SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

अलवर में विकास कार्यों को मिली रफ्तार: 20 करोड़ की सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास और मालाखेड़ा में रानीखेत एक्सप्रेस का ठहराव शुरू

Alwar Development Works: अलवर जिले को सड़क और रेल कनेक्टिविटी से जुड़ी करीब 21.20 करोड़ रुपये की विकास कार्यों की सौगात मिली है. केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने 20 करोड़ रुपये की 18 किलोमीटर लंबी सड़क का शिलान्यास किया. वहीं मालाखेड़ा रेलवे स्टेशन पर जैसलमेर-काठगोदाम रानीखेत एक्सप्रेस का ठहराव शुरू हुआ.

Written By Aman Singh
Published: Sep 27, 2026, 11:11 PM IST | Updated: Sep 27, 2026, 11:16 PM IST
Image Credit: AI Generated Image
Join

Alwar Development Works: राजस्थान के अलवर जिले को रविवार को सड़क और रेल सुविधाओं से जुड़ी कई बड़ी सौगातें मिलीं. केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव और वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने करीब 21.20 करोड़ रुपये की विभिन्न सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया. वहीं मालाखेड़ा रेलवे स्टेशन पर जैसलमेर-काठगोदाम रानीखेत एक्सप्रेस के ठहराव की शुरुआत भी की गई. इस दौरान ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया.

कुशालगढ़ तिराहे से थैंक्यू बोर्ड तक सड़क का शिलान्यास

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने 20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली करीब 18 किलोमीटर लंबी कुशालगढ़ तिराहे से थैंक्यू बोर्ड तक सड़क का शिलान्यास किया. इसके साथ ही अलवर शहर में 1.20 करोड़ रुपये की लागत से 4 किलोमीटर लंबी प्रतापबंध तिराहा से मांच का तिराहा तक निर्मित सड़क का लोकार्पण किया गया.

इस मौके पर मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि डबल इंजन की सरकार जिले में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर लगातार काम कर रही है. बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत होगा और आमजन के साथ श्रद्धालुओं को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी. उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क से सरिस्का में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों की आय के नए अवसर पैदा होंगे.

सिलीसेढ़ झील को रामसर साइट का दर्जा दिलाने की दिशा में प्रयास

मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि भर्तृहरि धाम, पांडुपोल हनुमान मंदिर और नीलकंठ महादेव मंदिर तक आवागमन को सुगम बनाने के लिए सड़क विकास कार्य किए जा रहे हैं. वहीं सिलीसेढ़ झील को रामसर साइट का दर्जा दिलाने की दिशा में भी प्रयास आगे बढ़ाए जा रहे हैं. मालाखेड़ा रेलवे स्टेशन पर रानीखेत एक्सप्रेस के ठहराव को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी. ट्रेन के ठहराव से मालाखेड़ा और आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अमृत भारत योजना के तहत अलवर, राजगढ़, गोविंदगढ़, खैरथल और खेड़ली रेलवे स्टेशनों के विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार का काम किया जा रहा है. इसके अलावा खैरथल, अलवर और राजगढ़ रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव की सुविधा भी बढ़ाई गई है. उन्होंने कहा कि कर्णपुरा रेलवे स्टेशन को बचाने के साथ वहां नए डबल मंजिला रेलवे स्टेशन का निर्माण भी किया जा रहा है.

पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने सेवा संकल्प यात्रा के तहत बाइक रैली में भी हिस्सा लिया. इसके बाद गुरुनानक वाटिका में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया. वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क, रेल और अन्य आधारभूत विकास कार्यों को गति देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. इन परियोजनाओं से जिले में कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ विकास और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जून 2023 से ज़ी राजस्थान के साथ कार्यरत अमन लगातार अपनी क्रिएटिविटी और प्रोफेशनल स्किल्स के जरिए पाठकों तक तेज, सटीक और भरोसेमंद खबरें पहुंचा रहे हैं. वे उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रहने वाले हैं, अमन ने जौनपुर से ही अपनी इंटरमीडिएट तक की शिक्षा पूरी की. इसके बाद उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया. डिजिटल पत्रकारिता में गहरी समझ, तेज खबर पकड़ने की क्षमता के कारण अमन सिंह एक उभरते हुए और भरोसेमंद मीडिया प्रोफेशनल के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES