कोटा में अभी भी नहीं थम रहा प्रसूता की मौत का सिलसिला! मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 1 और मौत, झालावाड़ से रेफर हुई थी महिला
कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में झालावाड़ से रेफर होकर आई प्रसूता पुष्पा बैरवा की सोमवार देर रात मौत हो गई. 27 अक्टूबर को नॉर्मल डिलीवरी के बाद उन्हें अत्यधिक रक्तस्राव हुआ था. किडनी, लिवर और फेफड़ों में गंभीर समस्याएं थीं.
कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान एक और प्रसूता की मौत हो गई. झालावाड़ से रेफर होकर आई पुष्पा बैरवा ने सोमवार देर रात दम तोड़ दिया. महिला की 27 अक्टूबर को झालावाड़ अस्पताल में नॉर्मल डिलीवरी हुई थी. इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी थी. हालत गंभीर होने पर उन्हें कोटा रेफर किया गया था. यहां एसएसबी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था.
नॉर्मल डिलीवरी के बाद होने लगा था रक्तस्राव
जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर को झालावाड़ अस्पताल में पुष्पा बैरवा ने नॉर्मल डिलीवरी के जरिए बच्ची को जन्म दिया था. प्रसव के बाद महिला को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा. इसके साथ ही उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई. जांच और उपचार के दौरान किडनी फेलियर और फेफड़ों में संक्रमण जैसी गंभीर समस्याएं सामने आईं. महिला की हालत गंभीर होने पर उन्हें झालावाड़ से कोटा रेफर किया गया. यहां मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एसएसबी अस्पताल में उनका उपचार शुरू किया गया.
किडनी, लिवर और फेफड़ों पर पड़ा असर
एसएसबी अस्पताल में पुष्पा बैरवा की हालत काफी गंभीर थी. किडनी, लंग्स और लीवर फेलियर के चलते उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था. डॉक्टरों की ओर से उन्हें बचाने के प्रयास किए गए, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद सोमवार देर रात उनकी मौत हो गई.
प्रसव के बाद महिलाओं की मौत का मामला फिर चर्चा में
कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसव के बाद किसी प्रसूता की मौत का यह एक और मामला है. झालावाड़ से रेफर होकर आई पुष्पा बैरवा की मौत के बाद कोटा संभाग में प्रसव के बाद महिलाओं की लगातार हो रही मौतों का मामला एक बार फिर चर्चा में है.