस्ट में एक पॉकेट गिंबल कैमरा, एक बड़ी स्क्रीन वाला फोल्डेबल फोन और एक खास बार फोन शामिल है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ओप्पो का ये नया पॉकेट गिंबल कैमरा साल 2026 के आखिर तक लॉन्च हो सकता है. इसमें 200 मेगापिक्सल का सोनी LYT-901 हैसलब्लैड कैमरा मिल सकता है.
बाजार में इसका सीधा मुकाबला डीजेआई और इंस्टा360 जैसी कंपनियों के कैमरों से होगा. बताया जा रहा है कि इस गिंबल का नाम Fuyao रखा जा सकता है. इसमें तेज काम करने के लिए स्नैपड्रैगन 8 सीरीज का प्रोसेसर दिया जा सकता है.
कंपनी एक सीधे डिजाइन वाले यानी बार फोन पर भी तेजी से काम कर रही है. इसे Reno X के नाम से बाजार में उतारा जा सकता है. इस फोन में दमदार मीडियाटेक डाइमेंसिटी 9000 सीरीज का प्रोसेसर मिलने की उम्मीद है.
कंपनी इस फोन में 6.35 इंच की डिस्प्ले देने वाली है. साथ ही कर्व बहुत पतले होंगे. इस फोन में आपको 8000Mah की बहुत बड़ी बैटरी भी मिल सकती है. अब कैमरे की बात करें तो इसमें 200 मेगापिक्सल के मेन कैमरे के साथ 50 मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड और 200 मेगापिक्सल का टेलीफोटो लेंस भी दिया जा सकता है.
ओप्पो एक नई चौड़ी स्क्रीन वाले फोल्डेबल फोन पर भी काम कर रहा है. इसे Find N7 नाम दिया जा सकता है. इस फोन में लेटेस्ट स्नैपड्रैगन 8 एलीट एक्सट्रीम जेन 6 चिपसेट मिलने की उम्मीद है.
इसकी स्क्रीन मुड़ने पर भी बीच में निशान बहुत कम दिखाई देगा. इसमें भी 200 मेगापिक्सल का गिंबल कैमरा मिल सकता है. माना जा रहा है कि ओप्पो इस फोन के जरिए एप्पल के आने वाले फोल्डेबल फोन और सैमसंग गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 को सीधी टक्कर देगा.
इन तीनों ही नए डिवाइस की लॉन्च डेट को लेकर कंपनी ने अभी तक कोई पक्की जानकारी नहीं दी है. जानकारों का मानना है कि पॉकेट गिंबल कैमरा इस साल के अंत तक आ सकता है.
लेकिन दोनों नए स्मार्टफोन कब तक बाजार में उतरेंगे, इसके लिए थोड़ा इंतजार करना होगा. भारत के कस्टमर्स को भी इन नए गैजेट्स के लॉन्च होने का इंतजार रहेगा.
फिलहाल ये सारी जानकारियां लीक और मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर सामने आई हैं. ओप्पो की तरफ से इन प्रोडक्ट्स या इनके फीचर्स पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. अक्सर कंपनियां लॉन्च से पहले अपने डिवाइस के डिजाइन और फीचर्स में कई बदलाव करती हैं.
ऐसे में इन गैजेट्स की असली तस्वीर तभी साफ होगी जब कंपनी खुद इनका ऐलान करेगी. तब तक ग्राहकों को कंपनी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना चाहिए.