अलवर में 22 में से 17 ई-बसें डिपो में खड़ीं, सड़क पर सिर्फ 5, आखिर कब कर सकेगें सफर ?
जरा सोचिए, आप सुबह दफ्तर या जरूरी काम के लिए घर से निकलें और स्टॉप पर खड़े होकर उस हाईटेक ई-बस का इंतजार करें, जिसके लिए बड़े-बड़े दावे किए गए थे. लेकिन आपको ये तक पता न हो कि बस कब आएगी और कब निकलेगी. अलवर शहर के आम यात्रियों की यही रोज की कहानी बन गई है. शहर को प्रदूषण मुक्त और आधुनिक परिवहन सुविधा देने का सपना फिलहाल नगर निगम की लचर प्लानिंग के कारण डिपो में ही अटका हुआ है.
बिना ग्राउंड सर्वे के 100 बसों का सपना, फिर 50 पर सिमटा प्लान
अलवर के डिपो में अब तक 22 ई-बसें पहुंच चुकी हैं, लेकिन सड़कों पर सिर्फ 5 बसें ही नजर आ रही हैं. बाकी 17 नई-नवेली ई-बसें डिपो में खड़ी होकर अपने चलने का इंतजार कर रही हैं.योजना की शुरुआत से ही नगर निगम की तैयारियों में तालमेल की कमी साफ दिखती रही. बिना किसी ठोस ग्राउंड सर्वे और ये जाने कि शहर में यात्री भार कितना है, निगम ने पहले 100 ई-बसों की डिमांड भेज दी. बाद में जब जमीनी हकीकत और संचालन की चुनौतियां सामने आईं, तो कदम पीछे खींचते हुए इस संख्या को 50 बसों तक सीमित करना पड़ा.
18 अगस्त को पहली खेप में 5 ई-बसें अलवर पहुंची थीं. बीते तीन महीनों में यह काफिला बढ़कर 22 बसों तक पहुंच गया, लेकिन निगम आज भी इन्हें चलाने का कोई ठोस रोडमैप नहीं बना सका है. फिलहाल बगड़ तिराहे से प्रतापबंध रूट पर सिर्फ 1 बस, जबकि उमरैण और चिकानी रूट पर 2-2 बसें ही चल रही हैं.
हाईटेक दावे अधूरे : न डिजिटल स्क्रीन लगी, न मिला टाइम-टेबल
यात्रियों के सफर को आसान बनाने के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, भगत सिंह सर्किल, कालीमोरी और अनाज मंडी मोड़ पर डिजिटल स्क्रीन लगनी थीं, ताकि लोगों को बस की लाइव लोकेशन और टाइमिंग पता चल सके. लेकिन ये स्क्रीन आज तक नहीं लग पाई हैं. इतना ही नहीं, तय रूटों के स्टॉप पर न तो साइन बोर्ड लगे हैं और न ही क्यूआर कोड, जिन्हें स्कैन कर यात्री रूट की जानकारी ले सकें. नगर निगम की वेबसाइट पर भी कोई शेड्यूल अपडेट नहीं है. रूटों पर पसरे अतिक्रमण को हटाने में भी सुस्ती दिख रही है.
यात्रियों की जेब पर भारी, मजबूरी में कर रहे सफर
रोड पर चल रहीं 5 बसों में भी यात्रियों की संख्या उम्मीद से काफी कम है. सफर करने वाले लोगों का कहना है कि एक तो बस का किराया ज्यादा है, ऊपर से आने-जाने का कोई समय तय नहीं है. ऐसे में रोजमर्रा के काम पर जाने वाले लोग इन पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं. वहीं, महिलाओं को भी राजस्थान रोडवेज के मुकाबले कम किराया छूट मिल रही है, जिससे वे भी इन बसों की तरफ आकर्षित नहीं हो पा रही हैं. ई-बस के चालक कासम खान और परिचालक ने भी इस जमीनी हकीकत की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि फिलहाल सिर्फ 5 बसें ही चल रही हैं (2 चिकानी, 2 उमरैण और 1 प्रतापबंध) और किराया अधिक होने की वजह से बसों को पर्याप्त यात्री नहीं मिल पा रहे हैं.
हर किलोमीटर पर निगम की जेब से जा रहे 39 रुपए
यह अव्यवस्था नगर निगम के खजाने पर भी भारी पड़ रही है. एक ई-बस को चलाने पर प्रति किलोमीटर करीब 61 रुपए का खर्च आता है. इसमें केंद्र सरकार 22 रुपए प्रति किलोमीटर की सब्सिडी देती है, जबकि बाकी के 39 रुपए प्रति किलोमीटर का भार नगर निगम को खुद उठाना पड़ रहा है. ऐसे में जब तक बसों की संख्या और यात्री भार नहीं बढ़ेगा, यह योजना निगम के लिए आर्थिक चुनौती बनी रहेगी.
अब नए रूटों की तैयारी, लेकिन बड़ा सवाल कायम
लंबे इंतजार के बाद अब नगर निगम ने बसों के फेरे और नए रूट बढ़ाने की कवायद शुरू की है. नगर निगम की ई-बस प्रभारी नोहिन खानम ने बताया कि नए रूटों का प्लान तैयार किया जा रहा है और जल्द ही इन पर बसें शुरू होंगी.
पुराने रूटों पर बढ़ेंगी बसें : प्रतापबंध रूट पर 3, जबकि उमरैण और चिकानी रूट पर 4-4 बसें चलाने की तैयारी है.
3 नए रूट : वैशाली नगर से अकबरपुर, सूर्य नगर से डबल फाटक और हनुमान सर्किल से दादर तक 2-2 नई बसें चलाने का प्लान है.
फिलहाल अलवर की जनता के सामने बड़ा सवाल यही है कि जब 22 बसें आ चुकी थीं, तो पहले से पूरी व्यवस्था क्यों नहीं की गई ? आखिर कब तक 17 बसें डिपो में खड़ी रहेंगी और कब शहरवासियों को एक भरोसेमंद, सस्ता और समयबद्ध सफर नसीब होगा ?
रिपोर्टर- जुगल किशोर गांधी
ये भी पढ़ें : मैं अलवर हूं... 251 साल का ऐतिहासिक सफर! वक्त बदला दौर बदले, लेकिन नहीं बदली मेरी पहचान