SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

अलवर का 'लाल प्याज' बना किसानों का 'लाल सोना', 15 राज्यों में मची लूट

अलवर की पहचान बन चुकी लाल प्याज की फसल इन दिनों मंडियों में पहुंचने लगी है. अलवर की प्याज मंडी में चारों तरफ लाल प्याज के ढेर नजर आ रहे हैं. रोजाना लाखों कट्टों की आवक हो रही है. खास बात यह है कि इस बार किसानों को प्याज के अच्छे भाव मिल रहे हैं, जिससे उनकी मेहनत रंग लाती दिखाई दे रही है.

Written By Zee Rajasthan Web Team
Published: Nov 17, 2026, 13:47 IST | Updated: Nov 17, 2026, 14:27 IST
Image Credit: अलवर मंडी में लाल प्याज की बंपर आवक
Join

मंडी में प्याज की बढ़ती आवक और बेहतर कीमतों ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है. अलवर का ये लाल प्याज किसानों के लिए किसी लाल सोने से कम नहीं है. इसकी मांग बिहार, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल समेत देश के डेढ़ दर्जन के करीब राज्यों में बनी हुई है.

अलवर की प्याज मंडी में इन दिनों लाल प्याज की जमकर खरीद-फरोख्त हो रही है. थोक बाजार में प्याज के भाव करीब 1100 से 1500 रुपये प्रति मन यानी 20 से 25 रुपये प्रति किलो तक चल रहे हैं. किसानों के मुताबिक एक बीघा में औसतन 70 कट्टे प्याज का उत्पादन हो रहा है. मौजूदा भाव के हिसाब से एक बीघा की फसल से करीब एक लाख रुपये की आमदनी हो रही है. वहीं बीज, सिंचाई, खेत की तैयारी, कटाई, लोडिंग और परिवहन सहित अन्य खर्चों पर करीब 50 हजार रुपये तक लागत आती है. ऐसे में किसानों को प्रति बीघा लगभग 50 हजार रुपये तक का मुनाफा मिलने की उम्मीद है. यानी 10 बीघा में प्याज की खेती करने वाले किसान को करीब पांच लाख रुपये तक की शुद्ध कमाई हो सकती है. किसानों का कहना है कि इस बार मिल रहे भाव से वे संतुष्ट हैं और उन्हें अपनी मेहनत का अच्छा प्रतिफल मिल रहा है.

अलवर की लाल प्याज की देशभर में मांग के पीछे इसकी गुणवत्ता और खास स्वाद को बड़ी वजह माना जाता है. व्यापारी और बोलीदाता पप्पू भाई प्रधान के मुताबिक अलवर की लाल प्याज का स्वाद दूसरी जगहों की प्याज से अलग है. यही वजह है कि देश के करीब 15 राज्यों में इसकी सप्लाई हो रही है. फिलहाल मंडी में 1100 से 1500 रुपये प्रति मन तक भाव मिल रहे हैं. इससे किसानों को अच्छा मुनाफा हो रहा है और कारोबार भी बेहतर बना हुआ है.

कुल मिलाकर अलवर की प्याज मंडी में इन दिनों लाल प्याज की चमक देखने को मिल रही है. खेतों से मंडी तक पहुंची किसानों की मेहनत को अच्छे भावों का सहारा मिला है. हालांकि आने वाले दिनों में प्याज के भाव किस दिशा में जाएंगे, यह बाजार में आवक, देशभर से मिलने वाली मांग और मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा. फिलहाल अलवर का लाल सोना किसानों के चेहरों पर खुशी की चमक बिखेर रहा है.

ये भी पढ़ें : 22 की उम्र और जीरो अनुभव ! कोटा के इन दो दोस्तों ने 25 बीघा खेत में किया ऐसा चमत्कार, बड़े-बड़े किसान हैरान

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

ZEENEWS TRENDING STORIES