SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मंडप में 'पिता' बनकर उतरी 16 जाट रेजिमेंट, दिया 1.61 लाख का शगुन, इमोशनल हो गए देखने वाले

अलवर के हर्षोली गांव में दिवंगत हवलदार पप्पल सिंह की बेटी प्रीति की शादी में 16 जाट रेजिमेंट के जवान पिता बनकर पहुंचे. रेजिमेंट ने आशीर्वाद के साथ 1.61 लाख रुपये की आर्थिक मदद भी दी.

Written By Zee Rajasthan Web Team
Published: Nov 23, 2026, 13:09 IST | Updated: Nov 23, 2026, 13:11 IST
Image Credit: सैनिक के जाने के बाद भी कायम रहा रेजिमेंट का रिश्ता.
Join

पिता का साया भले ही बेटी के सिर से उठ गया, लेकिन भारतीय सेना की 16 जाट रेजिमेंट ने परिवार से अपना रिश्ता नहीं टूटने दिया. पिता की कमी कोई पूरी नहीं कर सकता, लेकिन बेटी की शादी जैसे खास मौके पर रेजिमेंट के अधिकारी और जवान पिता की तरह आशीर्वाद देने पहुंचे. सेना के जवानों के इस अपनत्व और संवेदनशील पहल ने विवाह समारोह में मौजूद लोगों को भावुक कर दिया. यह मामला राजस्थान के अलवर जिले के हरसौली गांव का है.

दिवंगत सैनिक की बेटी की शादी में पहुंचे रेजिमेंट के जवान
हरसौली गांव में स्वर्गीय हवलदार पप्पल सिंह की बेटी प्रीति का विवाह समारोह आयोजित हुआ. इस मौके पर उनकी पूर्व यूनिट 16 जाट रेजिमेंट के अधिकारी, कनिष्ठ कमीशंड अधिकारी और जवान शामिल हुए. रेजिमेंट के प्रतिनिधियों ने बेटी को आशीर्वाद दिया और परिवार को आर्थिक सहायता भी प्रदान की. जवानों की मौजूदगी ने परिवार को यह अहसास कराया कि सैनिक के जाने के बाद भी उसका सैन्य परिवार उसके अपनों के साथ खड़ा है.

यह भी पढे़ं- तिरंगे में लिपटकर घर पहुंचा RAC जवान: बेटों ने दी मुखाग्नि, अंतिम विदाई रो पड़ा पूरा गांव

शादी के लिए दिए 1.61 लाख रुपये
पिता के निधन के बाद बेटी की शादी की जिम्मेदारी निभा रहे परिवार के लिए सेना की यह पहल बड़ा सहारा बनी. 16 जाट रेजिमेंट की ओर से प्रीति के विवाह के लिए 1 लाख 61 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई. इस दौरान यूनिट की ओर से रोशनी धवल ने दिवंगत हवलदार पप्पल सिंह की पत्नी अनीता देवी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया.

रेजिमेंट के अधिकारियों और जवानों ने परिवार को भरोसा दिलाया कि वे उनके सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े हैं. इस दौरान परिवार और समारोह में मौजूद लोगों ने जवानों के इस अपनत्व की सराहना की.

सैनिक के जाने के बाद भी कायम रहा रेजिमेंट का रिश्ता
हवलदार पप्पल सिंह ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा देश की सेवा में समर्पित किया था. उनके निधन के बाद भी 16 जाट रेजिमेंट ने उनके परिवार से अपना जुड़ाव बनाए रखा. बेटी की शादी में जवानों की मौजूदगी ने दिखाया कि सेना में रिश्ता केवल वर्दी और ड्यूटी तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह एक परिवार की तरह होता है.

सेना की परंपरा ने फिर जीता दिल
रेजिमेंट की इस पहल ने भारतीय सेना की उस परंपरा को सामने रखा, जिसमें सैनिक के साथ उसके परिवार को भी अपना परिवार माना जाता है. पिता की कमी भले ही कोई पूरी नहीं कर सकता, लेकिन 16 जाट रेजिमेंट ने प्रीति को यह भरोसा जरूर दिया कि पिता के जाने के बाद भी उनका सैन्य परिवार उनके साथ है. जवानों का यह स्नेह और सहयोग परिवार के लिए यादगार बन गया.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

ZEENEWS TRENDING STORIES