App

'अपनी किताब में 1984 के सिख दंगों का जिक्र क्यों नहीं किया?' सोनिया गांधी पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का हमला

सोनिया गांधी की किताब पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बड़ा हमला बोला. उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में 1984 के सिख दंगों का जिक्र क्यों नहीं किया? साथ ही कहा कि एसआईआर पर विपक्ष भ्रम फैला रहा है, चुनाव आयोग ने तथ्यों से जवाब दिया है.

'अपनी किताब में 1984 के सिख दंगों का जिक्र क्यों नहीं किया?' सोनिया गांधी पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का हमला
Image Credit: सोनिया गांधी की किताब पर संजय सरावगी का हमला (File-Photo)

बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने चुनाव आयोग, एसआईआर प्रक्रिया और इंडी गठबंधन के नेताओं को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है, न कि कोई राजनीतिक कार्यालय. एसआईआर चुनाव आयोग का अधिकार है और मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए यह प्रक्रिया बेहद जरूरी है. इसके साथ ही उन्होंने कोलकाता में आयोजित होने वाले सामूहिक गीता पाठ कार्यक्रम का स्वागत किया और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब को लेकर भी सवाल उठाए.

इंडी गठबंधन के नेताओं द्वारा चुनाव आयोग से सवाल पूछने के लिए सुप्रीम कोर्ट से अनुमति मांगने के मामले पर संजय सरावगी ने कहा कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है. एसआईआर कराना चुनाव आयोग के अधिकार क्षेत्र में आता है और यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए आवश्यक है. उन्होंने कहा कि बिहार से ही एसआईआर की प्रक्रिया शुरू हुई थी. विपक्ष के नेताओं ने तीन मतदाताओं को सुप्रीम कोर्ट ले जाकर दावा किया था कि उनके नाम एसआईआर की सूची में शामिल नहीं हैं. चुनाव आयोग ने महज 10 मिनट के भीतर स्पष्ट कर दिया कि संबंधित मतदाताओं के नाम उस विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में मौजूद हैं.

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जब से जनता ने इन दलों को नकारना शुरू किया है, तब से हर चुनाव से पहले इंडी गठबंधन के नेताओं के बीच भय का माहौल बन जाता है. उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनाव से पहले बेवजह सवाल खड़े करता है और संवैधानिक संस्थाओं पर संदेह जताने का प्रयास करता है. कोलकाता में आयोजित सामूहिक गीता पाठ कार्यक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय सरावगी ने इसे स्वागत योग्य कदम बताया. उन्होंने कहा कि भगवद्गीता का प्रचार-प्रसार होना चाहिए और इसके संदेश को आज की युवा पीढ़ी तक पहुंचाना बेहद जरूरी है.

उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति, सनातन धर्म और भगवद्गीता में दिए गए विचारों से युवाओं को प्रेरणा मिल सकती है. यदि युवा गीता के संदेशों को समझकर उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करते हैं, तो यह समाज के लिए अच्छी बात होगी. उन्होंने ऐसे आयोजनों को आवश्यक बताते हुए कहा कि देश में इस तरह के कार्यक्रम लगातार होने चाहिए.

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' पर भी संजय सरावगी ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि पता नहीं इस किताब में कितनी सच्चाई है. उन्होंने सवाल उठाया कि सोनिया गांधी को अपनी किताब में 1984 के सिख विरोधी दंगों का भी उल्लेख करना चाहिए था.

सरावगी ने कहा कि वर्ष 1984 में दिल्ली समेत देश के कई अन्य स्थानों पर सिख समुदाय के लोगों का नरसंहार हुआ था. उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना में कांग्रेस के लोग शामिल थे. उनके मुताबिक, सोनिया गांधी को अपनी किताब में इस घटना और उससे जुड़े सवालों पर भी बात करनी चाहिए थी.

इनपुट: आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More